ईद-ए-मिलाद-उल-नबी को लेकर हरिद्वार प्रशासन मुस्तैद, जश्न-ए-मिलाद के लिए मजिस्ट्रेटों की तैनाती,, 26 अगस्त को चांद के दीदार के मुताबिक मनाया जाएगा ईद-ए-मिलाद-उल-नबी, जुलूस-ए-मोहम्मदी और धार्मिक कार्यक्रमों को लेकर प्रशासन अलर्ट; डीएम मयूर दीक्षित ने अमनो-अमान और भाईचारा कायम रखने की अपील की

ईद-ए-मिलाद-उल-नबी को लेकर हरिद्वार प्रशासन मुस्तैद, जश्न-ए-मिलाद के लिए मजिस्ट्रेटों की तैनाती,,
26 अगस्त को चांद के दीदार के मुताबिक मनाया जाएगा ईद-ए-मिलाद-उल-नबी, जुलूस-ए-मोहम्मदी और धार्मिक कार्यक्रमों को लेकर प्रशासन अलर्ट; डीएम मयूर दीक्षित ने अमनो-अमान और भाईचारा कायम रखने की अपील की

हरिद्वार, 19 अगस्त 2026। पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद मुस्तफा ﷺ की विलादत-ए-मुबारक की याद में मनाए जाने वाले ईद-ए-मिलाद-उल-नबी (बारावफात) को लेकर हरिद्वार जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। 26 अगस्त 2026 को चांद के दीदार के मुताबिक मनाए जाने वाले इस मुबारक मौके पर जिले में अमन, अमान, भाईचारा और सांप्रदायिक सौहार्द कायम रखने के लिए प्रशासन ने विभिन्न इलाकों में मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर दी है।
ईद-ए-मिलाद-उल-नबी के मौके पर मुस्लिम समाज की ओर से मस्जिदों और घरों में रोशनी की जाती है। नात-ए-पाक, दरूद-ओ-सलाम, नफली इबादत और महफिल-ए-मिलाद का आयोजन किया जाता है। कई स्थानों पर जुलूस-ए-मोहम्मदी और जलसे भी निकाले जाते हैं। इसी को देखते हुए प्रशासन ने पहले से ही कानून-व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम शुरू कर दिए हैं।
ज्वालापुर समेत कई इलाकों में मजिस्ट्रेट तैनात
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि ईद-ए-मिलाद-उल-नबी के दौरान किसी भी तरह की अफवाह, विवाद या अप्रिय स्थिति पैदा न हो। इसके लिए पुलिस अधिकारियों के साथ तालमेल बनाकर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
नगर मजिस्ट्रेट हरिद्वार को नगर हरिद्वार क्षेत्र, खास तौर पर ज्वालापुर की जिम्मेदारी दी गई है। संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की रुड़की और लंढौरा क्षेत्र की निगरानी करेंगे, जबकि तहसीलदार रुड़की को मंगलौर क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उप जिलाधिकारी हरिद्वार को हरिद्वार सब-डिविजन क्षेत्र, विशेष रूप से कुन्हारी, तथा तहसीलदार हरिद्वार को धनपुरा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं उप जिलाधिकारी लक्सर को सुल्तानपुर और खड़ंजा कुतुबपुर सहित लक्सर सब-डिविजन तथा तहसीलदार लक्सर को लक्सर कस्बे की जिम्मेदारी सौंपी गई है। भगवानपुर क्षेत्र में उप जिलाधिकारी भगवानपुर को जिम्मेदारी दी गई है, जबकि तहसीलदार भगवानपुर डाडा जलालपुर और सरठेड़ी शाहजहांपुर क्षेत्र में व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे।
जुलूस और जलसे को लेकर पहले से तैयारी
प्रशासन की ओर से संबंधित धार्मिक पक्षों के साथ बैठक कर जुलूस-ए-मोहम्मदी, जलसे और अन्य धार्मिक कार्यक्रमों की व्यवस्थाओं को समय से अंतिम रूप देने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को गृह मंत्रालय और राज्य सरकार की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है।
पुलिस प्रशासन को पर्याप्त पुलिस फोर्स तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं उप जिलाधिकारी अपने स्तर से जरूरत के मुताबिक नायब तहसीलदारों की भी ड्यूटी लगा सकेंगे। अधिकारी पर्व के दौरान लगातार स्थिति पर नजर रखते हुए प्रशासन को रिपोर्ट देंगे।
अमन और भाईचारे के साथ मनाएं ईद-ए-मिलाद
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) को तहसील हरिद्वार और लक्सर तथा अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) को रुड़की और भगवानपुर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था का ओवरऑल इंचार्ज बनाया गया है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि ईद-ए-मिलाद-उल-नबी के मुबारक मौके पर अमन-ओ-अमान, आपसी भाईचारा और सांप्रदायिक सौहार्द हर हाल में कायम रहे।
उन्होंने आमजन से अपील की है कि पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद ﷺ की विलादत के इस मुबारक मौके को शांतिपूर्ण, मोहब्बत और भाईचारे के साथ मनाएं तथा प्रशासन का सहयोग करें।



