होटल की रसोई में खुला ‘गंदगी का खेल’… वेज-नॉनवेज एक ही बर्तन में, सड़ा पनीर-प्याज देख अफसर भी हैरान!….. हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा विभाग का ताबड़तोड़ एक्शन—होटल-रेस्टोरेंट से लेकर डेयरी, नमकीन और किराना दुकानों तक छापेमारी; 13 खाद्य नमूने जांच को भेजे, 5 किलो खराब खाद्य पदार्थ मौके पर नष्ट

होटल की रसोई में खुला ‘गंदगी का खेल’… वेज-नॉनवेज एक ही बर्तन में, सड़ा पनीर-प्याज देख अफसर भी हैरान!…..
हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा विभाग का ताबड़तोड़ एक्शन—होटल-रेस्टोरेंट से लेकर डेयरी, नमकीन और किराना दुकानों तक छापेमारी; 13 खाद्य नमूने जांच को भेजे, 5 किलो खराब खाद्य पदार्थ मौके पर नष्ट

हरिद्वार, 19 सितंबर।
हरिद्वार-दिल्ली हाईवे पर होटल की चमचमाती बाहरी तस्वीर के पीछे रसोई में कुछ ऐसा मिला कि खाद्य सुरक्षा विभाग को तत्काल कार्रवाई करनी पड़ी। कहीं वेज और नॉन-वेज खाना एक ही बर्तन में तैयार हो रहा था, तो कहीं सड़े-गले प्याज, शिमला मिर्च और पनीर से खाना बनाने की तैयारी थी। विभाग की टीम ने छापा मारा तो कई गंभीर अनियमितताएं सामने आ गईं।
खाद्य सुरक्षा आयुक्त उत्तराखंड विनय शंकर पाण्डेय और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर जिले में चल रहे विशेष निरीक्षण अभियान के तहत जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी के नेतृत्व में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन ने हाईवे स्थित होटल एवं रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया।
एक लाइसेंस… कई कारोबार! फिर रसोई में दिखी बड़ी लापरवाही
जांच में सामने आया कि प्रतिष्ठान ने होटल गतिविधियों के लिए लाइसेंस लिया था, लेकिन उसी लाइसेंस पर रेस्टोरेंट भी संचालित किया जा रहा था। लाइसेंस में मीट एवं मीट प्रोडक्ट्स, इंडियन स्वीट्स, बेकरी और सीरियल उत्पादों जैसी श्रेणियां दर्ज नहीं थीं, बावजूद इसके इनका निर्माण और बिक्री की जा रही थी।
टीम ने जब दस्तावेज मांगे तो टेस्ट रिपोर्ट, पेस्ट कंट्रोल रिकॉर्ड और ऑडिट से जुड़े जरूरी अभिलेख भी मौके पर प्रस्तुत नहीं किए जा सके।
सबसे गंभीर तस्वीर किचन में दिखाई दी। शाकाहारी और मांसाहारी भोजन के लिए अलग सेक्शन नहीं था और एक ही बर्तन में दोनों तरह के खाद्य पदार्थ तैयार किए जा रहे थे। इतना ही नहीं, नॉन-वेज डीप फ्रीजर में वेज खाद्य पदार्थ भी रखे मिले।
सड़ा पनीर-प्याज बाहर, मीट-सweets-बेकरी पर रोक
निरीक्षण के दौरान सड़े-गले प्याज, शिमला मिर्च और पनीर का इस्तेमाल खाद्य निर्माण में किए जाने की बात सामने आई। टीम ने मौके पर करीब 5 किलो खराब खाद्य पदार्थ, जिसमें सड़े खाद्य पदार्थ और नॉन-वेज फ्रीजर में रखा उबला चना शामिल था, नष्ट कराया।
गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए मीट एवं मीट उत्पाद, इंडियन स्वीट्स और बेकरी प्रोडक्ट्स के निर्माण एवं बिक्री पर अगले आदेश तक रोक लगा दी गई। पनीर, हनी और कुल्चा के कुल चार नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए गए।
ग्राहकों को दिए जा रहे बिल पर अनिवार्य 14 अंकों का बिल नंबर भी नहीं मिला। विभाग ने इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी कर 15 दिन में कमियां दूर कर अनुपालन रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।
लक्सर से हरिद्वार शहर तक चला अभियान, 13 नमूने जांच के लिए
लक्सर में डेयरियों, नमकीन निर्माण इकाइयों और किराना दुकानों की जांच की गई। यहां से खुला पनीर, खुला नमकीन और पैक्ड फ्रूटी ड्रिंक के नमूने लिए गए। स्वच्छता में कमी, लाइसेंस नवीनीकरण नहीं कराने और अभिलेख उपलब्ध नहीं कराने पर एक नमकीन इकाई तथा दो किराना दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए।
हरिद्वार शहर में पुरुषार्थी मार्केट, निर्मला छावनी रोड और शिवमूर्ति चौक क्षेत्र में भी कार्रवाई हुई। धनिया पाउडर और लाल मिर्च पाउडर के नमूने लिए गए। अशोक प्रोविजन स्टोर के संचालक को खाद्य लाइसेंस के बजाय केवल पंजीकरण के आधार पर कारोबार करने पर कारण बताओ नोटिस दिया गया।
दूध की गुणवत्ता जांच के लिए विभिन्न डेयरियों और दूध विक्रेताओं से खुले दूध के तीन नमूने, चांद डेयरी से देसी घी तथा गुर्जर डेयरी और न्यू शिव डेयरी से पनीर के नमूने लिए गए।
पूरे अभियान में कुल 13 खाद्य नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए। विभाग ने खाद्य कारोबारियों को लाइसेंस, अभिलेख और स्वच्छता मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए हैं।



