अपीलअलर्टउत्तर प्रदेशउत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरेंकांवड़ यात्रा 2026

कांवड़ मेला सकुशल संपन्न, डीएम-एसएसपी ने हरकी पैड़ी पर मां गंगा का पूजन कर दक्षेश्वर महादेव का किया जलाभिषेक,, 4.50 करोड़ से अधिक शिवभक्तों ने उठाया गंगाजल, 2 लाख से ज्यादा कांवड़ियों को मिला निशुल्क उपचार; डीएम ने पुलिस, प्रशासन, संत समाज, मीडिया और हरिद्वार की जनता का जताया आभार

कांवड़ मेला सकुशल संपन्न, डीएम-एसएसपी ने हरकी पैड़ी पर मां गंगा का पूजन कर दक्षेश्वर महादेव का किया जलाभिषेक,,

4.50 करोड़ से अधिक शिवभक्तों ने उठाया गंगाजल, 2 लाख से ज्यादा कांवड़ियों को मिला निशुल्क उपचार; डीएम ने पुलिस, प्रशासन, संत समाज, मीडिया और हरिद्वार की जनता का जताया आभार

हरिद्वार, 11 अगस्त 2026।
धार्मिक नगरी हरिद्वार में 30 जुलाई से शुरू हुआ कांवड़ मेला-2026 मंगलवार को शिवरात्रि के पावन अवसर पर सकुशल, निर्विघ्न और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। विशाल कांवड़ यात्रा के सफल समापन के बाद जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने हरकी पैड़ी पहुंचकर मां गंगा की पूजा-अर्चना की। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने हरकी पैड़ी से पवित्र गंगाजल लेकर कनखल स्थित प्रसिद्ध दक्षेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान दक्षेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया।

कांवड़ यात्रा के दौरान करोड़ों शिवभक्तों की भारी भीड़ के बावजूद प्रशासन और पुलिस द्वारा सुरक्षा, यातायात, भीड़ नियंत्रण, स्वास्थ्य, स्वच्छता तथा अन्य व्यवस्थाओं को लगातार प्रभावी बनाए रखा गया। जिला प्रशासन के अनुसार इस वर्ष 4 करोड़ 50 लाख से अधिक कांवड़िए हरिद्वार पहुंचे और पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।

मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सभी विभागों ने किया बेहतर समन्वय

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कांवड़ यात्रा के सफल आयोजन के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में शासन और प्रशासन द्वारा की गई तैयारियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी वाले धार्मिक आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी विभागों, सुरक्षा एजेंसियों और संबंधित संस्थाओं ने आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। डीएम ने जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, जिला स्तरीय अधिकारियों और कर्मचारियों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिन-रात पूरी तत्परता और जिम्मेदारी के साथ व्यवस्थाओं को संभाला।

पुलिस ने संभाली सुरक्षा और यातायात की कमान

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस ने कांवड़ मेले के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात, रूट डायवर्जन और भीड़ प्रबंधन की जिम्मेदारी संभाली। भारी संख्या में कांवड़ियों के आवागमन के बावजूद प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था को नियंत्रित रखने के लिए व्यापक स्तर पर रूट डायवर्जन लागू किए गए। पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बलों के जवानों ने कांवड़ मार्गों, घाटों, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर लगातार ड्यूटी की। वहीं जल पुलिस ने गंगा घाटों और नदी क्षेत्र में निगरानी रखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। डीएम मयूर दीक्षित ने एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के नेतृत्व में पुलिस द्वारा की गई व्यवस्थाओं की विशेष सराहना की।

स्वास्थ्य विभाग ने 2 लाख से ज्यादा शिवभक्तों का किया निशुल्क उपचार

कांवड़ यात्रा के दौरान स्वास्थ्य विभाग ने भी व्यापक स्तर पर चिकित्सा व्यवस्थाएं कीं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह के नेतृत्व में विभिन्न चिकित्सा शिविरों और अन्य स्थानों पर शिवभक्तों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। प्रशासन के अनुसार कांवड़ यात्रा के दौरान 2 लाख से अधिक शिवभक्तों का निशुल्क इलाज किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने दिन-रात शिवभक्तों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई।

स्वच्छता व्यवस्था में पर्यावरण मित्रों की अहम भूमिका

करोड़ों श्रद्धालुओं के आवागमन के बीच हरिद्वार में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखना भी प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती थी। डीएम ने पर्यावरण मित्रों और सफाई कर्मियों की विशेष सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने लगातार दिन-रात काम करते हुए कांवड़ यात्रा मार्ग, पार्किंग स्थलों, घाटों और प्रमुख स्थानों पर सफाई व्यवस्था बनाए रखी। कांवड़ मेले के बाद भी मेला क्षेत्र और कांवड़ पटरी मार्गों पर एक सप्ताह का विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए मुख्य विकास अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है।

मीडिया, संत समाज, स्वयंसेवी संस्थाओं और व्यापारियों का भी जताया आभार

जिलाधिकारी ने कांवड़ यात्रा के दौरान मीडिया की भूमिका की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रशासन की व्यवस्थाओं, आवश्यक सूचनाओं, यातायात और सुरक्षा संबंधी एडवाइजरी को श्रद्धालुओं और आमजन तक पहुंचाने में मीडिया ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।इसके साथ ही स्वयंसेवी संगठनों, धार्मिक संस्थाओं, साधु-संतों और सामाजिक संस्थाओं द्वारा कांवड़ियों के लिए जल, भोजन, चिकित्सा और विश्राम जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए भी डीएम ने आभार व्यक्त किया।हरिद्वार के व्यापारियों और स्थानीय जनता की भूमिका को भी उन्होंने महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों और व्यापारिक समुदाय ने धैर्य, संयम और सहयोग का परिचय देते हुए प्रशासन का साथ दिया।

डीएम-एसएसपी को संतों और श्री गंगा सभा ने किया सम्मानित

कांवड़ मेला सकुशल संपन्न होने के बाद श्री गंगा सभा के अध्यक्ष/राज्य मंत्री नितिन गौतम और अन्य पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया।इसके बाद दक्षेश्वर महादेव मंदिर में श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के सचिव महंत रविन्द्र पुरी जी महाराज ने दोनों अधिकारियों को अंगवस्त्र और पटका पहनाकर सम्मानित किया। वहीं निरंजनी अखाड़े के श्रीमहंत रविंद्र पुरी ने भी कांवड़ मेले के सफल आयोजन के लिए डीएम और एसएसपी को माला पहनाकर तथा स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया।

आगामी कुंभ की तैयारियों में काम आएगा कांवड़ मेले का अनुभव

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल प्रशासन का आयोजन नहीं, बल्कि पुलिस, प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, संत समाज, स्वयंसेवी संस्थाओं, व्यापारियों, मीडिया और आम जनता के सामूहिक सहयोग का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि इस वर्ष कांवड़ मेले में क्राउड मैनेजमेंट, यातायात नियंत्रण और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर जो अनुभव प्राप्त हुए हैं, उनका उपयोग आगामी कुंभ मेले की तैयारियों और प्रबंधन में किया जाएगा। कांवड़ यात्रा के सफल समापन के बाद डीएम और एसएसपी द्वारा मां गंगा का पूजन और दक्षेश्वर महादेव का जलाभिषेक हरिद्वार की धार्मिक परंपरा और प्रशासनिक जिम्मेदारी के सफल निर्वहन का प्रतीक बना। इस दौरान एसपी ट्रैफिक निशा यादव, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, उप जिलाधिकारी योगेश मेहरा, सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी सहित वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button