अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस पर ‘सशक्त युवा, सशक्त भारत’ अभियान का आगाज,, सचिव सिमरनजीत कौर की अगुवाई में युवाओं को विधिक अधिकारों की जानकारी, ट्रेनी एसआई से लेकर युवा अधिवक्ताओं और जेल में बंद युवाओं तक हुआ संवाद

अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस पर ‘सशक्त युवा, सशक्त भारत’ अभियान का आगाज,,
सचिव सिमरनजीत कौर की अगुवाई में युवाओं को विधिक अधिकारों की जानकारी, ट्रेनी एसआई से लेकर युवा अधिवक्ताओं और जेल में बंद युवाओं तक हुआ संवाद
हरिद्वार। अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर 12 अगस्त 2026 को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार की ओर से ‘सशक्त युवा, सशक्त भारत’ अभियान का आगाज किया गया। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के निर्देश तथा माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार श्री नरेंद्र दत्त के आदेश पर जनपद में युवाओं को कानूनी अधिकारों, कर्तव्यों और निःशुल्क विधिक सहायता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार श्रीमती सिमरनजीत कौर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
ट्रेनी एसआई के साथ हुआ युवा संवाद
अभियान के तहत जीआरपी मुख्यालय रानीपुर हरिद्वार में सचिव/सिविल जज (सीनियर डिविजन) जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती सिमरनजीत कौर ने उत्तराखंड पुलिस के ट्रेनी एसआई के साथ युवा संवाद किया। संवाद के दौरान नए आपराधिक कानून बीएनएस-2023 एवं बीएनएसएस-2023 के विभिन्न कानूनी पहलुओं को प्रश्नोत्तर के माध्यम से विस्तारपूर्वक समझाया गया।
डिप्टी एलएडीसी श्री रमण कुमार सैनी ने ट्रेनी एसआई को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यों तथा पात्र व्यक्तियों को उपलब्ध कराई जाने वाली निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी दी। साथ ही नालसा जागृति योजना के अंतर्गत अंतिम पंक्ति में खड़े जरूरतमंद व्यक्ति तक कानूनी सहायता पहुंचाने के लिए देशभर में लागू टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी दी गई। संवाद के दौरान नवचयनित युवा एसआई द्वारा रखी गई समस्याओं का भी समाधान किया गया।
नेहरू युवा केंद्र में विधिक सहायता हेल्प डेस्क का शुभारंभ
इसी क्रम में नेहरू युवा केंद्र रानीपुर मोड़ हरिद्वार परिसर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा स्थापित विधिक सहायता हेल्प डेस्क का शुभारंभ सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं अध्यक्ष नेहरू युवा केंद्र श्री पदम प्रकाश शर्मा ने फीता काटकर किया।
यहां उपस्थित युवाओं को संविधान में उल्लिखित मौलिक अधिकारों, मूल कर्तव्यों और साइबर अपराधों के संबंध में जागरूक किया गया। सचिव नेहरू युवा केंद्र श्री सुखबीर सिंह ने कहा कि हेल्प डेस्क स्थापित होने से आमजन और युवाओं को निःशुल्क कानूनी सहायता तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सेवाओं की जानकारी आसानी से मिल सकेगी। सचिव श्रीमती सिमरनजीत कौर ने हेल्प डेस्क के लिए लीगल अधिवक्ता एवं पीएलवी की ड्यूटी भी निर्धारित की, जिससे वहां आने वाले छात्र-छात्राओं और युवाओं को लाभ मिल सके।
जिला कारागार में भी युवाओं से संवाद
जेल समीक्षा दिवस के अवसर पर सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती सिमरनजीत कौर एवं डिप्टी डिफेंस काउंसिल ने जिला कारागार हरिद्वार का साप्ताहिक दौरा किया। कारागार के मुलाकाती परिसर में स्थापित विधिक सहायता डेस्क पर बंदियों के परिजनों की समस्याएं सुनी गईं और उन्हें उचित कानूनी सलाह दी गई।
वहीं एकलव्य बैरक में, जहां 18 से 21 वर्ष आयु वर्ग के बंदियों को रखा जाता है, युवा संवाद किया गया। युवाओं को शिक्षा के प्रति प्रेरित करने के साथ ही पॉक्सो एक्ट और उनके कानूनी अधिकारों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
युवा अधिवक्ताओं के साथ संवाद में राष्ट्र निर्माण का संदेश
अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस की थीम ‘सशक्त युवा, सशक्त भारत’ पर शाम चार बजे डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन हरिद्वार के सभागार में युवा अधिवक्ताओं के साथ विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री नरेंद्र दत्त ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती सिमरनजीत कौर ने की। उन्होंने युवा अधिवक्ताओं को नालसा जागृति योजना-2025 की जानकारी दी और उन्हें संवाद के लिए आमंत्रित किया। इस दौरान छह युवा अधिवक्ताओं ने अपने विचार रखे। वरिष्ठ अधिवक्ताओं श्री विजय कुमार शर्मा, श्री राकेश कुमार गुप्ता, श्री अनुज कुमार शर्मा और श्री तनवीर भारती ने भी युवा अधिवक्ताओं से संवाद करते हुए अपने अनुभव साझा किए।
जनपद न्यायाधीश श्री नरेंद्र दत्त ने कहा कि आज का युवा ही भविष्य का राष्ट्र निर्माता है। उन्होंने भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव और चंद्रशेखर आजाद जैसे युवा क्रांतिकारियों के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने युवा अधिवक्ताओं को कानूनी पुस्तकों का अधिक से अधिक अध्ययन करने और मेहनत के बल पर वकालत के क्षेत्र में सफलता की नई ऊंचाइयां छूने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन अध्यक्ष श्री जसमहेंद्र सिंह, सचिव श्री विपिन द्विवेदी, उपाध्यक्ष श्रीमती मीनाक्षी कपिल, समस्त कार्यकारिणी सदस्य, बड़ी संख्या में युवा अधिवक्ता एवं उनके प्रेरणास्रोत वरिष्ठ अधिवक्ता उपस्थित रहे। अंत में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से सभी का आभार व्यक्त किया गया और भविष्य में भी युवाओं के हित में ऐसे विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के लिए बार एसोसिएशन से सहयोग की अपेक्षा की गई।



