उत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरें

हरिद्वार में मतदाता सूची का महासत्यापन शुरू! 1715 बीएलओ घर-घर पहुंचेंगे, हर वोटर की होगी पड़ताल,, “1 जुलाई 2026 तक 18 वर्ष पूरे करने वाले युवाओं को मिलेगा वोट का अधिकार” — एडीएम जितेंद्र कुमार ने राजनीतिक दलों के साथ समीक्षा बैठक में दी जानकारी,, “15 सितंबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची” — शत-प्रतिशत शुद्ध और त्रुटिरहित निर्वाचन नामावली तैयार करने पर प्रशासन का फोकस

हरिद्वार में मतदाता सूची का महासत्यापन शुरू! 1715 बीएलओ घर-घर पहुंचेंगे, हर वोटर की होगी पड़ताल,,

“1 जुलाई 2026 तक 18 वर्ष पूरे करने वाले युवाओं को मिलेगा वोट का अधिकार” — एडीएम जितेंद्र कुमार ने राजनीतिक दलों के साथ समीक्षा बैठक में दी जानकारी,,

“15 सितंबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची” — शत-प्रतिशत शुद्ध और त्रुटिरहित निर्वाचन नामावली तैयार करने पर प्रशासन का फोकस

इन्तजार रजा, हरिद्वार.. हरिद्वार जनपद में आगामी विधानसभा और अन्य निर्वाचन प्रक्रियाओं को पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाने की दिशा में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम का बिगुल बज चुका है। इसी क्रम में सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी प्रशासन जितेंद्र कुमार की अध्यक्षता में सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा, समय-सीमा और कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में एडीएम जितेंद्र कुमार ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 01 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की घोषणा की जा चुकी है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि कोई पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और कोई अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो।

उन्होंने बताया कि पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत 29 मई से 07 जून 2026 तक गणना प्रपत्रों की छपाई और संबंधित कर्मचारियों का प्रशिक्षण कार्य किया जाएगा। इसके बाद 08 जून से 07 जुलाई 2026 तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित करेंगे तथा भरे हुए प्रपत्रों का संकलन करेंगे।

हर घर पहुंचेगा बीएलओ, नए मतदाताओं का भी होगा पंजीकरण

एडीएम ने बताया कि इस अभियान के दौरान जनपद की सभी 11 विधानसभा क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर कार्य किया जाएगा। इसके लिए 11 निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ), 64 सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) तथा 1715 बीएलओ तैनात किए गए हैं।

बीएलओ न केवल मौजूदा मतदाताओं का सत्यापन करेंगे, बल्कि 01 जुलाई 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र युवाओं के नाम भी मतदाता सूची में जोड़ने के लिए आवश्यक प्रपत्र उपलब्ध कराएंगे। इसके अतिरिक्त नाम, पता, आयु अथवा अन्य विवरणों में संशोधन, मृत या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम विलोपन जैसी प्रक्रियाएं भी निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से पूरी की जाएंगी।

14 जुलाई को ड्राफ्ट सूची, 15 सितंबर को अंतिम प्रकाशन

बैठक में निर्वाचन कार्यक्रम की समय-सारिणी भी साझा की गई। प्रशासन के अनुसार 14 जुलाई 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इस अवधि में आम नागरिक अपने नाम, विवरण या अन्य त्रुटियों को लेकर आवेदन कर सकेंगे।

सभी आपत्तियों और दावों के निस्तारण के बाद 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। प्रशासन का दावा है कि इस बार पुनरीक्षण प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, समयबद्ध और प्रभावी बनाया जाएगा।

राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील

एडीएम जितेंद्र कुमार ने बैठक में उपस्थित सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम में सक्रिय सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दल अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के माध्यम से मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

उन्होंने विशेष रूप से उन विधानसभा क्षेत्रों और मतदेय स्थलों का उल्लेख किया जहां अभी तक बीएलए की नियुक्ति नहीं हुई है। राजनीतिक दलों से आग्रह किया गया कि वे जल्द से जल्द अपने बीएलए नियुक्त करें ताकि पुनरीक्षण कार्य सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर

बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि मतदाता जागरूकता के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाया जाए। ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर शहरी वार्डों तक लोगों को यह जानकारी पहुंचाई जाए कि बीएलओ उनके घर पहुंचेंगे और मतदाता सूची से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करेंगे।

प्रशासन का मानना है कि जनसहभागिता और राजनीतिक दलों के सहयोग से ही शत-प्रतिशत शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार की जा सकती है। बैठक में मौजूद राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी निर्वाचन विभाग द्वारा की जा रही तैयारियों और व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया तथा हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

बैठक में भाजपा के प्रतिनिधि नकली सिंह सैनी एवं सोनू धीमान, कांग्रेस के प्रतिनिधि बालेश्वर सिंह, चंद्रपाल सिंह और सुरेंद्र ठाकुर, बहुजन समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष मदनपाल, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अरुणेश पैन्यूली, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी धनपाल सिंह रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

अब प्रशासन की निगाह इस बात पर है कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के माध्यम से हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो और हरिद्वार जनपद की निर्वाचन नामावली पूरी तरह पारदर्शी, सटीक और विश्वसनीय बन सके।

Related Articles

Back to top button