अपराधअलर्टइन्वेस्टिगेशनउत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरेंगिरफ्तारी

गढमीरपुर के राजपुर में देर रात हथियारबंद बदमाशों की दस्तक: स्कूल और घर का ताला तोड़कर घुसे 5 नकाबपोश, परिवार में दहशत! “एक घंटे तक स्कूल परिसर में घूमते रहे हथियारबंद आरोपी, आवास का ताला न खुलने पर लौटे वापस — जानलेवा हमले की आशंका” “देर-रात 2 बजे की घटना से सहमा परिवार, रानीपुर पुलिस चौकी सुमन नगर में दी गई तहरीर; सुरक्षा की लगाई गुहार” पुलिस का जल्द नकाबपोशो को गिरफ्तार कर खुलासे का दावा,, पड़ताल जारी 

इन्तजार रजा हरिद्वार- गढमीरपुर के राजपुर में देर रात हथियारबंद बदमाशों की दस्तक: स्कूल और घर का ताला तोड़कर घुसे 5 नकाबपोश, परिवार में दहशत!

“एक घंटे तक स्कूल परिसर में घूमते रहे हथियारबंद आरोपी, आवास का ताला न खुलने पर लौटे वापस — जानलेवा हमले की आशंका”

“देर-रात 2 बजे की घटना से सहमा परिवार, रानीपुर पुलिस चौकी सुमन नगर में दी गई तहरीर; सुरक्षा की लगाई गुहार”

पुलिस का जल्द नकाबपोशो को गिरफ्तार कर खुलासे का दावा,, पड़ताल जारी

हरिद्वार के रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में देर रात उस समय सनसनी फैल गई जब पांच हथियारबंद बदमाश एक स्कूल और मकान का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। बदमाश करीब एक घंटे तक पूरे परिसर में घूमते रहे और घर में घुसने की लगातार कोशिश करते रहे। घटना के बाद परिवार दहशत में है और इलाके में भय का माहौल बना हुआ है। पीड़ित परिवार ने पुलिस से सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

घटना सुमन नगर चौकी क्षेत्र की बताई जा रही है। ग्राम राजपुर, पोस्ट गढ़मीरपुर निवासी मसूर अली पुत्र महसूल अली ने चौकी प्रभारी सुमन नगर को दी तहरीर में बताया कि 12 मई 2026 की रात लगभग 2:04 बजे पांच हथियारबंद लोग उनके स्कूल और मकान में जबरन घुस आए। बदमाशों ने सबसे पहले मुख्य गेट का ताला तोड़ा और उसके बाद स्कूल परिसर में दाखिल हो गए।

पीड़ित के अनुसार उनका भवन तीन मंजिला है, जिसमें प्रथम और द्वितीय तल पर “रिहाना खातून मेमोरियल इरा जूनियर हाई स्कूल” संचालित होता है, जबकि तीसरी मंजिल पर उनका परिवार रहता है। बदमाशों ने पहले स्कूल के दोनों तल के ताले तोड़े और फिर ऊपर आवास तक पहुंच गए। आरोप है कि पांचों बदमाश हथियारों से लैस थे और लगातार घर का ताला तोड़ने का प्रयास करते रहे।तहरीर में कहा गया है कि बदमाश करीब एक घंटे तक पूरे परिसर में घूमते रहे। इस दौरान उन्होंने घर में घुसने की कई बार कोशिश की, लेकिन ताला नहीं खुल पाने के कारण वे अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित परिवार का कहना है कि यदि ताला टूट जाता तो बड़ी वारदात हो सकती थी।

मसूर अली ने पुलिस को बताया कि बदमाशों की मंशा लूट, डकैती और परिवार को जान से नुकसान पहुंचाने की थी। घटना के बाद से पूरा परिवार बेहद डरा और सहमा हुआ है। परिवार के सदस्यों का कहना है कि रातभर दहशत के कारण कोई सो नहीं सका और बच्चों में भी भय का माहौल है।

घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह है कि आखिर पांच हथियारबंद बदमाश एक घंटे तक स्कूल परिसर में घूमते रहे और किसी को भनक तक नहीं लगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे स्कूल और आवास में घुसकर घंटों उत्पात मचा सकते हैं, तो आम लोगों की सुरक्षा भगवान भरोसे है।

पीड़ित ने चौकी प्रभारी सुमन नगर से मामले की जांच कर तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी गुहार लगाई है। तहरीर में कहा गया है कि आरोपी कभी भी दोबारा हमला कर सकते हैं, जिससे परिवार में लगातार डर बना हुआ है।

सूत्रों के अनुसार पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। हालांकि अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हो सकी है।

इस सनसनीखेज घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई है। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते ऐसे गिरोहों पर कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में बड़ी घटनाएं हो सकती हैं।

Related Articles

Back to top button