उत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरें

भीमावाला में बारिश से बेघर परिवार के लिए ‘फरिश्ता’ बना उत्तराखंड वक्फ बोर्ड,, वक्फ बोर्ड अध्यक्ष शादाब शम्स ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार को सौंपी ₹51 हजार की आर्थिक सहायता,

भीमावाला में बारिश से बेघर परिवार के लिए ‘फरिश्ता’ बना उत्तराखंड वक्फ बोर्ड,,

वक्फ बोर्ड अध्यक्ष शादाब शम्स ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार को सौंपी ₹51 हजार की आर्थिक सहायता,

देहरादून। भारी बारिश के बीच ग्राम पंचायत भीमावाला में एक गरीब परिवार का मकान गिरने से परिवार के सामने सिर छिपाने और जीवन-यापन का गंभीर संकट खड़ा हो गया। विपदा की इस घड़ी में उत्तराखंड वक्फ बोर्ड पीड़ित परिवार के लिए मददगार बनकर सामने आया। वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष शादाब शम्स ने मौके पर पहुंचकर परिवार से मुलाकात की और ₹51 हजार की आर्थिक सहायता का चेक सौंपा।

जानकारी के मुताबिक कुछ दिन पूर्व भीमावाला क्षेत्र में हुई भारी वर्षा के कारण एक गरीब परिवार का मकान अचानक क्षतिग्रस्त होकर गिर गया था। मकान गिरने के बाद परिवार के सामने रहने की समस्या खड़ी हो गई। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिवार के लिए दोबारा घर खड़ा करना बेहद मुश्किल था।

घटना की जानकारी भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा, जिला देहरादून ग्रामीण के अध्यक्ष खालिद मंसूरी को मिली। उन्होंने तत्काल पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनकी स्थिति जानी। परिवार की परेशानी को देखते हुए मंसूरी ने पूरे मामले की जानकारी उत्तराखंड वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष शादाब शम्स को दी और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

खालिद मंसूरी के आग्रह पर शादाब शम्स ने परिवार की मदद का आश्वासन दिया था। इसी क्रम में शादाब शम्स स्वयं भीमावाला पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनकी परेशानी जानी। इसके बाद उन्होंने परिवार को 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता का चेक सौंपा।

मुसीबत की घड़ी में मदद से परिवार को मिली राहत

आर्थिक सहायता मिलने के बाद पीड़ित परिवार ने वक्फ बोर्ड अध्यक्ष शादाब शम्स और खालिद मंसूरी का आभार जताया। परिवार के लिए यह सहायता ऐसे समय में पहुंची है, जब बारिश के कारण उनका आशियाना छिन गया था और रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो गई थी।

इस दौरान शादाब शम्स ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के समय जरूरतमंद परिवारों की मदद करना सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा होना और उन्हें हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराना जरूरी है।

कार्यक्रम के दौरान विधायक मुन्ना सिंह चौहान, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय गुप्ता, भाजपा उत्तराखंड के प्रवक्ता नवीन ठाकुर, अल्पसंख्यक मोर्चा जिला देहरादून ग्रामीण अध्यक्ष खालिद मंसूरी, हरीश हैरी, सभासद धीरेन्द्र पटवाल, गुलफाम शेख, अमीर कुरैशी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

बारिश से अपना आशियाना गंवा चुके परिवार के लिए ₹51 हजार की यह सहायता भले ही छोटी दिखाई दे, लेकिन मुश्किल वक्त में मिला यह सहयोग परिवार के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आया है। इस पहल ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि आपदा और विपदा की घड़ी में जरूरतमंदों की मदद ही सबसे बड़ी इंसानियत है।

Related Articles

Back to top button