48 घंटे में ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री का अंत! NETGRID टेक्नोलॉजी और SSP नवनीत सिंह की रणनीति से हरिद्वार में भगवानपुर पुलिस ने खोला सनसनीखेज हत्याकांड का राज,, “अज्ञात शव से कातिलों तक पहुंची पुलिस” — पहले हाईटेक सॉफ्टवेयर से हुई पहचान, फिर काली क्रेटा और इलेक्ट्रॉनिक सबूतों ने खोल दी हत्या की पूरी कहानी,, “होटल में मामूली विवाद बना मौत का कारण?” — बीटेक और बी-फार्मा पढ़े-लिखे युवकों पर हत्या कर शव नदी किनारे फेंकने का आरोप, दो और आरोपी पुलिस रडार पर,,

इन्तजार रजा हरिद्वार-48 घंटे में ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री का अंत! NETGRID टेक्नोलॉजी और SSP नवनीत सिंह की रणनीति से हरिद्वार में भगवानपुर पुलिस ने खोला सनसनीखेज हत्याकांड का राज,,
“अज्ञात शव से कातिलों तक पहुंची पुलिस” — पहले हाईटेक सॉफ्टवेयर से हुई पहचान, फिर काली क्रेटा और इलेक्ट्रॉनिक सबूतों ने खोल दी हत्या की पूरी कहानी,,
“होटल में मामूली विवाद बना मौत का कारण?” — बीटेक और बी-फार्मा पढ़े-लिखे युवकों पर हत्या कर शव नदी किनारे फेंकने का आरोप, दो और आरोपी पुलिस रडार पर,,
हरिद्वार जनपद के भगवानपुर क्षेत्र में मिले एक अज्ञात शव की गुत्थी ने पहले पुलिस के सामने चुनौती खड़ी कर दी थी, लेकिन महज 48 घंटे के भीतर हरिद्वार पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर केस से पर्दा उठाकर एक बार फिर अपनी तेज जांच क्षमता और आधुनिक तकनीक आधारित कार्यशैली का प्रदर्शन किया है। एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में हुई कार्रवाई अब पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गई है।
17 मई 2026 को थाना भगवानपुर क्षेत्र के बहबलपुर से लव्वा गांव की ओर जाने वाले रास्ते पर नदी की सरहद के पास एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। शव पर गंभीर चोटों के निशान थे और पहली नजर में ही मामला निर्मम हत्या का प्रतीत हो रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए।
शुरुआत में मृतक की पहचान सबसे बड़ी चुनौती थी। लेकिन इस बार पुलिस ने पारंपरिक तरीकों के बजाय गृह मंत्रालय द्वारा संचालित आधुनिक NETGRID पोर्टल का सहारा लिया। मृतक की फोटो पोर्टल पर अपलोड की गई, जिसके बाद चेहरे से मिलते-जुलते कई व्यक्तियों का डेटा सामने आया। अलग-अलग राज्यों और जिलों तक टीमों को भेजा गया। लंबी जांच के बाद मृतक की पहचान सहारनपुर के देवबंद थाना क्षेत्र के ग्राम बचीटी निवासी कलीम पुत्र मुरादू के रूप में हुई।
एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश के बाद पहचान होने के बाद पुलिस ने जांच की दिशा बदली और तकनीकी इनपुट, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और मुखबिर तंत्र को एक साथ सक्रिय कर दिया। इसी दौरान एक बेहद महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई—घटना की रात इलाके में एक संदिग्ध काली क्रेटा कार देखी गई थी।यहीं से केस की तस्वीर बदलनी शुरू हुई। जांच में सामने आया कि मृतक कलीम और उसका भाई कामिल काम की तलाश में भगवानपुर आए थे और रात में धरोहर होटल में खाना खाने पहुंचे थे। इसी दौरान होटल संचालक और उसके साथियों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
बताया गया कि झगड़ा धीरे-धीरे हिंसक रूप ले बैठा। आरोप है कि होटल संचालकों और उनके साथियों ने दोनों भाइयों पर डंडों, लात-घूंसों से हमला कर दिया। इस बीच कामिल जान बचाकर वहां से भाग निकला, लेकिन कलीम हमलावरों के कब्जे में रह गया।आरोपों के अनुसार, हमलावरों ने कलीम को इतनी बेरहमी से पीटा कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मौत का एहसास होने पर आरोपी घबरा गए और शव को ठिकाने लगाने की साजिश रच डाली। कलीम के शव को क्रेटा कार की डिग्गी में रखा गया और लव्वा गांव की ओर खेतों के रास्ते नदी किनारे ले जाकर फेंक दिया गया।
लगातार जांच के बाद पुलिस ने हसनपुर मदनपुर पुल क्षेत्र से सौरभ चौहान, अंकित कुमार, हर्ष, अनमोल सैनी और विशाल सैनी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में कई अहम खुलासे होने का दावा किया गया है। पुलिस के अनुसार मामले में दो अन्य आरोपी अर्पित और ऋषि भी संलिप्त बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है।
इस मामले की एक और चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि पकड़े गए कई आरोपी उच्च शिक्षित हैं। किसी ने बीटेक किया है तो किसी ने बी-फार्मा जैसे प्रोफेशनल कोर्स किए हैं। पढ़े-लिखे युवाओं के नाम ऐसे गंभीर अपराध में आने से लोग भी हैरान हैं।पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडे, मृतक का मोबाइल फोन, शव ले जाने वाली क्रेटा कार और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो भी बरामद कर ली है।
पूरे ऑपरेशन में प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह, उपनिरीक्षक रमेश सैनी सहित सीआईयू और थाना स्तर की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।इस सनसनीखेज खुलासे ने एक बार फिर यह संदेश देने की कोशिश की है कि अपराध चाहे कितना भी पेचीदा क्यों न हो, आधुनिक तकनीक और सटीक जांच के सामने अपराधियों का बच निकलना आसान नहीं है। अब जिलेभर में इस हाईप्रोफाइल खुलासे और NETGRID तकनीक की चर्चा जोरों पर है।



