सप्तऋषि हाईवे हादसे पर डीएम मयूर दीक्षित सख्त! बस-डम्पर की टक्कर की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश, 5 दिन में मांगी रिपोर्ट “राजस्थान से आ रही बस पलटी, ट्रक ढाबे में घुसा” — 45 यात्रियों में 36 घायल, एक महिला की दर्दनाक मौत से मचा हड़कंप “हादसे के कारणों का होगा खुलासा” — एसडीएम हरिद्वार योगेश मेहरा जांच अधिकारी नियुक्त , डीएम ने दिए त्वरित जांच के निर्देश

सप्तऋषि हाईवे हादसे पर डीएम मयूर दीक्षित सख्त! बस-डम्पर की टक्कर की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश, 5 दिन में मांगी रिपोर्ट
“राजस्थान से आ रही बस पलटी, ट्रक ढाबे में घुसा” — 45 यात्रियों में 36 घायल, एक महिला की दर्दनाक मौत से मचा हड़कंप
“हादसे के कारणों का होगा खुलासा” — एसडीएम हरिद्वार योगेश मेहरा जांच अधिकारी नियुक्त , डीएम ने दिए त्वरित जांच के निर्देश
इन्तजार रजा, हरिद्वार।..हरिद्वार के सप्तऋषि क्षेत्र के पास सोमवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे को लेकर जिला प्रशासन ने गंभीर रुख अपनाया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने दुर्घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश देते हुए उपजिलाधिकारी हरिद्वार योगेश मेहरा को जांच मजिस्ट्रेट नियुक्त किया है। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच कर पांच दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह लगभग 7:30 बजे सप्तऋषि के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रक संख्या UK08 CB 8077 और यात्री बस संख्या AR06C 9063 के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि यात्रियों से भरी बस हाईवे पर पलट गई, जबकि ट्रक अनियंत्रित होकर समीप स्थित श्रीराम ढाबा में जा घुसा।
बताया गया है कि बस में राजस्थान के कुल 45 यात्री सवार थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों के साथ पुलिस तथा प्रशासनिक टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई। दुर्घटना में 36 यात्री घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए मेला चिकित्सालय भेजा गया।
इस दर्दनाक हादसे में एक महिला यात्री की मृत्यु हो गई, जिससे यात्रियों और उनके परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्यों की निगरानी की।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने तत्काल मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी किए हैं। जांच के दौरान दुर्घटना के वास्तविक कारणों, वाहन चालकों की भूमिका, सड़क सुरक्षा मानकों, यातायात व्यवस्था तथा अन्य संबंधित बिंदुओं की पड़ताल की जाएगी।
डीएम मयूर दीक्षित ने कहा कि दुर्घटना के कारणों का निष्पक्ष और तथ्यपरक पता लगाया जाएगा ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। उन्होंने जांच अधिकारी को निर्देशित किया है कि सभी संबंधित पक्षों के बयान, तकनीकी तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण कर निर्धारित समय सीमा के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
सड़क हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद सामान्य कराया। प्रशासन द्वारा घायलों के समुचित उपचार और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की भी व्यवस्था की गई है।
अब सभी की निगाहें मजिस्ट्रियल जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि आखिर इतनी बड़ी दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसके लिए जिम्मेदार कारक क्या रहे।



