हरिद्वार में चला बुलडोजर अभियान! कुंभ-2027, चारधाम और कांवड़ यात्रा से पहले प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों पर कसा शिकंजा… ललतारौ पुल से अपर रोड तक 80 से अधिक कब्जे ध्वस्त, कलियर-धनोरी मार्ग से 200 अवैध रेहड़ी-ठेली हटाई गईं, लक्सर बाजार में भी चला प्रशासन का डंडा… डीएम मयूर दीक्षित का अल्टीमेटम—“सरकारी जमीन पर दोबारा कब्जा हुआ तो अधिकारियों पर भी होगी कार्रवाई, 10 जून तक पूरे जिले में जारी रहेगा अभियान” अतिक्रमण मुक्त हरिद्वार बनाने का प्रयास

हरिद्वार में चला बुलडोजर अभियान! कुंभ-2027, चारधाम और कांवड़ यात्रा से पहले प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों पर कसा शिकंजा…
ललतारौ पुल से अपर रोड तक 80 से अधिक कब्जे ध्वस्त, कलियर-धनोरी मार्ग से 200 अवैध रेहड़ी-ठेली हटाई गईं, लक्सर बाजार में भी चला प्रशासन का डंडा…
डीएम मयूर दीक्षित का अल्टीमेटम—“सरकारी जमीन पर दोबारा कब्जा हुआ तो अधिकारियों पर भी होगी कार्रवाई, 10 जून तक पूरे जिले में जारी रहेगा अभियान” अतिक्रमण मुक्त हरिद्वार बनाने का प्रयास
इन्तजार रज़ा, हरिद्वार.. धर्मनगरी हरिद्वार में आगामी चारधाम यात्रा, कांवड़ मेले और कुंभ-2027 की तैयारियों के बीच जिला प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री के सख्त निर्देशों और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व में मंगलवार को पूरे जनपद में एक साथ कई स्थानों पर कार्रवाई करते हुए सरकारी भूमि, फुटपाथ, नालियों और सड़क किनारे किए गए कब्जों पर बुलडोजर चलाया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दे दिए हैं कि अब धार्मिक आयोजनों, यात्राओं और कुंभ की तैयारियों में बाधा बनने वाले किसी भी अवैध कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हरिद्वार शहर से लेकर रुड़की, लक्सर और भगवानपुर तक अतिक्रमणकारियों के खिलाफ एक साथ मोर्चा खोल दिया गया है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि जनपद में इस समय चारधाम यात्रा जारी है, जुलाई-अगस्त में कांवड़ यात्रा शुरू होगी और साथ ही कुंभ मेले की तैयारियां भी तेज़ी से चल रही हैं। ऐसे में मेला भूमि, हाईवे, रेलवे, सिंचाई विभाग तथा अन्य सरकारी विभागों की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि श्रद्धालुओं, पर्यटकों और आम जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। इसके लिए सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें और किसी भी अवैध कब्जे को तत्काल हटाएं।
हरिद्वार शहर में चला सबसे बड़ा अभियान
नगर निगम और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने ललतारौ पुल से लेकर अपर रोड तक व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान सड़क और नालियों के ऊपर किए गए 80 से अधिक अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए।कार्रवाई के दौरान कई स्थानों पर स्थानीय व्यापारियों ने विरोध का प्रयास भी किया, लेकिन पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में अभियान बिना रुके जारी रहा। प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर ही चेतावनी दी कि भविष्य में यदि नालियों, फुटपाथों अथवा सड़क किनारे दोबारा सामान रखा गया तो उसे जब्त कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बार-बार अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराने तक की कार्रवाई की जाएगी।
कलियर से धनोरी तक चला प्रशासन का डंडा
रुड़की तहसील क्षेत्र में संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ के नेतृत्व में कलियर से धनोरी तक उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग की भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया।अभियान के दौरान सड़क किनारे वर्षों से संचालित हो रही 200 से अधिक अवैध रेहड़ी, ठेली और खोखों को हटाया गया। इतना ही नहीं, तीन स्थायी अतिक्रमणों को भी ध्वस्त कर दिया गया।इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और कई लोगों ने स्वयं अपने कब्जे हटाने शुरू कर दिए।
लक्सर बाजार में भी चला प्रशासनिक शिकंजा
लक्सर बाजार में सड़क, फुटपाथ और नालियों पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए प्रशासनिक टीम ने विशेष अभियान चलाया। उप जिलाधिकारी अनिल शुक्ला के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान पांच लोगों के चालान भी किए गए। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी कि बाजार क्षेत्र में यातायात बाधित करने वाले किसी भी अवैध कब्जे को अब किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
भगवानपुर में आज अंतिम चेतावनी, कल से कार्रवाई
तहसील भगवानपुर में प्रशासन ने फिलहाल लोगों को स्वयं अतिक्रमण हटाने का अवसर दिया है। उप जिलाधिकारी देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को सूचित किया गया है कि सड़क, नालियों और फुटपाथों से कब्जे स्वयं हटा लें।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि लोगों ने स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाया तो प्रशासन बुधवार से बुलडोजर अभियान शुरू करेगा और अवैध निर्माणों को हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
10 जून तक चलेगा विशेष अभियान
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि 13, 14 और 15 जून के लंबे वीकेंड तथा आगामी स्नान पर्वों को देखते हुए 10 जून तक पूरे जिले में विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर अलग से अतिक्रमण विरोधी अभियान शुरू किया जाएगा।
डीएम ने सरकारी भूमि की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार विभागों को भी कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अतिक्रमण हटाने के बाद दोबारा कब्जा होता है तो संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी और उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी।
प्रशासन का संदेश बिल्कुल स्पष्ट है—कुंभ, कांवड़ और चारधाम यात्रा के रास्ते में आने वाला हर अवैध कब्जा हटेगा, चाहे वह अस्थायी हो या स्थायी। हरिद्वार को अतिक्रमण मुक्त बनाने की यह मुहिम अब रुकने वाली नहीं है।



