पेंटागन मॉल में मैकडोनल्ड पर खाद्य सुरक्षा टीम का बड़ा एक्शन! बदबूदार प्याज से बन रहे थे बर्गर, रेस्टोरेंट पर मीट-आइसक्रीम बिक्री रोककर लाइसेंस निलंबन की संस्तुति,, पेंटागन मॉल में निरीक्षण के दौरान मानव उपभोग के लायक नहीं मिला कटा प्याज—टॉर्टिला रैप की निर्माण व एक्सपायरी तारीख मिटाने का भी आरोप, हरिद्वार से रुड़की और पिरान कलियर तक खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी, 12 सैंपल जांच के लिए भेजे गए

पेंटागन मॉल में मैकडोनल्ड पर खाद्य सुरक्षा टीम का बड़ा एक्शन! बदबूदार प्याज से बन रहे थे बर्गर, रेस्टोरेंट पर मीट-आइसक्रीम बिक्री रोककर लाइसेंस निलंबन की संस्तुति,,
पेंटागन मॉल में निरीक्षण के दौरान मानव उपभोग के लायक नहीं मिला कटा प्याज—टॉर्टिला रैप की निर्माण व एक्सपायरी तारीख मिटाने का भी आरोप, हरिद्वार से रुड़की और पिरान कलियर तक खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी, 12 सैंपल जांच के लिए भेजे गए

हरिद्वार, 29 अगस्त 2026। रक्षा बंधन और जन्माष्टमी पर्व के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर हरिद्वार जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने शनिवार को ताबड़तोड़ कार्रवाई की। खाद्य सुरक्षा आयुक्त उत्तराखंड विनय शंकर पाण्डेय और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर विभाग की अलग-अलग टीमों ने रेस्टोरेंट, मिठाई की दुकानों और ऑनलाइन खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। सबसे बड़ा मामला पेंटागन मॉल स्थित मैकडोनल्ड रेस्टोरेंट में सामने आया, जहां टीम को बर्गर समेत अन्य खाद्य पदार्थों के निर्माण में बदबूदार, खराब और मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त कटे हुए प्याज का इस्तेमाल होता मिला।
मैकडोनल्ड में खराब प्याज मिला तो मचा हड़कंप, मीट और आइसक्रीम की बिक्री पर तत्काल रोक
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन के निरीक्षण में रेस्टोरेंट में इस्तेमाल हो रहे कटे प्याज की स्थिति ने खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। टीम के मुताबिक प्याज बदबूदार और खराब हो चुका था तथा मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त पाया गया।
इसके अलावा खाद्य पदार्थों के निर्माण में बेस के रूप में इस्तेमाल किए जा रहे टॉर्टिला रैप के लेबल पर निर्माण तिथि और एक्सपायरी तिथि मिटाई हुई पाई गई। विभाग ने यह भी पाया कि नोमिनी में बदलाव के बावजूद खाद्य लाइसेंस में नए नोमिनी का इंडोर्समेंट नहीं कराया गया था। वहीं लाइसेंस में मीट एवं मीट प्रोडक्ट तथा आइसक्रीम एवं डेजर्ट जैसी खाद्य श्रेणियां भी इंडोर्स नहीं थीं।
गंभीर खामियों को देखते हुए मौके पर ही मीट प्रोडक्ट तथा आइसक्रीम-डेजर्ट के निर्माण और बिक्री पर रोक लगा दी गई। विभाग ने संबंधित रेस्टोरेंट के खाद्य लाइसेंस को निलंबित किए जाने की संस्तुति भी की है। जांच के लिए आइसक्रीम डेजर्ट में इस्तेमाल होने वाले कोटेड क्रिस्पीज और बटर स्कॉच चॉको डिप के दो नमूने लिए गए।
ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से मिठाई दुकानों तक जांच का शिकंजा, 12 सैंपल सील
नगर निगम हरिद्वार क्षेत्र में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश टम्टा ने आर्यनगर और ज्वालापुर क्षेत्र के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। आर्यनगर में पिलपकार्ट के ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म से जुड़े इंस्टाकार्ट प्रतिष्ठान में कर्मचारियों के मेडिकल रिकॉर्ड, पानी की जांच रिपोर्ट, पेस्ट कंट्रोल और स्टॉक से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। खाद्य सामग्री का रखरखाव और भंडारण भी निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिला। विभाग ने प्रतिष्ठान को नोटिस जारी किया।
इसके साथ ही पटियाला, पंजाब की एक देशी घी निर्माता कंपनी को भ्रामक दावों के संबंध में नोटिस दिया गया। मौके से देशी घी, भुना चना और दाल के तीन नमूने लिए गए।उर्स मेले को देखते हुए वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कपिल देव ने पिरान कलियर में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। यहां से इलायची दाना, सोन हलवा, सोया रिफाइंड तेल और हल्दी पाउडर के चार नमूने जांच के लिए लिए गए।
वहीं वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेंद्र पाण्डेय ने रुड़की शहर की मिठाई दुकानों और रेस्टोरेंटों की जांच की। यहां से बेसन लड्डू, चॉकलेट बर्फी और चॉकलेट टॉफी के तीन नमूने लिए गए। कार्रवाई के दौरान पुरानी तहसील और मेन बाजार की कई दुकानें बंद होने लगीं, जिससे विभागीय कार्रवाई को लेकर दुकानदारों में हड़कंप की स्थिति नजर आई।
कुल मिलाकर हरिद्वार जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने 12 खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए हैं। अब इन नमूनों की रिपोर्ट सामने आने के बाद यह स्पष्ट होगा कि संबंधित खाद्य पदार्थ गुणवत्ता और सुरक्षा के निर्धारित मानकों पर कितने खरे उतरते हैं। विभाग की इस कार्रवाई से पर्वों के दौरान खाद्य कारोबारियों में भी हड़कंप मचा हुआ है।



