फर्जी प्रमाण पत्र का ‘खेल’ बेनकाब! अब SIT के रडार पर पूरी कहानी….. NEET-UG 2025 में MBBS दाखिले का मामला—

फर्जी प्रमाण पत्र का ‘खेल’ बेनकाब! अब SIT के रडार पर पूरी कहानी…..
NEET-UG 2025 में MBBS दाखिले का मामला—

देहरादून में NEET-UG 2025 के जरिए MBBS में दाखिले के लिए कथित फर्जी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित प्रमाण-पत्र इस्तेमाल करने के मामले में अब जांच का दायरा बढ़ता जा रहा है। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित SIT ने मामले की एक-एक कड़ी जोड़ना शुरू कर दिया है। धर्मवीर के नाम से प्रमाण-पत्र का कथित लाभ लेकर दाखिला लेने की बात जांच में सामने आई है। अब SIT यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर यह प्रमाण-पत्र कहां से आया और इसके पीछे पूरा नेटवर्क क्या था।
SIT की पूछताछ में खुल रहे राज!
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण में गठित SIT ने धर्मवीर के परिजनों, उनके पुत्र और पौत्र के बयान दर्ज किए हैं। प्रमाण-पत्र से जुड़े राजस्व रिकॉर्ड की जांच के लिए संबंधित पटवारी से भी पूछताछ की गई है। पुलिस दस्तावेजों और बयानों को आपस में मिलाकर मामले की वास्तविक तस्वीर सामने लाने में जुटी है।
अब पतों की बारी… चारों अभियुक्तों के पते निकले फर्जी
जांच के दौरान चारों अभियुक्तों के अभिलेखों में दर्ज पतों का सत्यापन कराया गया। पुलिस के मुताबिक सत्यापन में ये पते भी फर्जी पाए गए। इस खुलासे के बाद जांच और महत्वपूर्ण हो गई है।SIT अब प्रमाण-पत्र तैयार होने से लेकर उसके आधार पर MBBS में प्रवेश लेने तक की पूरी प्रक्रिया की जांच कर रही है। किस स्तर पर दस्तावेजों का इस्तेमाल हुआ और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसका पता साक्ष्यों के आधार पर लगाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और आगे की कार्रवाई उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।
जया बलूनी, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, देहरादून…..“वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर इस मामले में एसआईटी गठित की गई है। टीम द्वारा सभी संबंधित दस्तावेजों और तथ्यों की गहनता से जांच की जा रही है। धर्मवीर के परिजनों, उनके पुत्र एवं पौत्र के बयान दर्ज किए गए हैं। संबंधित राजस्व अभिलेखों की जानकारी के लिए पटवारी के भी बयान लिए गए हैं। जांच के दौरान चारों अभियुक्तों के अभिलेखों में दर्ज पते भी सत्यापन में फर्जी पाए गए हैं। मामले में जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।”



