गुरुकुल कांगड़ी के पास कांवड़िए को गोली मारने वाले दबोचे गए! हरिद्वार पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, 4 आरोपी हिरासत में “छोटी सी कहासुनी बनी खूनी वारदात की वजह” — बाइक सवार युवकों ने कांवड़ यात्री को मारी गोली, SSP नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर रातभर चला ऑपरेशन “कांवड़ यात्रा की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा” — SSP नवनीत सिंह भुल्लर का सख्त संदेश, फरार आरोपियों की तलाश जारी

गुरुकुल कांगड़ी के पास कांवड़िए को गोली मारने वाले दबोचे गए! हरिद्वार पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, 4 आरोपी हिरासत में
“छोटी सी कहासुनी बनी खूनी वारदात की वजह” — बाइक सवार युवकों ने कांवड़ यात्री को मारी गोली, SSP नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर रातभर चला ऑपरेशन
“कांवड़ यात्रा की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा” — SSP नवनीत सिंह भुल्लर का सख्त संदेश, फरार आरोपियों की तलाश जारी

इन्तजार रजा, हरिद्वार.. धर्मनगरी हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज घटना का हरिद्वार पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया। गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के पास कांवड़ लेकर लौट रहे एक श्रद्धालु को गोली मारने की घटना में कनखल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस के अनुसार 01 जून 2026 की मध्यरात्रि डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के समीप कांवड़ लेकर जा रहे एक युवक को बाइक सवार युवकों ने गोली मार दी है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक कनखल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। क्षेत्राधिकारी नगर और फील्ड यूनिट टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि उत्तर प्रदेश और हरियाणा से गंगाजल लेकर लौट रहे चार कांवड़ यात्रियों की रास्ते में 6-7 बाइक सवार युवकों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठा और बाइक सवार युवकों ने अजय पुत्र नरेश निवासी पानीपत (हरियाणा) को गोली मार दी।घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल कांवड़ यात्री को उसके साथियों और पुलिस की मदद से तत्काल भूमानंद अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशन में विशेष पुलिस टीमें गठित की गईं। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल के साथ शिवराज पुत्र जबर सिंह निवासी शांतिपुरम कॉलोनी, जगजीतपुर को हिरासत में ले लिया। इसके बाद लगातार दबिश देकर आदित्य कुमार, हेमंत कुमार और वंश गुप्ता को भी हिरासत में लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। घटना में शामिल अन्य फरार युवकों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।इस मामले पर एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने स्पष्ट और कड़ा संदेश देते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे तत्वों के विरुद्ध कठोरतम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा हरिद्वार पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी या आपराधिक गतिविधि पर तत्काल और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को कांवड़ यात्रा के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है।



