अवैध शराब के खिलाफ हरिद्वार में बहादराबाद पुलिस का सर्च ऑपरेशन,, जंगलों में मिले 5000 लीटर लाहन,, घने जंगलों और नालों में छिपे अड्डों तक पहुंची पुलिस, अवैध कारोबारियों में मचा हड़कंप
इन्तजार रजा हरिद्वार- अवैध शराब के खिलाफ हरिद्वार में बहादराबाद पुलिस का सर्च ऑपरेशन,, जंगलों में मिले 5000 लीटर लाहन,,
घने जंगलों और नालों में छिपे अड्डों तक पहुंची पुलिस, अवैध कारोबारियों में मचा हड़कंप
हरिद्वार, 08 नवम्बर 2025।
हरिद्वार पुलिस ने अवैध शराब के विरुद्ध सख्त रुख अपनाते हुए थाना बहादराबाद क्षेत्र में शनिवार को बड़ा अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर थाना प्रभारी बहादराबाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अहमद ग्रांट क्षेत्र के घने जंगलों और नालों में सर्च ऑपरेशन चलाकर अवैध कच्ची शराब बनाने के अड्डों का भंडाफोड़ किया। पुलिस टीम ने मौके से लगभग 5000 लीटर लाहन बरामद किया जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। साथ ही शराब बनाने में प्रयुक्त ड्रम, पाइप, डिगचियों और अन्य उपकरण भी बरामद किए गए। यह लाहन अवैध रूप से शराब तैयार करने के लिए प्लास्टिक ड्रमों में छिपाकर रखा गया था। पुलिस के अचानक पहुंचे सर्च अभियान से अवैध कारोबारियों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग मौके से फरार हो गए।
थाना प्रभारी ने बताया कि यह कार्रवाई क्षेत्र में लगातार मिल रही शिकायतों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर की गई है। पुलिस की टीम ने जंगलों और नालों के अंदर बने अस्थायी ठिकानों में जाकर सर्चिंग की, जहां पर अवैध शराब का कारोबार चल रहा था। टीम ने मौके पर मौजूद संदिग्ध सामग्रियों को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई की।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इलाके के कई देहात क्षेत्रों में कुछ असामाजिक तत्व कच्ची शराब बनाकर आसपास के इलाकों में बेच रहे हैं। इससे न केवल राजस्व की हानि हो रही थी बल्कि आम जनता के स्वास्थ्य के लिए भी खतरा बना हुआ था। इसको देखते हुए एसएसपी हरिद्वार ने जिलेभर में अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।
थाना बहादराबाद पुलिस अब ऐसे सभी स्थानों को चिन्हित कर रही है जहां अवैध रूप से शराब बनाई या बेची जा रही है। जल्द ही आसपास के देहात, जंगलों और गुप्त स्थलों पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि किसी क्षेत्र में इस प्रकार की गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि अपराधियों पर शिकंजा कसा जा सके।
इस अभियान में शामिल पुलिस कर्मियों ने बताया कि यह कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी और किसी भी सूरत में अवैध शराब के कारोबार को फलने-फूलने नहीं दिया जाएगा। हरिद्वार पुलिस का यह अभियान जनहित में चलाया जा रहा है ताकि समाज को जहरीली शराब से बचाया जा सके और क्षेत्र में कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे।



