सोशल मीडिया की अफवाहों से सावधान! हरिद्वार में श्रमिकों की सैलरी बढ़ने की खबर निकली भ्रामक, श्रम विभाग ने जारी की बड़ी अपील,, “AI से बनाई जा रहीं फर्जी तस्वीरों और वायरल पोस्ट से न हों गुमराह — सहायक श्रम आयुक्त प्रशांत कुमार ने किया साफ,, “ओवरटाइम, बोनस, एरियर या वेतन से जुड़ी हर शिकायत का होगा समाधान, श्रमिक सिर्फ 5 प्रतिनिधियों के साथ कार्यालय पहुंचें”
सोशल मीडिया पर चल रही भ्रामक खबरों से बचें, किसी भी समस्या के लिए सीधे श्रम विभाग से संपर्क करें।”

इन्तजार रजा हरिद्वार- सोशल मीडिया की अफवाहों से सावधान! हरिद्वार में श्रमिकों की सैलरी बढ़ने की खबर निकली भ्रामक, श्रम विभाग ने जारी की बड़ी अपील,,
“AI से बनाई जा रहीं फर्जी तस्वीरों और वायरल पोस्ट से न हों गुमराह — सहायक श्रम आयुक्त प्रशांत कुमार ने किया साफ,,
“ओवरटाइम, बोनस, एरियर या वेतन से जुड़ी हर शिकायत का होगा समाधान, श्रमिक सिर्फ 5 प्रतिनिधियों के साथ कार्यालय पहुंचें”
हरिद्वार | 16 मई 2026
जनपद हरिद्वार में इन दिनों सोशल मीडिया पर श्रमिकों की सैलरी बढ़ने को लेकर वायरल हो रही खबरों और पोस्टों के बीच श्रम विभाग ने बड़ा स्पष्टीकरण जारी करते हुए श्रमिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। सहायक श्रम आयुक्त प्रशांत कुमार ने साफ कहा है कि केंद्र सरकार द्वारा मजदूरों के वेतन में बढ़ोतरी को लेकर अभी तक कोई नया आदेश जारी नहीं किया गया है और सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही कई तस्वीरें और खबरें भ्रामक तथा AI तकनीक से तैयार की गई प्रतीत होती हैं।
श्रम विभाग के अनुसार कुछ दिनों से जनपद में यह चर्चा तेजी से फैल रही थी कि केंद्र सरकार ने श्रमिकों का वेतन बढ़ा दिया है। इसके चलते कई श्रमिकों में भ्रम और असमंजस की स्थिति बन गई। सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट और कथित आदेशों ने मजदूर वर्ग के बीच हलचल पैदा कर दी थी। इस पूरे मामले पर स्थिति स्पष्ट करते हुए सहायक श्रम आयुक्त प्रशांत कुमार ने कहा कि वर्तमान में हरिद्वार जनपद में नॉन इंजीनियरिंग उद्योगों जैसे फार्मा कंपनियों, फूड उद्योगों आदि में कार्यरत अकुशल श्रमिकों का कुल वेतन 13,018 रुपये निर्धारित है। इसमें ईपीएफ और ईएसआई की कटौती के बाद श्रमिकों को लगभग 11,358 रुपये प्राप्त होते हैं।
वहीं इंजीनियरिंग उद्योगों, जैसे वाहन निर्माण और बाइक निर्माता कंपनियों में कार्यरत श्रमिकों का वेतन 13,800 रुपये निर्धारित है। उन्होंने कहा कि अभी तक केंद्र सरकार की ओर से वेतन बढ़ाने संबंधी कोई आदेश जारी नहीं हुआ है। यदि भविष्य में ऐसा कोई आदेश आता है और राज्य सरकार उसे लागू करती है तो श्रम विभाग तत्काल उद्योगों में उसे प्रभावी ढंग से लागू कराएगा।
प्रशांत कुमार ने कहा कि सोशल मीडिया के इस दौर में कई बार बिना सत्यापन की सूचनाएं तेजी से फैल जाती हैं, जिससे भ्रम की स्थिति पैदा होती है। कुछ लोग AI तकनीक की मदद से नकली तस्वीरें या फर्जी दस्तावेज बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित कर रहे हैं। ऐसे मामलों में श्रमिकों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। उन्होंने अपील की कि किसी भी वायरल पोस्ट या मैसेज को सही मानने से पहले उसकी आधिकारिक पुष्टि अवश्य कर लें।
उन्होंने कहा कि यदि किसी श्रमिक को वेतन, बोनस, एरियर, ओवरटाइम या अन्य किसी प्रकार की समस्या है तो वह सीधे श्रम विभाग से संपर्क कर सकता है। श्रमिक अपनी शिकायत लिखित या मौखिक रूप से रोशनाबाद स्थित उप श्रम आयुक्त कार्यालय, हरिद्वार में दर्ज करा सकते हैं। विभाग हर शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई करेगा।
सहायक श्रम आयुक्त ने यह भी बताया कि हाल के दिनों में कई श्रमिक अपनी समस्याओं को लेकर कार्यालय पहुंचे थे, जिनकी शिकायतों का समाधान किया गया। अधिकतर श्रमिकों की समस्याएं दूर होने के बाद वे वापस अपने-अपने कार्यस्थलों पर लौट गए हैं। उन्होंने श्रमिक संगठनों और कर्मचारियों से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या को लेकर अनावश्यक विवाद या तनाव का माहौल न बनाएं, बल्कि सीधे विभाग से संपर्क करें।
उन्होंने कहा कि यदि सामूहिक शिकायत करनी हो तो अधिकतम पांच श्रमिक प्रतिनिधि कार्यालय पहुंचकर अपनी बात रख सकते हैं। विभाग श्रमिकों की हर समस्या का समाधान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
अंत में सहायक श्रम आयुक्त प्रशांत कुमार ने श्रमिक भाइयों और बहनों से क्षेत्र में शांति बनाए रखने, अफवाहों से दूर रहने और किसी के बहकावे में न आने की अपील की। उन्होंने कहा कि श्रम विभाग हर श्रमिक के साथ खड़ा है और उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
“सोशल मीडिया पर चल रही भ्रामक खबरों से बचें, किसी भी समस्या के लिए सीधे श्रम विभाग से संपर्क करें।”



