उत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरें

गंगा पार कर हाथियों के साथ सेल्फी लेना पड़ा भारी! आक्रामक झुंड ने युवकों को दौड़ाया, भागकर बचानी पड़ी जान,, सप्तऋषि घाट पर रोमांच बना मौत का खतरा, वायरल वीडियो के बाद पुलिस और वन विभाग ने लगाई फटकार, दोबारा ऐसी हरकत पर कार्रवाई की चेतावनी

गंगा पार कर हाथियों के साथ सेल्फी लेना पड़ा भारी! आक्रामक झुंड ने युवकों को दौड़ाया, भागकर बचानी पड़ी जान,,

सप्तऋषि घाट पर रोमांच बना मौत का खतरा, वायरल वीडियो के बाद पुलिस और वन विभाग ने लगाई फटकार, दोबारा ऐसी हरकत पर कार्रवाई की चेतावनी

हरिद्वार। सोशल मीडिया पर वायरल होने और रोमांच की चाह कभी-कभी जानलेवा साबित हो सकती है। ऐसा ही एक मामला धर्मनगरी हरिद्वार के सप्तऋषि घाट क्षेत्र में सामने आया, जहां हाथियों के साथ सेल्फी और वीडियो बनाने के चक्कर में छह युवकों ने अपनी जान जोखिम में डाल दी। गंगा पार कर हाथियों के झुंड के बेहद करीब पहुंचना उन्हें उस समय भारी पड़ गया, जब हाथियों ने खुद को असुरक्षित महसूस करते हुए अचानक हमला करने की मुद्रा में युवकों का पीछा कर दिया। इस दौरान दो युवक हाथियों के बेहद करीब पहुंच गए और उनकी जान बाल-बाल बची। पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार सोमवार को छह युवक हरिद्वार में गंगा स्नान के लिए पहुंचे थे। स्नान के दौरान उन्होंने सप्तऋषि घाट के सामने गंगा पार हाथियों का एक झुंड देखा, जिसमें शिशु हाथी सहित आठ से दस हाथी मौजूद थे। रोमांच के उत्साह में युवक गंगा पार कर हाथियों के बेहद करीब पहुंच गए और मोबाइल से फोटो तथा वीडियो बनाने लगे। कुछ ही देर बाद हाथियों ने उन्हें देख लिया और अपने बच्चों को खतरा महसूस करते हुए आक्रामक हो गए। देखते ही देखते हाथियों का झुंड युवकों की ओर दौड़ पड़ा।

हाथियों को अपनी ओर तेजी से आता देख युवकों में अफरा-तफरी मच गई। सभी जान बचाने के लिए अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे। दो युवक हाथियों के काफी करीब पहुंच चुके थे, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका पैदा हो गई। हालांकि उन्होंने सूझबूझ और फुर्ती दिखाते हुए तेजी से दौड़कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचकर अपनी जान बचा ली। घटना के बाद सभी युवक वापस लौट आए।

इस पूरे घटनाक्रम को सप्तऋषि घाट पर मौजूद एक युवक ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि हाथी तेज गति से युवकों का पीछा कर रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने भी युवकों की लापरवाही पर चिंता जताई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने युवकों को कड़ी फटकार लगाते हुए भविष्य में ऐसी हरकत न करने की चेतावनी दी। साथ ही बताया गया कि दोबारा वन्यजीवों के करीब जाकर नियमों का उल्लंघन करने पर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

रेंज अधिकारी शीशपाल सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथियों को सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ा गया। उन्होंने कहा कि वन क्षेत्र में बिना अनुमति प्रवेश करना और जंगली जानवरों के करीब जाकर फोटो या वीडियो बनाना बेहद खतरनाक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वन्यजीवों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें, वन विभाग के दिशा-निर्देशों का पालन करें और सोशल मीडिया के लिए अपनी जान जोखिम में न डालें।

Related Articles

Back to top button