अफवाहउत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरें

UPSC 2025 में 708वीं रैंक पर ‘फैरुज फातिमा’ को लेकर बना असमंजस,, पिरान कलियर और केरल की दो युवतियों ने किया चयन का दावा,, मार्कशीट जारी होने के बाद ही साफ होगी सच्चाई, फिलहाल दोनों जगह जश्न का माहौल

इन्तजार रजा हरिद्वार- UPSC 2025 में 708वीं रैंक पर ‘फैरुज फातिमा’ को लेकर बना असमंजस,,

पिरान कलियर और केरल की दो युवतियों ने किया चयन का दावा,,

मार्कशीट जारी होने के बाद ही साफ होगी सच्चाई, फिलहाल दोनों जगह जश्न का माहौल

कलियर/हरिद्वार। संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा 2025 के परिणाम सामने आने के बाद 708वीं रैंक को लेकर दिलचस्प स्थिति बन गई है। ‘फैरुज फातिमा’ नाम की दो युवतियों ने इस रैंक पर अपने चयन का दावा किया है, जिसके कारण लोगों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो गई है। एक ओर उत्तराखंड के पिरान कलियर क्षेत्र की रहने वाली युवती खुद को इस रैंक पर चयनित बता रही है, वहीं दूसरी ओर केरल की एक अन्य युवती भी इसी नाम से 708वीं रैंक प्राप्त करने का दावा कर रही है।

दोनों ही जगहों पर चयन की खबर सामने आते ही खुशी का माहौल बन गया है। स्थानीय लोग अपनी-अपनी ‘फैरुज फातिमा’ को बधाई दे रहे हैं और उनके घरों पर शुभकामनाएं देने वालों का तांता लगा हुआ है। हालांकि एक ही नाम और एक ही रैंक के दावे ने पूरे मामले को चर्चा का विषय बना दिया है।

पिरान कलियर में खुशी की लहर, लोगों ने दी बधाई

उत्तराखंड के पिरान कलियर क्षेत्र में जब यह खबर सामने आई कि यहां की बेटी ‘फैरुज फातिमा’ ने यूपीएससी परीक्षा में 708वीं रैंक हासिल की है, तो पूरे इलाके में खुशी की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों ने इसे क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बताया और युवती के परिवार को बधाइयां देने के लिए लोग उनके घर पहुंचने लगे।

कई सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने भी इस उपलब्धि पर खुशी जताई और कहा कि अगर यह खबर सही साबित होती है तो यह पिरान कलियर के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि होगी। क्षेत्र के युवाओं और खासकर छात्राओं के लिए यह बड़ी प्रेरणा बन सकती है।

कलियर निवासी फातिमा का कहना है कि यूपीएससी द्वारा जारी सूची में जो नाम प्रकाशित हुआ है वह उनका ही है। उन्होंने बताया कि आयोग द्वारा अभी विस्तृत मार्कशीट जारी नहीं की गई है। जब मार्कशीट सार्वजनिक होगी तब पूरी स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।

उन्होंने कहा कि उन्हें अपने चयन को लेकर पूरा भरोसा है और आने वाले दिनों में आयोग की ओर से जारी होने वाले दस्तावेजों के बाद सभी भ्रम दूर हो जाएंगे।

केरल में भी जश्न, दूसरी युवती ने भी किया दावा

इसी बीच केरल से भी खबर सामने आई है कि वहां की एक युवती ‘फैरुज फातिमा’ ने भी यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2025 में 708वीं रैंक हासिल करने का दावा किया है। केरल में भी इस खबर के बाद खुशी का माहौल है और स्थानीय लोग इस उपलब्धि का जश्न मना रहे हैं।

केरल की युवती का कहना है कि यूपीएससी द्वारा जारी सूची में दिया गया नाम उनका ही है और उन्होंने ही यह रैंक प्राप्त की है। उनका भी कहना है कि जब आयोग की ओर से मार्कशीट और अन्य विवरण जारी किए जाएंगे तब पूरी स्थिति साफ हो जाएगी।

दोनों जगहों पर एक ही नाम और एक ही रैंक को लेकर हो रहे दावों ने लोगों के बीच चर्चा का विषय बना दिया है। सोशल मीडिया पर भी इस मामले को लेकर कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

आधिकारिक पुष्टि का इंतजार, मार्कशीट से साफ होगी तस्वीर

फिलहाल इस पूरे मामले में अंतिम सच्चाई सामने आने के लिए लोगों को थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा। विशेषज्ञों का कहना है कि जब तक संघ लोक सेवा आयोग की ओर से विस्तृत मार्कशीट और अन्य आधिकारिक दस्तावेज जारी नहीं किए जाते, तब तक यह स्पष्ट नहीं हो सकता कि 708वीं रैंक पर चयनित उम्मीदवार वास्तव में कौन है।

जानकारों के अनुसार आमतौर पर यूपीएससी परिणाम घोषित होने के कुछ समय बाद विस्तृत मार्कशीट अपलोड करता है, जिसमें उम्मीदवारों का पूरा विवरण और प्राप्तांक स्पष्ट रूप से दर्ज होते हैं। उसी के आधार पर यह तय हो सकेगा कि 708वीं रैंक पर चयनित ‘फैरुज फातिमा’ कौन हैं।

फिलहाल पिरान कलियर और केरल दोनों जगहों पर लोग अपने-अपने स्तर पर खुशी मना रहे हैं और आधिकारिक पुष्टि का इंतजार कर रहे हैं। जैसे ही आयोग की ओर से मार्कशीट जारी होगी, इस पूरे मामले की सच्चाई सामने आ जाएगी और यह स्पष्ट हो जाएगा कि यूपीएससी 2025 की सिविल सेवा परीक्षा में 708वीं रैंक आखिरकार किस ‘फैरुज फातिमा’ को मिली है।

Related Articles

Back to top button