Daily Live Uttarakhand updateउत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरें

हरिद्वार में शान से लहराया तिरंगा, देशभक्ति के रंग में रंगा जिला मुख्यालय,, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और राज्य आंदोलनकारियों का हुआ सम्मान, गंगा में श्रद्धालुओं की जान बचाने वाले सूबेदार कुलविंदर सिंह को प्रशस्ति पत्र,, डीएम मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को दिया जनसेवा का मंत्र, कलेक्ट्रेट में 100 पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का भी दिया संदेश

स्वतंत्रता दिवस पर डीएम मयूर दीक्षित ने शहीदों को नमन कर जनसेवा, सुशासन और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

हरिद्वार में शान से लहराया तिरंगा, देशभक्ति के रंग में रंगा जिला मुख्यालय,,

स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और राज्य आंदोलनकारियों का हुआ सम्मान, गंगा में श्रद्धालुओं की जान बचाने वाले सूबेदार कुलविंदर सिंह को प्रशस्ति पत्र,,

डीएम मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को दिया जनसेवा का मंत्र, कलेक्ट्रेट में 100 पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का भी दिया संदेश

हरिद्वार, 15 अगस्त 2026। जनपद हरिद्वार में भारत का 80वां स्वतंत्रता दिवस शनिवार को हर्षोल्लास, देशभक्ति और गौरवपूर्ण वातावरण में मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण से पूर्व देशभक्ति गीत ‘वंदेमातरम’ का गायन किया गया। तिरंगा फहराते ही पूरा परिसर देशभक्ति के भाव से सराबोर हो उठा।

समारोह के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, वीर शहीदों और राष्ट्र के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले महानायकों को कृतज्ञतापूर्वक याद किया गया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की आजादी असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। आज हम जिस स्वतंत्र वातावरण में सांस ले रहे हैं, उसके पीछे हमारे वीर सपूतों का अमूल्य योगदान है।

डीएम ने अधिकारियों-कर्मचारियों को दिलाई जनसेवा की जिम्मेदारी

जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों के सपनों को साकार करने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर रहने वाले पात्र व्यक्ति तक पहुंचाया जाए, ताकि कोई भी जरूरतमंद विकास की मुख्यधारा से वंचित न रहे।उन्होंने कहा कि आमजन अपनी समस्याओं और कार्यों को लेकर सरकारी कार्यालयों में पहुंचता है। ऐसे में संबंधित अधिकारी और पटल सहायक बिना किसी भेदभाव और स्वार्थ के लोगों की समस्याओं का तत्परता से समाधान करें। लोगों को अपने छोटे-बड़े कार्यों के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, यह सुनिश्चित करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है।

स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और राज्य आंदोलनकारियों का सम्मान

स्वतंत्रता दिवस समारोह में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं उनके परिजनों तथा राज्य आंदोलनकारियों को पुष्पमाला और शॉल भेंटकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी जितेंद्र रघुवंशी, भारत भूषण विद्यालंकार, वीरेंद्र गहलोत, अर्जुन सिंह राणा, आशिक कुमार चौहान, कृष्ण गोपाल पंत, सुनीता त्रिपाठी और सेवानिवृत्त विंग कमांडर सरिता नेगी पंवार शामिल रहे।इसके साथ ही राज्य आंदोलनकारी हयात सिंह रावत और जसवंत सिंह बिष्ट को भी सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के दौरान स्वतंत्रता सेनानियों और आंदोलनकारियों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का भाव देखने को मिला।

गंगा में श्रद्धालुओं की जान बचाने वाले सूबेदार कुलविंदर सिंह सम्मानित

कांवड़ मेले के दौरान गंगा के तेज बहाव में फंसे श्रद्धालुओं की जान बचाने और सफल रेस्क्यू अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले बंगाल इंजीनियरिंग ग्रुप सेंटर के ग्रुप लीडर सूबेदार कुलविंदर सिंह को विशेष रूप से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कांवड़ मेले के दौरान चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में रेस्क्यू कार्य कर श्रद्धालुओं की जान बचाने के लिए उनके साहस, तत्परता और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की गई।

छात्राओं ने देशभक्ति गीतों से बांधा समां

समारोह में आनंदमयी सेवा सदन इंटर कॉलेज की छात्राओं ने देशभक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। छात्राओं की प्रस्तुति ने कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों, कर्मचारियों और अतिथियों में देशभक्ति का उत्साह भर दिया। शानदार गायन प्रस्तुति के लिए छात्राओं को पुरस्कार भी वितरित किए गए।

स्वतंत्रता दिवस पर ‘हरित हरिद्वार’ का संदेश

स्वतंत्रता दिवस समारोह में राष्ट्रभक्ति के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कलेक्ट्रेट परिसर में लाल चंदन का पौधा रोपित किया।

इस अवसर पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने आपदा प्रबंधन विभाग तथा एकुम्स कंपनी के सहयोग से चंदन एवं गुलमोहर के कुल 100 पौधे रोपित किए। पौधरोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और हरित हरिद्वार के संकल्प को मजबूत करने का संदेश दिया गया।

कैंप कार्यालय में भी हुआ ध्वजारोहण

मुख्य समारोह से पूर्व जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कैंप कार्यालय में भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और राष्ट्रहित एवं जनहित में पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम का संचालन प्रशासनिक अधिकारी नवीन मोहन ने किया। समारोह में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी प्रशासन जितेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वैभव गुप्ता, वरिष्ठ कोषाधिकारी अजय कुमार, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह, एनडीआरएफ एवं पुलिस के जवान, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं उनके परिजन, राज्य आंदोलनकारी, कलेक्ट्रेट के अधिकारी-कर्मचारी तथा छात्राएं मौजूद रहीं।

स्वतंत्रता दिवस समारोह ने एक ओर जहां देश के वीर सपूतों के त्याग और बलिदान की याद दिलाई, वहीं जनसेवा, सुशासन, पर्यावरण संरक्षण और हरित हरिद्वार के संकल्प को भी मजबूत किया।

Related Articles

Back to top button