उत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरें

गुरु पूर्णिमा से शुरू होगा संत गुरु रविदास के 650वें प्रकाशोत्सव का राष्ट्रव्यापी महाअभियान,, 29 जुलाई से देशभर के रविदास मंदिरों में दीप प्रज्ज्वलन, सदस्यता संकल्प अभियान और सामाजिक जागरण कार्यक्रम होंगे शुरू,, 30 जुलाई को वाराणसी से आ रही स्वर्णिम कलश यात्रा का उत्तराखंड सीमा मंडावर बॉर्डर पर होगा भव्य स्वागत, 2027 के ऐतिहासिक प्रकाशोत्सव की तैयारियां तेज

गुरु पूर्णिमा से शुरू होगा संत गुरु रविदास के 650वें प्रकाशोत्सव का राष्ट्रव्यापी महाअभियान,,

29 जुलाई से देशभर के रविदास मंदिरों में दीप प्रज्ज्वलन, सदस्यता संकल्प अभियान और सामाजिक जागरण कार्यक्रम होंगे शुरू,,

30 जुलाई को वाराणसी से आ रही स्वर्णिम कलश यात्रा का उत्तराखंड सीमा मंडावर बॉर्डर पर होगा भव्य स्वागत, 2027 के ऐतिहासिक प्रकाशोत्सव की तैयारियां तेज

हरिद्वार। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाशोत्सव को ऐतिहासिक और भव्य रूप से मनाने की तैयारियां अब राष्ट्रीय स्तर पर तेज हो गई हैं। इसी क्रम में शिरोमणि गुरु रविदास विश्व महापीठ की उत्तराखंड कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को हरिद्वार के सिडकुल स्थित एक होटल में आयोजित की गई। बैठक में वर्ष 2027 में होने वाले 650वें प्रकाशोत्सव की विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा की गई तथा गुरु पूर्णिमा (29 जुलाई) से शुरू होने वाले राष्ट्रव्यापी अभियान की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया।

बैठक में बताया गया कि 29 जुलाई से देशभर के रविदास मंदिरों में दीप प्रज्ज्वलन के साथ सदस्यता संकल्प अभियान प्रारंभ किया जाएगा। यह अभियान लगातार 20 फरवरी 2027 तक चलेगा। अभियान का उद्देश्य गुरु रविदास के विचारों, सामाजिक समरसता, समानता और मानवता के संदेश को देश के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाना तथा समाज को एकजुट करना है।

बैठक को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री एवं राष्ट्रीय सचिव देशराज कर्णवाल ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी ने अपने जीवन में सामाजिक समरसता, समानता और हिंदुत्व की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है कि समाज गुरु रविदास के बताए मार्ग पर चलते हुए सनातन संस्कृति के मूल्यों को मजबूत करे। उन्होंने धर्मांतरण जैसी चुनौतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज को जागरूक होकर अपनी सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक पहचान की रक्षा करनी होगी।

वहीं राज्यमंत्री सुरेंद्र मोगा ने जानकारी दी कि गुरु रविदास की जन्मस्थली वाराणसी से निकलने वाली स्वर्णिम कलश यात्रा 30 जुलाई को सहारनपुर पहुंचेगी। इसके बाद उत्तराखंड सीमा स्थित मंडावर चौकी पर यात्रा का भव्य स्वागत किया जाएगा। स्वागत के उपरांत कलश यात्रा को स्थानीय रविदास मंदिर ले जाया जाएगा, जहां श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ कलश को विश्राम कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह यात्रा समाज में एकता और आस्था का प्रतीक बनेगी।

प्रदेश अध्यक्ष प्रो. धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष दुष्यंत कुमार गौतम, राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरजीत कुमार तथा अंतरराष्ट्रीय महामंत्री आत्माराम भाई परमार के निर्देशन में यह राष्ट्रव्यापी अभियान संचालित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गुरु पूर्णिमा से प्रारंभ होने वाला यह अभियान केवल सदस्यता तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसके माध्यम से गुरु रविदास के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने, युवाओं को जोड़ने और सामाजिक चेतना को मजबूत करने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में आयोजित होने वाला 650वां प्रकाशोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं होगा, बल्कि यह सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक चेतना का महाआयोजन बनेगा। इसके लिए देश के साथ-साथ विदेशों में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

प्रदेश महामंत्री (संगठन) सतीश कुमार ने कहा कि विश्व महापीठ द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। प्रत्येक जिले, ब्लॉक और गांव तक संगठन को मजबूत किया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास का संदेश आज भी समाज को समानता, भाईचारे और मानवता का मार्ग दिखाता है, इसलिए उनके विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है।

बैठक में मौजूद राष्ट्रीय सचिव एवं सुबोध राकेश ने भी प्रकाशोत्सव को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि यह अभियान समाज को संगठित करने और गुरु रविदास के आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और शहर-शहर जाकर अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने का आग्रह किया।

बैठक की अध्यक्षता संरक्षक मोदीमल तेगवाल ने की जबकि संचालन जिलाध्यक्ष देशराज कपिल ने किया। इस दौरान प्रांतीय संरक्षक किशोर कुमार, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष बरखा रानी, विजयपाल, जिला पंचायत सदस्य अरविंद कुमार, लक्सर ब्लॉक प्रमुख डॉ. हर्ष कुमार, प्रवीण कुमार, स्वराज सिंह, कथा वाचक सागर आनंद, मनीराम, सुमित सम्राट, डॉ. संदीप कुमार, सेवाराम भारती, संजीव कुमार, अधिवक्ता नेहा बर्मन, जोगेंद्र सिंह, दयाराम, दीपक सूर्या, जोनी कसेरिया, संजय कुमार, करन सिंह सहित प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य और विभिन्न जिलों से आए बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में संगठन पदाधिकारियों ने संकल्प लिया कि गुरु पूर्णिमा से प्रारंभ होने वाले अभियान को जन-जन तक पहुंचाकर वर्ष 2027 में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाशोत्सव को देश-विदेश में अभूतपूर्व श्रद्धा, उत्साह और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। साथ ही सभी कार्यकर्ताओं से समाज में समरसता, समानता, भाईचारे और सेवा की भावना को मजबूत करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।

Related Articles

Back to top button