एक्कड़ कलां में 10 अक्टूबर को लगेगा कानून की ‘पाठशाला’! विधिक जागरूकता शिविर की तैयारियों का सचिव DLSA ने लिया जायजा……. जनपद न्यायाधीश नरेंद्र दत्त होंगे मुख्य अतिथि, DM-SSP समेत कई वरिष्ठ अधिकारी करेंगे शिरकत; व्यवस्था में जुटा प्रशासन

एक्कड़ कलां में 10 अक्टूबर को लगेगा कानून की ‘पाठशाला’! विधिक जागरूकता शिविर की तैयारियों का सचिव DLSA ने लिया जायजा…….
जनपद न्यायाधीश नरेंद्र दत्त होंगे मुख्य अतिथि, DM-SSP समेत कई वरिष्ठ अधिकारी करेंगे शिरकत; व्यवस्था में जुटा प्रशासन

बहादराबाद/हरिद्वार। कानून की जानकारी अब गांव की चौपाल तक पहुंचाने की तैयारी है। आगामी 10 अक्टूबर को सुबह 10 बजे राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, एक्कड़ कलां में वृहद विधिक जागरूकता शिविर एवं कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मंगलवार को सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) हरिद्वार श्रीमती सिमरनजीत कौर और खंड विकास अधिकारी (BDO) बहादराबाद ने विद्यालय परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया।
कार्यक्रम में जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष नरेंद्र दत्त मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं जिलाधिकारी हरिद्वार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार सहित जनपद के कई वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।
मंच से लेकर सुरक्षा तक हर व्यवस्था की पड़ताल
निरीक्षण के दौरान सचिव DLSA और BDO ने विद्यालय परिसर, सभागार, मंच, बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और स्वच्छता व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। अधिकारियों ने कार्यक्रम में आने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
सचिव सिमरनजीत कौर ने विद्यालय प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएं। साथ ही विधिक साक्षरता एवं कानूनी अधिकारों से जुड़ी जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
10 अक्टूबर को ग्रामीणों को मिलेगी कानूनी जानकारी
विधिक जागरूकता शिविर का उद्देश्य आमजन को उनके कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता और न्यायिक प्रक्रियाओं के प्रति जागरूक करना है। कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। अधिकारियों के निरीक्षण के बाद अब 10 अक्टूबर के कार्यक्रम को अंतिम रूप देने की कवायद शुरू हो गई है।



