हरिद्वार में वोटर लिस्ट पर प्रशासन का मेगा मिशन! एक भी पात्र मतदाता छूटा तो लोकतंत्र को होगा नुकसान, सभी दलों और नागरिकों को दी गई बड़ी जिम्मेदारी,, घर-घर पहुंच रहे BLO, गणना प्रपत्र भरने में लापरवाही पड़ सकती है भारी; मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए प्रशासन ने तेज किया महासत्यापन अभियान,, संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेठ की राजनीतिक दलों को सख्त अपील— मतदाता सूची की शुद्धता में भी निभाएं सक्रिय भूमिका; हर वोट की सुरक्षा अब सामूहिक जिम्मेदारी,,

हरिद्वार में वोटर लिस्ट पर प्रशासन का मेगा मिशन! एक भी पात्र मतदाता छूटा तो लोकतंत्र को होगा नुकसान, सभी दलों और नागरिकों को दी गई बड़ी जिम्मेदारी,,
घर-घर पहुंच रहे BLO, गणना प्रपत्र भरने में लापरवाही पड़ सकती है भारी; मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए प्रशासन ने तेज किया महासत्यापन अभियान,,
संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेठ की राजनीतिक दलों को सख्त अपील— मतदाता सूची की शुद्धता में भी निभाएं सक्रिय भूमिका; हर वोट की सुरक्षा अब सामूहिक जिम्मेदारी,,
हरिद्वार, 09 जून।
आगामी चुनावों से पहले हरिद्वार में मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध, पारदर्शी और अद्यतन बनाने के लिए प्रशासन ने व्यापक स्तर पर अभियान छेड़ दिया है। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत चल रहे घर-घर सत्यापन अभियान को लेकर जिला प्रशासन ने राजनीतिक दलों, बूथ स्तरीय अभिकर्ताओं (BLA) और आम नागरिकों को स्पष्ट संदेश दिया है कि मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित कर सकती है। इसलिए प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंचना और उसका सही विवरण दर्ज करना अब सबकी साझा जिम्मेदारी है।
जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित के निर्देशन में संयुक्त मजिस्ट्रेट एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी रूड़की दीपक रामचंद्र शेट की अध्यक्षता में भाजपा, कांग्रेस, बसपा एवं उत्तराखंड क्रांति दल के BLA-1 प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में रूड़की, पिरान कलियर, झबरेड़ा और मंगलौर विधानसभा क्षेत्रों के सभी सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (AERO) भी मौजूद रहे।
बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति, घर-घर मतदाता सत्यापन और गणना प्रपत्र (Enumeration Form) भरने की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई। संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेट ने स्वयं गणना प्रपत्र का प्रदर्शन कर बताया कि फॉर्म भरते समय किन बिंदुओं पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि गलत जानकारी, अधूरे विवरण या लापरवाही के कारण भविष्य में मतदाता को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में जनपद में BLO लगातार घर-घर पहुंचकर मतदाताओं का सत्यापन कर रहे हैं। ऐसे में नागरिकों को भी चाहिए कि वे सत्यापन टीम को सही जानकारी उपलब्ध कराएं और गणना प्रपत्र सावधानीपूर्वक भरें। यह केवल एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं बल्कि लोकतांत्रिक अधिकारों की सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण अभियान है।
बैठक के दौरान झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्र के BLA प्रतिनिधियों ने प्री-SIR गतिविधियों के दौरान चिन्हित अनमैप्ड मतदाताओं की संख्या उपलब्ध कराने का मुद्दा उठाया। इस पर संयुक्त मजिस्ट्रेट ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए और अपेक्षित जानकारी उपलब्ध कराने को कहा।
अधिकारियों ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता ही निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव की आधारशिला है। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम सूची से छूट जाता है या अपात्र व्यक्ति का नाम बना रहता है तो यह चुनावी प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर प्रश्नचिह्न लगा सकता है। इसी उद्देश्य से राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए कहा गया है।
बैठक के अंत में सभी राजनीतिक दलों से अपील की गई कि वे निर्वाचन नामावली को शुद्ध, त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने में प्रशासन का सहयोग करें तथा अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों के माध्यम से लोगों को जागरूक करें। प्रशासन का मानना है कि जब नागरिक, राजनीतिक दल और निर्वाचन तंत्र मिलकर कार्य करेंगे, तभी एक मजबूत, विश्वसनीय और निष्पक्ष मतदाता सूची तैयार हो सकेगी, जो लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है।
इन्तजार रज़ा, हरिद्वार
संपादक, Daily Live Uttarakhand



