बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत! 5 जून को ज्वालापुर में लगेगा ‘जनता दरबार’ जैसा शिकायत निवारण शिविर,, “बिल, मीटर, लो-वोल्टेज और बिजली आपूर्ति की समस्याओं का मौके पर होगा समाधान” — UPCL के सभी जिम्मेदार अधिकारी रहेंगे मौजूद,, “अब दफ्तरों के चक्कर नहीं, सीधे अधिकारियों के सामने रखें अपनी समस्या” — मुख्य अभियंता शेखर चंद्र त्रिपाठी ने जारी किए निर्देश

बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत! 5 जून को ज्वालापुर में लगेगा ‘जनता दरबार’ जैसा शिकायत निवारण शिविर,,
“बिल, मीटर, लो-वोल्टेज और बिजली आपूर्ति की समस्याओं का मौके पर होगा समाधान” — UPCL के सभी जिम्मेदार अधिकारी रहेंगे मौजूद,,
“अब दफ्तरों के चक्कर नहीं, सीधे अधिकारियों के सामने रखें अपनी समस्या” — मुख्य अभियंता शेखर चंद्र त्रिपाठी ने जारी किए निर्देश
हरिद्वार। बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान और विभागीय जवाबदेही को मजबूत बनाने के उद्देश्य से उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPCL) ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। मुख्य अभियंता (वितरण) हरिद्वार जोन शेखर चंद्र त्रिपाठी के निर्देश पर आगामी 05 जून 2026 को प्रातः 9:30 बजे अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड, ज्वालापुर हरिद्वार कार्यालय परिसर में विशेष उपभोक्ता शिकायत निवारण शिविर आयोजित किया जाएगा।
इस शिविर को बिजली उपभोक्ताओं के लिए “जनता दरबार” की तर्ज पर आयोजित किया जा रहा है, जहां उपभोक्ता सीधे विभागीय अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं रख सकेंगे। विभाग का दावा है कि अधिकांश शिकायतों का समाधान मौके पर ही किया जाएगा, जबकि जटिल मामलों को समयबद्ध तरीके से निस्तारित करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
UPCL द्वारा जारी आदेश के अनुसार शिविर में विद्युत वितरण खंड ज्वालापुर के अवर अभियंता स्तर तक के सभी अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहेंगे, ताकि उपभोक्ताओं को किसी भी समस्या के समाधान के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
शिविर में बिजली बिलों की गड़बड़ी, मीटर संबंधी शिकायतें, मीटर बदलने, नए कनेक्शन, नाम परिवर्तन, भार वृद्धि, ट्रांसफार्मर खराबी, लो-वोल्टेज, बार-बार बिजली कटौती, लाइन शिफ्टिंग तथा अन्य तकनीकी और प्रशासनिक समस्याओं पर सुनवाई की जाएगी। विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि उपभोक्ताओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए।
हरिद्वार जनपद में लगातार बढ़ती उपभोक्ता संख्या और गर्मी के मौसम में बिजली से जुड़ी शिकायतों के मद्देनजर इस शिविर को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विशेष रूप से ज्वालापुर, कनखल, रानीपुर, भेल क्षेत्र और आसपास के ग्रामीण इलाकों के उपभोक्ताओं को इससे सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
ऊर्जा विभाग का मानना है कि ऐसी पहल से उपभोक्ताओं और विभाग के बीच संवाद बेहतर होगा तथा शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता आएगी। कई बार छोटी-छोटी तकनीकी या दस्तावेजी समस्याएं महीनों तक लंबित रहती हैं, जिन्हें ऐसे शिविरों के माध्यम से तुरंत निपटाया जा सकता है।
मुख्य अभियंता कार्यालय की ओर से मीडिया और अन्य माध्यमों से इस सूचना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को भी कहा गया है, ताकि अधिक से अधिक उपभोक्ता शिविर का लाभ उठा सकें। विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने बिजली बिल, कनेक्शन नंबर और संबंधित दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचें ताकि शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
बिजली उपभोक्ताओं के लिए यह शिविर राहत की बड़ी पहल माना जा रहा है। लंबे समय से लंबित शिकायतों के निस्तारण की उम्मीद लगाए बैठे उपभोक्ताओं को अब सीधे अधिकारियों के समक्ष अपनी बात रखने का अवसर मिलेगा। यदि यह व्यवस्था प्रभावी साबित होती है तो भविष्य में अन्य विद्युत वितरण खंडों में भी इसी प्रकार के शिविर आयोजित किए जा सकते हैं।




