उत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरें

भारत माता मंदिर में गुरुदेव स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि जी की समाधि मंदिर मूर्ति का भव्य अनावरण,, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सीएम धामी, सीएम योगी सहित संत-महात्माओं ने अर्पित की श्रद्धांजलि,, सनातन संस्कृति, राष्ट्र चेतना और गुरु-शिष्य परंपरा का तीन दिवसीय विराट संगम

इन्तजार रजा हरिद्वार- भारत माता मंदिर में गुरुदेव स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि जी की समाधि मंदिर मूर्ति का भव्य अनावरण,,

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सीएम धामी, सीएम योगी सहित संत-महात्माओं ने अर्पित की श्रद्धांजलि,,

सनातन संस्कृति, राष्ट्र चेतना और गुरु-शिष्य परंपरा का तीन दिवसीय विराट संगम

हरिद्वार।
हरिद्वार के सप्तऋषि क्षेत्र स्थित भारत माता मंदिर परिसर में ब्रह्मलीन परम पूज्य गुरुदेव स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि जी महाराज की समाधि मंदिर एवं प्रतिमा स्थापना के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय भव्य समारोह का शुक्रवार को विधिवत समापन हो गया। समापन अवसर पर समाधि मंदिर एवं गुरुदेव की प्रतिमा का वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ अनावरण किया गया, जिससे पूरा परिसर श्रद्धा, भक्ति और राष्ट्र चेतना से सराबोर हो उठा।

इस पावन अवसर पर केन्द्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल खट्टर, उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री बृजेश पाठक, जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर श्री अवधेशानंद गिरि महाराज सहित देशभर से आए संत-महात्माओं, धर्माचार्यों और राजनीतिक नेतृत्व ने गुरुदेव के समाधि स्थल पर पहुंचकर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

देशभर के संतों और नेतृत्व की गरिमामयी उपस्थिति

तीन दिवसीय इस भव्य आयोजन में देश के विभिन्न हिस्सों से संत-महात्मा, धर्मगुरु, सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्र चेतना, सनातन संस्कृति, गुरु-शिष्य परंपरा, मानव सेवा और सांस्कृतिक पुनर्जागरण जैसे विषयों पर गहन विचार-विमर्श हुआ। भारत माता मंदिर परिसर में आयोजित इस समारोह ने हरिद्वार को एक बार फिर राष्ट्रीय सांस्कृतिक चेतना का केंद्र बना दिया।

राजनाथ सिंह बोले—संस्कृति सुरक्षित होगी तो राष्ट्र सशक्त रहेगा

गंगा तट पर आयोजित समापन समारोह को संबोधित करते हुए केन्द्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि इस पावन अवसर पर उपस्थित होना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने मां गंगा को नमन करते हुए ऋषि-मुनियों की स्मृतियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
रक्षा मंत्री ने कहा कि स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि जी महाराज भले ही आज हमारे बीच शारीरिक रूप से उपस्थित नहीं हैं, लेकिन उनकी साधना, विचार और जीवन दर्शन आज भी समाज को दिशा दिखा रहे हैं। उनकी प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा उनके मूल्यों और विचारधारा को पुनः जागृत करने का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि हरिद्वार केवल एक तीर्थस्थल नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक चेतना का मूल केंद्र है। यहीं से भारतीय संस्कृति की अखंड धारा प्रवाहित होती है। राष्ट्र की रक्षा केवल सीमाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि उसकी सांस्कृतिक जड़ों की सुरक्षा भी उतनी ही आवश्यक है। यदि संस्कृति कमजोर होती है, तो राष्ट्र भी कमजोर हो जाता है।

सीएम धामी—भारत माता मंदिर राष्ट्र प्रेम का जीवंत प्रतीक

उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने देवभूमि उत्तराखण्ड में सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि गुरुदेव स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि जी महाराज ने आध्यात्मिक साधना को समाज सेवा से जोड़कर एक विशिष्ट और प्रेरणादायी जीवन दर्शन प्रस्तुत किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत माता मंदिर की स्थापना के माध्यम से गुरुदेव ने राष्ट्र प्रेम, सांस्कृतिक गौरव और राष्ट्रीय एकता को मूर्त रूप दिया। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की सनातन संस्कृति और विरासत को आज वैश्विक पहचान मिल रही है और उत्तराखण्ड विकास तथा विरासत के संतुलन के साथ निरंतर आगे बढ़ रहा है।

सीएम योगी—सनातन परंपरा के सशक्त ध्वजवाहक थे गुरुदेव

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि जी महाराज सनातन परंपरा के सशक्त ध्वजवाहक थे। करुणा, मैत्री, सेवा और राष्ट्रभक्ति उनके जीवन के मूल मूल्य थे।
उन्होंने भारत माता मंदिर को राष्ट्रीय एकता का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह मंदिर जाति, क्षेत्र और भाषा की सीमाओं से ऊपर उठकर संपूर्ण भारत को एक सूत्र में बांधने का कार्य करता है।

संत समाज और राजनीतिक नेतृत्व का संगम

केंद्रीय ऊर्जा एवं शहरी विकास मंत्री श्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि संत समाज से उन्हें सदैव प्रेरणा और मार्गदर्शन प्राप्त होता रहा है।
कार्यक्रम में जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर श्री अवधेशानंद गिरि महाराज, कार्ष्णि पीठाधीश्वर स्वामी गुरु शरणानंद जी महाराज, उप मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश श्री बृजेश पाठक, हरिद्वार सांसद श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, विधानसभा अध्यक्ष श्रीमती ऋतु खंडूड़ी भूषण, कैबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, विधायक श्री प्रेमचंद अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में साधु-संत, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

समारोह का समापन राष्ट्रगान, वैदिक मंत्रोच्चार और भारत माता की जय के उद्घोष के साथ हुआ, जिसने पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।

Related Articles

Back to top button