उत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरेंकांवड़ यात्रा 2026

हरिद्वार में उमड़ा आस्था का महासैलाब: कांवड़ मेले के दूसरे दिन 14.55 लाख शिवभक्त गंगाजल लेकर हुए रवाना,, अब तक 25.10 लाख कांवड़िए भर चुके हैं गंगाजल, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट

हरिद्वार में उमड़ा आस्था का महासैलाब: कांवड़ मेले के दूसरे दिन 14.55 लाख शिवभक्त गंगाजल लेकर हुए रवाना,,

अब तक 25.10 लाख कांवड़िए भर चुके हैं गंगाजल, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट

हरिद्वार, 31 जुलाई। धर्मनगरी हरिद्वार में कांवड़ मेला-2026 के दूसरे दिन आस्था अपने चरम पर दिखाई दी। हर की पैड़ी सहित सभी प्रमुख गंगा घाटों और कांवड़ मार्गों पर शिवभक्तों का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ पड़ा। ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से पूरा हरिद्वार शिवमय नजर आया। लाखों श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से मां गंगा का पूजन कर पवित्र गंगाजल भरा और अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बावजूद जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने बेहतर समन्वय के साथ व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखा।

मेला कंट्रोल रूम में स्थापित पुलिस कंट्रोल रूम से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कांवड़ मेले के दूसरे दिन 14 लाख 55 हजार शिवभक्त हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर विभिन्न राज्यों के लिए रवाना हुए। यात्रा शुरू होने के बाद से अब तक कुल 25 लाख 10 हजार शिवभक्त गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान कर चुके हैं। लगातार बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया है।

जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के अधिकारी लगातार मेले की प्रत्येक गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं। प्रमुख स्नान घाटों, कांवड़ पटरी मार्गों, राष्ट्रीय राजमार्ग, संवेदनशील क्षेत्रों तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन निगरानी और कंट्रोल रूम के माध्यम से पूरे मेले की पल-पल की मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिकित्सा शिविर संचालित किए जा रहे हैं। नगर निगम की टीमें लगातार सफाई अभियान में जुटी हुई हैं, जबकि पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, विश्राम स्थल और आपातकालीन सेवाओं को भी सुचारु रूप से संचालित किया जा रहा है। विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी चौबीसों घंटे ड्यूटी पर तैनात रहकर शिवभक्तों को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराने में लगे हैं।

प्रशासन ने सभी शिवभक्तों से अपील की है कि वे निर्धारित कांवड़ मार्गों का ही उपयोग करें, यातायात नियमों का पालन करें तथा पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण रूप से अनुपालन करें। साथ ही स्वच्छता बनाए रखने, अफवाहों से बचने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कंट्रोल रूम या ड्यूटी पर मौजूद अधिकारियों को सूचना देने का भी आग्रह किया गया है।

हरिद्वार में दिन-प्रतिदिन बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या यह संकेत दे रही है कि इस वर्ष कांवड़ यात्रा नए रिकॉर्ड की ओर बढ़ रही है। प्रशासन का दावा है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और निर्बाध यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम पूरी सतर्कता और समर्पण के साथ किए गए हैं, ताकि आस्था का यह महापर्व शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

Related Articles

Back to top button