10 रुपये की नोटों की गड्डियों पर भी ‘खेल’! बैंक में आम आदमी खाली हाथ, बाजार में 400-500 रुपये ज्यादा देकर मिल रहे नए नोट….. शादी का कार्ड दिखाकर भी बैंकों से नहीं मिल रहीं नई नोटों की गड्डियां, बाजार में कथित तौर पर अतिरिक्त कीमत परनये नोटों की बिक्री; सवालों के घेरे में बैंकिंग व्यवस्था और नोटों की सप्लाई

10 रुपये की नोटों की गड्डियों पर भी ‘खेल’! बैंक में आम आदमी खाली हाथ, बाजार में 400-500 रुपये ज्यादा देकर मिल रहे नए नोट…..
शादी का कार्ड दिखाकर भी बैंकों से नहीं मिल रहीं नई नोटों की गड्डियां, बाजार में कथित तौर पर अतिरिक्त कीमत परनये नोटों की बिक्री; सवालों के घेरे में बैंकिंग व्यवस्था और नोटों की सप्लाई
हरिद्वार। कभी शादी-ब्याह का कार्ड दिखाते ही बैंक से 10 और 20 रुपये के नए नोटों की गड्डियां आसानी से मिल जाया करती थीं। शगुन देने के लिए लोग बैंक जाते और बिना किसी सिफारिश या अतिरिक्त खर्च के नई करेंसी लेकर लौट आते थे। लेकिन अब तस्वीर पूरी तरह बदलती नजर आ रही है।
शादी का सीजन शुरू होते ही छोटे नोटों की मांग बढ़ जाती है। लोग 10 और 20 रुपये की नई गड्डियों के लिए बैंक शाखाओं के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें निराशा हाथ लग रही है। कहीं गड्डियां उपलब्ध नहीं होने की बात कही जाती है तो कहीं सीमित उपलब्धता का हवाला दिया जाता है।
बैंक में नहीं मिल रहे, बाजार में कैसे बिक रहे हैं?
हैरानी की बात यह है कि जिन नई नोटों की गड्डियों के लिए आम आदमी बैंकों में भटक रहा है, वही गड्डियां बाजार में कथित तौर पर 400 से 500 रुपये अतिरिक्त लेकर उपलब्ध कराई जा रही हैं।
ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब बैंक आम ग्राहकों को नई नोटों की गड्डियां उपलब्ध नहीं करा पा रहे हैं, तो बाजार में इनकी सप्लाई आखिर कहां से हो रही है? क्या कुछ लोगों तक बैंक से पहले ही इन नोटों की पहुंच है या फिर वितरण व्यवस्था में कोई ऐसी कमी है, जिसका फायदा उठाया जा रहा है?
अपनी करेंसी के लिए भी अतिरिक्त रकम!
शादी में शगुन देने की परंपरा निभाने के लिए आम आदमी को अब अतिरिक्त पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं। यानी जो नोट बैंक से सामान्य प्रक्रिया के तहत मिलने चाहिए, उन्हें पाने के लिए बाजार में प्रीमियम चुकाने की नौबत आ रही है।
यह मामला केवल 10 रुपये की गड्डी का नहीं, बल्कि बैंकिंग व्यवस्था में आम आदमी की पहुंच और नोटों के पारदर्शी वितरण से जुड़ा है।
RBI से जवाब मांगते सवाल
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया और संबंधित बैंक प्रबंधन को स्पष्ट करना चाहिए कि नई करेंसी की उपलब्धता और वितरण की क्या व्यवस्था है? बैंकों में नोटों की कमी क्यों है? बाजार में अतिरिक्त कीमत पर बिक रही गड्डियों के स्रोत की जांच क्यों नहीं होनी चाहिए?
अगर बाजार में नई नोटों की गड्डियां अतिरिक्त कीमत पर बेची जा रही हैं, तो यह भी जांच का विषय है कि कहीं इस कारोबार में किसी स्तर पर अनियमितता तो नहीं हो रही।
आखिर आम आदमी को बैंक से 10 रुपये की गड्डी नहीं मिलती, लेकिन बाजार में 400-500 रुपये अतिरिक्त देने पर वही गड्डी कैसे उपलब्ध हो जाती है?
RBI और बैंक अधिकारियों को इस सवाल का जवाब देना चाहिए, क्योंकि आम आदमी अपनी ही करेंसी पाने के लिए अतिरिक्त कीमत चुकाने को मजबूर क्यों हो?



