उत्तर प्रदेशएक्सक्लूसिव खबरें

नागिन बनने की फैलाई अफवाह,,     प्रेमी संग फरार युवती, गांव में फैली दहशत,, बिस्तर पर छोड़ी सांप की केंचुल, चूड़ियां और सिंदूर, पुलिस जांच में खुला राज,, औरैया के फफूंद क्षेत्र की घटना ने अंधविश्वास और फिल्मी ड्रामे को किया उजागर

इन्तजार रजा हरिद्वार- नागिन बनने की फैलाई अफवाह,,     प्रेमी संग फरार युवती, गांव में फैली दहशत,,
बिस्तर पर छोड़ी सांप की केंचुल, चूड़ियां और सिंदूर, पुलिस जांच में खुला राज,,
औरैया के फफूंद क्षेत्र की घटना ने अंधविश्वास और फिल्मी ड्रामे को किया उजागर

यूपी के औरैया जिले से सामने आया यह मामला किसी थ्रिलर फिल्म की कहानी से कम नहीं है। फफूंद थाना क्षेत्र के एक गांव में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक युवती के अचानक गायब होने के साथ ही यह अफवाह उड़ गई कि वह इंसान नहीं बल्कि ‘नागिन’ बन गई है। इस अफवाह ने कुछ ही घंटों में पूरे गांव को दहशत और भ्रम में डाल दिया। हालांकि, पुलिस जांच में सामने आया सच इस रहस्यमयी कहानी से बिल्कुल अलग और चौंकाने वाला निकला।

घटना तब सामने आई जब सुबह काफी देर तक युवती अपने कमरे से बाहर नहीं निकली। परिजनों को शक हुआ तो उन्होंने दरवाजा खोला। अंदर का नजारा देखकर सभी के होश उड़ गए। बिस्तर पर कपड़ों में लिपटी करीब पांच फीट लंबी सांप की केंचुल रखी थी। उसके पास चूड़ियां और सिंदूर पड़ा हुआ था, लेकिन युवती कमरे में मौजूद नहीं थी। यह दृश्य देखते ही परिजन घबरा गए और कुछ ही देर में यह खबर पूरे गांव में फैल गई।

ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। किसी ने कहा कि युवती किसी रहस्यमयी शक्ति से जुड़ी थी, तो किसी ने दावा किया कि वह नागिन बनकर इंसानी रूप छोड़ गई। देखते ही देखते अंधविश्वास ने पूरे गांव को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ लोग डर के मारे युवती के घर के आसपास जाने से कतराने लगे। महिलाएं पूजा-पाठ में जुट गईं और बच्चे सहमे हुए नजर आए। माहौल लगातार बिगड़ता देख परिजनों ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही फफूंद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने कमरे का बारीकी से निरीक्षण किया। न तो किसी तरह के संघर्ष के निशान मिले और न ही जबरदस्ती के। इसके बाद युवती के मोबाइल और कॉल डिटेल्स को सर्विलांस पर लिया गया। जांच आगे बढ़ी तो धीरे-धीरे कहानी की परतें खुलने लगीं।

पुलिस को पता चला कि युवती का गांव के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों लंबे समय से संपर्क में थे, लेकिन परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था। इसी कारण दोनों ने घर से भागने की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार, युवती ने जानबूझकर यह पूरा फिल्मी ड्रामा रचा ताकि उसके अचानक गायब होने पर किसी को सीधे प्रेम प्रसंग या फरारी का शक न हो।

युवती ने पहले से सांप की केंचुल जुटाई, उसे कपड़ों में लपेटकर अपने बिस्तर पर रख दिया और साथ में चूड़ियां व सिंदूर छोड़ दिया, जिससे मामला रहस्यमयी लगे और लोग अंधविश्वास में उलझ जाएं। पुलिस ने युवती और उसके प्रेमी की तलाश शुरू कर दी है और जल्द ही दोनों को बरामद करने का दावा किया जा रहा है।

यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि कैसे अंधविश्वास और अफवाहें कुछ ही पलों में पूरे समाज को भ्रमित कर सकती हैं, जबकि हकीकत अक्सर बेहद साधारण और चौंकाने वाली होती है।

Related Articles

Back to top button