उत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरें

कांवड़ यात्रा अंतिम चरण में पहुंची, डाक कांवड़ियों का सैलाब; गंगा जल लेने हरिद्वार उमड़ा लाखों शिवभक्तों का रेला,, डीएम मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने जीरो ग्राउंड पर संभाला मोर्चा, मोतीचूर तक हाईवे का किया निरीक्षण; भीड़, ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश,, शंकराचार्य चौक के स्वास्थ्य कैंप का भी लिया जायजा, घायल और बीमार कांवड़ियों को तत्काल उपचार देने के निर्देश; बैरागी कैंप, दक्ष द्वीप और विभिन्न पार्किंग स्थलों पर वाहनों की आवाजाही को किया गया व्यवस्थित

कांवड़ यात्रा अंतिम चरण में पहुंची, डाक कांवड़ियों का सैलाब; गंगा जल लेने हरिद्वार उमड़ा लाखों शिवभक्तों का रेला,,

डीएम मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने जीरो ग्राउंड पर संभाला मोर्चा, मोतीचूर तक हाईवे का किया निरीक्षण; भीड़, ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश,,

शंकराचार्य चौक के स्वास्थ्य कैंप का भी लिया जायजा, घायल और बीमार कांवड़ियों को तत्काल उपचार देने के निर्देश; बैरागी कैंप, दक्ष द्वीप और विभिन्न पार्किंग स्थलों पर वाहनों की आवाजाही को किया गया व्यवस्थित

हरिद्वार, 08 अगस्त 2026। कांवड़ यात्रा अपने अंतिम और सबसे महत्वपूर्ण चरण में पहुंच चुकी है। हरिद्वार में डाक कांवड़ियों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। लाखों की संख्या में शिवभक्त गंगा तटों पर पहुंचकर पवित्र गंगाजल उठा रहे हैं और अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हो रहे हैं। डाक कांवड़ियों की बढ़ती संख्या के बीच जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर पूरी ताकत झोंक दी है।

कांवड़ यात्रा के अंतिम चरण में व्यवस्थाओं को परखने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर स्वयं जीरो ग्राउंड पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर भीड़ की स्थिति, यातायात संचालन, पार्किंग व्यवस्था और कांवड़ मार्ग की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मोतीचूर तक हाईवे का निरीक्षण करते हुए डाक कांवड़ियों की बढ़ती भीड़ और वाहनों के दबाव का जायजा लिया।

हाईवे से पार्किंग तक डीएम ने परखी व्यवस्थाएं

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि डाक कांवड़ियों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए पार्किंग स्थलों पर मूलभूत सुविधाओं को हर हाल में मजबूत रखा जाए। उन्होंने पार्किंग क्षेत्रों में पर्याप्त विद्युत व्यवस्था, स्वच्छ शौचालय और पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डीएम ने राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि हाईवे पर भारी वाहनों के बढ़ते दबाव और बारिश की संभावना को देखते हुए विशेष सतर्कता बरती जाए। रात्रि के समय पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही बारिश के कारण जिन स्थानों पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है, वहां पानी की निकासी के लिए पहले से समुचित इंतजाम किए जाएं।उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कांवड़ यात्रा के अंतिम चरण में किसी भी स्तर पर लापरवाही की गुंजाइश नहीं है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ संवेदनशीलता और जिम्मेदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

भीड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल, ट्रैफिक पर लगातार निगरानी

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भीड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल और आवश्यक संसाधनों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए कांवड़ मार्ग पर लगातार निगरानी रखी जाए और यातायात को व्यवस्थित तरीके से संचालित किया जाए।

डाक कांवड़ियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था प्रशासन के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है। ऐसे में अधिकारियों को संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने और आवश्यकता के अनुसार यातायात को डायवर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।

शंकराचार्य चौक के स्वास्थ्य कैंप में पहुंचे डीएम

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी मयूर दीक्षित शंकराचार्य चौक पर संचालित स्वास्थ्य कैंप में भी पहुंचे। उन्होंने वहां उपचार करा रहे कांवड़ियों से बातचीत कर स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। डीएम ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और चिकित्सकों को निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान चोट लगने, थकान या अन्य स्वास्थ्य समस्या के कारण कैंप में पहुंचने वाले शिवभक्तों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जाए।

उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैदल और वाहनों के माध्यम से लंबी दूरी तय कर रहे हैं। ऐसे में स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए। स्वास्थ्य कैंपों में आवश्यक दवाइयां और चिकित्सा सुविधाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखी जाएं।

पार्किंग व्यवस्था पर एसएसपी की विशेष नजर

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि 05 अगस्त से भारी वाहनों और टू-व्हीलर वाहनों का आवागमन लगातार जारी है। यातायात के दबाव को देखते हुए वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों की ओर भेजा जा रहा है।

उन्होंने बताया कि भारी वाहनों को बैरागी कैंप और दक्ष द्वीप की ओर भेजा जा रहा है, जबकि टू-व्हीलर वाहनों के लिए गड्ढा पार्किंग, दीनदयाल पार्किंग, रोड़ीबेलवाला और पंतदीप पार्किंग का इस्तेमाल किया जा रहा है। पार्किंग स्थलों पर वाहनों के प्रवेश और निकासी को व्यवस्थित रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

एसएसपी ने पुलिस बल, सुरक्षा कर्मियों और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के अंतिम चरण में भी सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करें। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात का सुचारू संचालन, भीड़ का प्रभावी प्रबंधन और पार्किंग व्यवस्था को हर हाल में व्यवस्थित रखा जाए।

प्रशासन की श्रद्धालुओं से अपील—निर्धारित पार्किंग में ही वाहन खड़ा करें

जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने शिवभक्तों से अपील की है कि वे प्रशासन की ओर से जारी यातायात व्यवस्था, रूट डायवर्जन और अन्य दिशा-निर्देशों का पालन करें। श्रद्धालु अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें और कांवड़ मार्ग पर अनावश्यक रूप से वाहन न रोकें।

अधिकारियों का कहना है कि कांवड़ यात्रा के अंतिम चरण में भीड़ और वाहनों का दबाव तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में श्रद्धालुओं का सहयोग व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में बेहद महत्वपूर्ण है। प्रशासन का लक्ष्य है कि हर शिवभक्त सुरक्षित तरीके से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो और कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न हो। निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, एडिशनल एसपी रेनू लोहानी, सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल, सुरक्षा कर्मी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button