हरिद्वार BIG BREAKING: मानदेय बढ़ोतरी को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सरकार के खिलाफ मोर्चा, लिखित आदेश के बिना काम पर लौटने से इनकार!….. 2 नवंबर से धरना-प्रदर्शन जारी, मुख्यमंत्री धामी के आश्वासन के बाद भी शासनादेश नहीं होने से बढ़ा आक्रोश; जिलाध्यक्ष रितेश चौहान ने कहा– मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन

हरिद्वार BIG BREAKING: मानदेय बढ़ोतरी को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सरकार के खिलाफ मोर्चा, लिखित आदेश के बिना काम पर लौटने से इनकार!…..
2 नवंबर से धरना-प्रदर्शन जारी, मुख्यमंत्री धामी के आश्वासन के बाद भी शासनादेश नहीं होने से बढ़ा आक्रोश; जिलाध्यक्ष रितेश चौहान ने कहा– मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन
हरिद्वार। मानदेय बढ़ोतरी और सेवानिवृत्ति के बाद आर्थिक सुरक्षा की मांग को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। हरिद्वार में 2 नवंबर से जारी धरना-प्रदर्शन के बीच कार्यकर्ताओं ने साफ कर दिया है कि अब केवल आश्वासन से आंदोलन खत्म नहीं होगा। मांगों पर लिखित शासनादेश जारी होने के बाद ही वे काम पर लौटेंगी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ती, सेविका एवं मिनी कर्मचारी संगठन की जिला अध्यक्ष रितेश चौहान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं का धरना लगातार जारी है। संगठन ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से जल्द हस्तक्षेप कर मांगों पर ठोस निर्णय लेने की अपील की है।
मुख्यमंत्री का था आश्वासन, लेकिन आदेश का इंतजार
जिला अध्यक्ष रितेश चौहान के अनुसार, 2 नवंबर को मुख्यमंत्री आवास के घेराव के दौरान मुख्यमंत्री की ओर से मानदेय बढ़ोतरी और शासनादेश जारी करने का आश्वासन दिया गया था। इसके बाद संगठन ने प्रस्तावित रैली स्थगित कर दी थी। कार्यकर्ताओं को उम्मीद थी कि 9 नवंबर को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सरकार उनकी मांगों को लेकर घोषणा करेगी, लेकिन संगठन का कहना है कि अब तक कोई लिखित शासनादेश जारी नहीं हुआ है। इससे कार्यकर्ताओं में नाराजगी लगातार बढ़ रही है।
प्रतिदिन 140 रुपये मानदेय बढ़ाने की मांग
संगठन की प्रमुख मांग है कि राज्य सरकार अपने स्तर से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में प्रतिदिन 140 रुपये की वृद्धि करे। साथ ही केंद्र सरकार को प्रतिदिन 150 रुपये मानदेय बढ़ाने का प्रस्ताव भेजा जाए। कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं से जुड़ी योजनाओं को धरातल पर उतारने में अहम भूमिका निभाती हैं। इसके बावजूद उन्हें उनकी जिम्मेदारियों के अनुरूप आर्थिक लाभ नहीं मिल रहा है।
सेवानिवृत्ति पर 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मांगी
मानदेय बढ़ोतरी के साथ संगठन ने सेवानिवृत्ति के बाद 10 लाख रुपये की एकमुश्त आर्थिक सहायता देने का शासनादेश जारी करने की मांग उठाई है। रितेश चौहान ने कहा कि पहले 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता सुनिश्चित करने वाला लिखित आदेश जारी किया जाए। इसके बाद ही खाते से प्रतिमाह 300 रुपये की कटौती से संबंधित प्रस्ताव लागू किया जाए।
धरना जारी, तालाबंदी और कार्य बहिष्कार
हरिद्वार में कार्यकर्ताओं का धरना प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चल रहा है। संगठन की ओर से कार्य बहिष्कार और तालाबंदी भी की गई है। कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया है कि जब तक मांगों पर सरकारी आदेश जारी नहीं होता, आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा।
चुनाव से पहले सरकार को चेतावनी
जिला अध्यक्ष रितेश चौहान ने कहा कि प्रदेशभर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मांगों को सरकार गंभीरता से ले। वर्षों से विभागीय जिम्मेदारियां निभाने वाली कार्यकर्ताओं को अब उनके अधिकार और सम्मान मिलना चाहिए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द लिखित शासनादेश जारी नहीं किया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। संगठन अपनी मांगों से पीछे हटने वाला नहीं है।फिलहाल हरिद्वार में धरना जारी है। अब देखना होगा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आश्वासन कब सरकारी आदेश में बदलता है और सरकार आंदोलनरत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मांगों पर क्या निर्णय लेती है।



