कांवड़ मेले की सुरक्षा परखने बाइक पर निकले SSP नवनीत सिंह भुल्लर, डाक कांवड़ के बीच खुद संभाली कमान,, फोर व्हीलर से मुश्किल हुआ ग्राउंड जायजा तो मोटरसाइकिल पर सवार होकर सड़कों पर उतरे SSP, भीड़ और यातायात व्यवस्था का लिया जायजा,, हरिलोक तिराहे पर ड्यूटी में तैनात कांस्टेबल देवेंद्र का सड़क पर मनाया जन्मदिन, अधिकारियों ने केक काटकर बढ़ाया जवान का हौसला

कांवड़ मेले की सुरक्षा परखने बाइक पर निकले SSP नवनीत सिंह भुल्लर, डाक कांवड़ के बीच खुद संभाली कमान,,
फोर व्हीलर से मुश्किल हुआ ग्राउंड जायजा तो मोटरसाइकिल पर सवार होकर सड़कों पर उतरे SSP, भीड़ और यातायात व्यवस्था का लिया जायजा,,
हरिलोक तिराहे पर ड्यूटी में तैनात कांस्टेबल देवेंद्र का सड़क पर मनाया जन्मदिन, अधिकारियों ने केक काटकर बढ़ाया जवान का हौसला
हरिद्वार। कांवड़ मेला अपने चरम चरण में पहुंच चुका है और डाक कांवड़ियों की भारी भीड़ के बीच हरिद्वार की सड़कों पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। रविवार शाम हरिद्वार के एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर खुद ग्राउंड पर उतरकर व्यवस्थाओं का जायजा लेने निकले। डाक कांवड़ के बढ़ते दबाव के बीच फोर व्हीलर से कई स्थानों पर पहुंचना मुश्किल होने के कारण एसएसपी ने मोटरसाइकिल पर सवार होकर विभिन्न कांवड़ मार्गों का निरीक्षण किया और मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
एसएसपी के बाइक पर निकलने से पुलिस महकमे में भी सक्रियता दिखाई दी। उन्होंने डाक कांवड़ियों की बढ़ती संख्या, वाहनों की आवाजाही, यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और पुलिस बल की तैनाती को करीब से परखा। एसएसपी ने ड्यूटी प्वाइंटों पर तैनात पुलिसकर्मियों से संवाद कर यह भी जाना कि उन्हें मौके पर किस तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। अधिकारियों को भीड़ के दबाव वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने और श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
डाक कांवड़ के बीच जवानों का बढ़ाया मनोबल
कांवड़ मेले में जहां लाखों शिवभक्त गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो रहे हैं, वहीं पुलिसकर्मी लगातार कई-कई घंटे ड्यूटी कर व्यवस्था संभाल रहे हैं। ऐसे में पुलिस अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात जवानों के उत्साह और मनोबल को बढ़ाने के लिए एक अलग ही पहल की।
हरिलोक तिराहे पर ड्यूटी में तैनात कांस्टेबल देवेंद्र का रविवार को जन्मदिन था। ड्यूटी के दौरान परिवार और बच्चों से दूर रहकर कांवड़ मेले की व्यवस्था संभाल रहे देवेंद्र के जन्मदिन की जानकारी सीओ सदर सुरेंद्र प्रसाद बलूनी को मिली। इसके बाद अधिकारियों ने मौके पर ही जवान का जन्मदिन मनाने का फैसला किया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर केक मंगवाया और सड़क पर ही कांस्टेबल देवेंद्र से केक कटवाकर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने तालियां बजाकर जवान का हौसला बढ़ाया। जन्मदिन के इस छोटे से आयोजन ने ड्यूटी के तनाव के बीच पुलिसकर्मियों के चेहरों पर मुस्कान ला दी।
‘परिवार से दूर हैं, लेकिन पुलिस परिवार साथ है’
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ मेले में तैनात जवान अपने परिवार और बच्चों से दूर रहकर लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। ऐसे में इस तरह के छोटे प्रयास जवानों में नई ऊर्जा और उत्साह पैदा करते हैं।कांवड़ यात्रा के अंतिम चरण में डाक कांवड़ियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में पुलिस के सामने भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सबसे बड़ी चुनौती है। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर का बाइक पर ग्राउंड पर उतरना इसी बात का संकेत है कि पुलिस अधिकारी खुद मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।
हरिद्वार की सड़कों पर एक ओर जहां ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष गूंज रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पुलिसकर्मी दिन-रात ड्यूटी निभाकर कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में जुटे हैं। जवान देवेंद्र का सड़क पर मनाया गया जन्मदिन इसी कर्तव्यनिष्ठ पुलिस परिवार की तस्वीर पेश करता नजर आया।



