कांवड़ और कुंभ से पहले हरिद्वार में परिवहन विभाग का बड़ा एक्शन! नियम तोड़ने वाली बसों पर चला चाबुक, 45 चालान और 6 बसें सीज,, डीएम मयूर दीक्षित के निर्देश पर दो दिन तक चला विशेष अभियान, लक्जरी बसों की जांच में खुली सुरक्षा इंतजामों की पोल,, 5 वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र निरस्त करने की संस्तुति, एआरटीओ नेहा झा की चेतावनी— यात्रियों की सुरक्षा से समझौता करने वालों पर जारी रहेगा सख्त अभियान,,

कांवड़ और कुंभ से पहले हरिद्वार में परिवहन विभाग का बड़ा एक्शन! नियम तोड़ने वाली बसों पर चला चाबुक, 45 चालान और 6 बसें सीज,,
डीएम मयूर दीक्षित के निर्देश पर दो दिन तक चला विशेष अभियान, लक्जरी बसों की जांच में खुली सुरक्षा इंतजामों की पोल,,
5 वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र निरस्त करने की संस्तुति, एआरटीओ नेहा झा की चेतावनी— यात्रियों की सुरक्षा से समझौता करने वालों पर जारी रहेगा सख्त अभियान,,
हरिद्वार। आगामी कांवड़ यात्रा और कुंभ-2027 की तैयारियों के बीच जनपद में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर 06 और 07 जून को परिवहन विभाग द्वारा लक्जरी एवं यात्री बसों के खिलाफ विशेष सघन प्रवर्तन अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई से बस संचालकों में हड़कंप मच गया।
सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) तथा एआरटीओ के नेतृत्व में हरिद्वार, रुड़की, राष्ट्रीय राजमार्गों, बस अड्डों और प्रमुख यात्री मार्गों पर सघन चेकिंग की गई। अभियान के दौरान बसों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, टैक्स, प्रदूषण प्रमाणपत्र, चालक लाइसेंस, जीपीएस, सीसीटीवी कैमरे, स्पीड गवर्नर, अग्निशमन यंत्र और आपातकालीन निकास व्यवस्था की गहन जांच की गई।
जांच में कई बसों में तकनीकी और वैधानिक अनियमितताएं सामने आने पर परिवहन विभाग ने 45 बसों के चालान किए, जबकि 6 बसों को सीज कर दिया गया। इसके अलावा 5 वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र निरस्त किए जाने की संस्तुति भी सक्षम प्राधिकारी को भेजी गई है।
परिवहन विभाग का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी वाहन को सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर सड़कों पर दौड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल दो दिन की कार्रवाई नहीं बल्कि निरंतर चलने वाली व्यवस्था का हिस्सा है।
विशेष रूप से कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन परिवहन व्यवस्था को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में जुटा है। ऐसे में फिटनेस और सुरक्षा मानकों में लापरवाही बरतने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
परिवहन विभाग ने सभी बस और वाहन स्वामियों से अपने वाहनों के दस्तावेज अद्यतन रखने, नियमित तकनीकी परीक्षण कराने और सुरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने की अपील की है, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।



