उत्तराखंड बोर्ड टॉपर्स को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दी बधाई, उज्ज्वल भविष्य की कामना

इन्तजार रजा हरिद्वार- उत्तराखंड बोर्ड टॉपर्स को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दी बधाई, उज्ज्वल भविष्य की कामना
उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फोन पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
हाईस्कूल परीक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले अक्षत गोपाल, इशांत कोठारी, भूमिका और योगेश जोशी को उनकी शानदार सफलता पर शुभकामनाएं दी गईं। वहीं, इंटरमीडिएट परीक्षा में प्रथम स्थान हासिल करने वाली गीतिका पंत और सुशीला मेंदीरत्ता, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले आर्यन तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली वंशिका को भी मुख्यमंत्री ने बधाई दी।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन से न केवल अपने परिवार और जनपद, बल्कि पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि इन विद्यार्थियों की उपलब्धि अन्य छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विश्वास व्यक्त किया कि ये सभी विद्यार्थी भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।



