उत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरें

राजपुर में नाबालिग मासूमों से अश्लील हरकत का आरोप– 57 वर्षीय जनरल स्टोर संचालक के खिलाफ फूटा गुस्सा, परिजनों ने पुलिस को दी तहरीर,, ढाई घंटे तक लापता रही बच्चीयों ने परिजनों को सुनाई आपबीती,  सीसीटीवी फुटेज आने के बाद भड़का आक्रोश, दो समुदायों से जुड़े मामले में पुलिस ने बढ़ाई सतर्कता

राजपुर में नाबालिग मासूमों से अश्लील हरकत का आरोप– 57 वर्षीय जनरल स्टोर संचालक के खिलाफ फूटा गुस्सा, परिजनों ने पुलिस को दी तहरीर,,

ढाई घंटे तक लापता रही बच्चीयों ने परिजनों को सुनाई आपबीती,

सीसीटीवी फुटेज आने के बाद भड़का आक्रोश, दो समुदायों से जुड़े मामले में पुलिस ने बढ़ाई सतर्कता

हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र के राजपुर गांव में सात वर्षीय मासूम बच्ची के साथ कथित अश्लील हरकत का मामला सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पीड़ित परिवार की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर में गांव गढ के 57 वर्षीय एक दुकानदार पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को भीड़ से सुरक्षित निकालकर हिरासत में लिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

तहरीर के अनुसार, रविवार दोपहर करीब दो बजे नाबालिग मासूम बच्ची अपनी एक अन्य नाबालिग साथी बच्ची के साथ राजपुर गांव स्थित जनरल स्टोर पर सामान लेने गई थी। काफी समय बीत जाने के बाद भी दोनों बच्चियां घर वापस नहीं लौटीं तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। परिवार के लोगों ने गांव और आसपास के क्षेत्रों में उनकी तलाश शुरू कर दी। मस्जिद से भी दोनों बच्चियों की गुमशुदगी का ऐलान कराया गया, लेकिन काफी देर तक उनका कोई सुराग नहीं मिला।करीब ढाई घंटे बाद परिवार की एक महिला बच्चियों की तलाश करते हुए संबंधित दुकान तक पहुंची। परिजनों का आरोप है कि वहां दुकानदार मासूम बच्ची को अपनी गोद में बैठाए हुए था, जबकि दूसरी बच्ची भी वहीं मौजूद थी। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और दोनों बच्चियों को वहां से घर ले आए।

परिजनों का कहना है कि घर पहुंचने के बाद बच्ची काफी सहमी हुई थी और शुरुआत में कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं थी। काफी समझाने और भरोसा दिलाने के बाद उसने रोते हुए अपने साथ हुई कथित घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिवार के लोग दोबारा दुकान पर पहुंचे और मामले की जानकारी अन्य ग्रामीणों को भी दी।

परिजनों का दावा है कि दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखने पर बच्ची काफी देर तक आरोपी की गोद में बैठी दिखाई दी। उनका आरोप है कि फुटेज में बच्ची कई बार वहां से उठने का प्रयास करती नजर आती है, लेकिन आरोपी उसे रोकता दिखाई देता है। हालांकि फुटेज की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की जांच का विषय है।

सीसीटीवी फुटेज की चर्चा गांव में फैलते ही माहौल गर्म हो गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण दुकान पर पहुंच गए और आरोपी को पकड़ लिया। इस दौरान लोगों ने उसके खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। सूचना मिलने पर रानीपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को ग्रामीणों के बीच से अपने कब्जे में लिया। इसके बाद उसे पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया।

चूंकि मामला दो समुदायों से जुड़ा हुआ है, इसलिए घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया था। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस ने अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी। पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और कानून को अपना काम करने दें।

पीड़ित परिवार ने आरोपी के खिलाफ लिखित तहरीर देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।खबर लिखे जाने तक पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद गांव में पूरे दिन इस मामले की चर्चा होती रही। बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और उन्हें न्याय दिलाने की मांग की। वहीं पुलिस लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी तरह की कानून-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न न हो। फिलहाल पुलिस का कहना है कि जांच निष्पक्ष तरीके से की जा रही है और सभी तथ्यों का परीक्षण किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button