उत्तराखंड में फिर तेज हुआ बारिश का दौर, 7 जिलों में मौसम विभाग का अलर्ट,, देहरादून समेत हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, बागेश्वर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में भारी बारिश की चेतावनी, दो दिन गरज-चमक के साथ बरसेंगे बादल

उत्तराखंड में फिर तेज हुआ बारिश का दौर, 7 जिलों में मौसम विभाग का अलर्ट,,
देहरादून समेत हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, बागेश्वर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में भारी बारिश की चेतावनी, दो दिन गरज-चमक के साथ बरसेंगे बादल
देहरादून/हरिद्वार। उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर तेज होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, बागेश्वर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जिलों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम के इस बदलाव से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं पहाड़ी और संवेदनशील क्षेत्रों में प्रशासन ने सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
देहरादून में करीब एक सप्ताह बाद झमाझम बारिश होने के आसार हैं। बारिश के चलते तापमान में करीब चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना जताई गई है। सोमवार और मंगलवार को प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ सकती हैं। इसके बाद बुधवार से बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आने के संकेत हैं।
हरिद्वार में भी बारिश को लेकर विशेष सतर्कता की जरूरत
हरिद्वार जिले में बारिश के दौरान निचले इलाकों, जलभराव संभावित क्षेत्रों और नदी-नालों के आसपास रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। तेज बारिश के दौरान अचानक जलस्तर बढ़ने और स्थानीय स्तर पर जलभराव की स्थिति पैदा हो सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि बारिश और गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचें तथा संवेदनशील क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही न करें। पहाड़ी जिलों में भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और नदी-नालों के आसपास अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन तंत्र को भी मौसम की स्थिति पर नजर रखने की सलाह दी गई है।



