उत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरें

शिवालिकनगर नगरपालिका पर सांसद प्रतिनिधि का बड़ा हमला! जनसमस्याओं पर फूटा गुस्सा, अधिकारियों को दी चेतावनी “भाजपा सरकार की जनहित योजनाओं की अनदेखी बर्दाश्त नहीं” — सांसद प्रतिनिधि अतुल वशिष्ठ ने ईओ को सौंपा ज्ञापन, वार्ड 12 और 13 की बदहाल व्यवस्था पर जताई नाराज़गी “सड़कें टूटी, नालियां गंदगी से अटी, स्ट्रीट लाइटें बंद” — मानसून से पहले सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल, ईओ तारिक खान ने विशेष टीम भेजने का दिया आश्वासन

शिवालिकनगर नगरपालिका पर सांसद प्रतिनिधि का बड़ा हमला! जनसमस्याओं पर फूटा गुस्सा, अधिकारियों को दी चेतावनी

“भाजपा सरकार की जनहित योजनाओं की अनदेखी बर्दाश्त नहीं” — सांसद प्रतिनिधि अतुल वशिष्ठ ने ईओ को सौंपा ज्ञापन, वार्ड 12 और 13 की बदहाल व्यवस्था पर जताई नाराज़गी

“सड़कें टूटी, नालियां गंदगी से अटी, स्ट्रीट लाइटें बंद” — मानसून से पहले सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल, ईओ तारिक खान ने विशेष टीम भेजने का दिया आश्वासन

इन्तजार रजा, हरिद्वार.. शिवालिकनगर नगरपालिका क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही जनसमस्याओं को लेकर भाजपा के नामित सांसद प्रतिनिधि अतुल वशिष्ठ ने नगरपालिका प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। वार्ड संख्या 12 और 13 में बदहाल व्यवस्थाओं, सफाई व्यवस्था की अनदेखी और मूलभूत सुविधाओं के अभाव पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताते हुए नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) तारिक खान से मुलाकात की और उन्हें एक मांग पत्र सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की।

सांसद प्रतिनिधि अतुल वशिष्ठ ने साफ शब्दों में कहा कि केंद्र और उत्तराखंड की भाजपा सरकार अंत्योदय और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देकर काम कर रही है, लेकिन स्थानीय स्तर पर कुछ अधिकारियों की कार्यशैली सरकार की मंशा पर सवाल खड़े कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है, लेकिन शिवालिकनगर के कई क्षेत्रों में हालात इसके बिल्कुल विपरीत दिखाई दे रहे हैं।

अतुल वशिष्ठ ने कहा कि वार्ड 12 और वार्ड 13 के लोग लंबे समय से सड़क, नाली, सफाई और प्रकाश व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान हैं। नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से गंदगी फैल रही है और मानसून के आगमन से पहले भी नाले-नालियों की मुकम्मल सफाई नहीं की गई है। इसका सीधा असर आम नागरिकों के जीवन पर पड़ रहा है और कई स्थानों पर जलभराव की आशंका बढ़ गई है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि क्षेत्र में अनेक स्थानों पर स्ट्रीट लाइटें या तो लगी ही नहीं हैं या फिर खराब पड़ी हैं। अंधेरे में लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है और महिलाओं, बुजुर्गों तथा बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रहती है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो जनता में नाराजगी और बढ़ेगी।

सांसद प्रतिनिधि ने अधिशासी अधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में मांग की कि वार्ड 12 और 13 की समस्याओं का स्थलीय निरीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की योजनाओं और जनहित की प्राथमिकताओं को धरातल पर उतारना अधिकारियों की जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

वहीं नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी तारिक खान ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए स्वीकार किया कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता उचित नहीं है। उन्होंने सांसद प्रतिनिधि को भरोसा दिलाया कि दोनों वार्डों की समस्याओं के समाधान के लिए तत्काल विशेष टीम भेजी जाएगी। साथ ही सफाई, नाली निर्माण, जल निकासी और स्ट्रीट लाइटों से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा कराया जाएगा।

शिवालिकनगर की जनता अब प्रशासन की घोषणाओं के बजाय धरातल पर परिणाम देखने का इंतजार कर रही है। मानसून सिर पर है और ऐसे में सफाई, जल निकासी तथा प्रकाश व्यवस्था की चुनौतियां प्रशासन के लिए बड़ी परीक्षा बनने जा रही हैं।

Related Articles

Back to top button