सोमवती अमावस्या स्नान पर्व और वीकेंड पर हरिद्वार में हाई अलर्ट! 13 से 15 जून तक लागू रहेगा विशेष ट्रैफिक प्लान, लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने तैयार की व्यापक व्यवस्था,, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर शहर में चरणबद्ध डायवर्जन योजना लागू; भारी वाहनों पर प्रतिबंध, अलग-अलग राज्यों से आने वाले वाहनों के लिए निर्धारित किए गए विशेष रूट और पार्किंग स्थल,, हरकी पैड़ी, गंगा घाटों और प्रमुख मार्गों पर रहेगा विशेष ट्रैफिक प्रबंधन; पुलिस की अपील— निर्धारित मार्गों का करें पालन, अफवाहों से बचें और यात्रा से पहले ट्रैफिक प्लान अवश्य देखें,,

सोमवती अमावस्या स्नान पर्व और वीकेंड पर हरिद्वार में हाई अलर्ट! 13 से 15 जून तक लागू रहेगा विशेष ट्रैफिक प्लान, लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने तैयार की व्यापक व्यवस्था,,
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर शहर में चरणबद्ध डायवर्जन योजना लागू; भारी वाहनों पर प्रतिबंध, अलग-अलग राज्यों से आने वाले वाहनों के लिए निर्धारित किए गए विशेष रूट और पार्किंग स्थल,,
हरकी पैड़ी, गंगा घाटों और प्रमुख मार्गों पर रहेगा विशेष ट्रैफिक प्रबंधन; पुलिस की अपील— निर्धारित मार्गों का करें पालन, अफवाहों से बचें और यात्रा से पहले ट्रैफिक प्लान अवश्य देखें,,
हरिद्वार। सोमवती अमावस्या स्नान पर्व एवं वीकेंड के दौरान हरिद्वार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए हरिद्वार पुलिस ने 13, 14 और 15 जून 2026 के लिए विस्तृत यातायात एवं पार्किंग योजना जारी की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशन में तैयार किए गए इस ट्रैफिक प्लान का उद्देश्य श्रद्धालुओं की सुरक्षित एवं सुगम आवाजाही सुनिश्चित करना है।
हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात का दबाव बढ़ने की स्थिति में भारी वाहनों को जनपद की सीमाओं पर ही रोक दिया जाएगा। वहीं दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर, पंजाब, हरियाणा, देहरादून, ऋषिकेश, मुरादाबाद और नजीबाबाद की ओर से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार यदि यातायात का दबाव बढ़ता है तो वाहनों को नगला इमरती से डायवर्ट कर लक्सर, फेरूपुर, गाजीपुर होते हुए बैरागी कैंप पार्किंग एवं हंडिया क्षेत्र में पार्क कराया जाएगा। आवश्यकता के अनुसार ही इन वाहनों को शहर क्षेत्र में प्रवेश दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त चीला मार्ग का उपयोग केवल निकासी यानी एग्जिट रूट के रूप में किया जाएगा।
सामान्य ट्रैफिक दबाव की स्थिति में दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश की ओर से आने वाले वाहनों को गुरुकुल कांगड़ी सर्विस लेन से सिंहद्वार होते हुए शंकराचार्य चौक की ओर भेजा जाएगा। वहीं टोल प्लाजा पर दबाव बढ़ने की स्थिति में नहर पटरी मार्ग का भी उपयोग किया जाएगा।
दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर और पंजाब से आने वाले वाहनों के लिए व्यवस्था
दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर एवं पंजाब से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहन नारसन, मंगलौर, कोर कॉलेज, ख्याति ढाबा, गुरुकुल कांगड़ी होते हुए शंकराचार्य चौक पहुंचेंगे। इन वाहनों के लिए अलकनंदा पार्किंग, दीनदयाल पार्किंग, पंतदीप पार्किंग एवं चमकादड़ टापू पार्किंग निर्धारित की गई है।
यदि शहर में अत्यधिक दबाव की स्थिति बनती है तो इन्हें नगला इमरती से डायवर्ट कर लक्सर, फेरूपुर, गाजीपुर, एसएम तिराहा, सत्ती चौक और मायापुर पुलिया मार्ग से बैरागी कैंप पार्किंग में भेजा जाएगा।
हरियाणा, पंजाब और दिल्ली से आने वाले वाहनों का वैकल्पिक मार्ग
यातायात का दबाव बढ़ने पर सहारनपुर, मंडावर, भगवानपुर, सालियर, बिजौली चौक, एनएच-344, छुटमलपुर, बिहारीगढ़ और मोहंड होते हुए वाहनों को देहरादून एवं ऋषिकेश की ओर भेजा जाएगा।
नजीबाबाद जाने वाले वाहनों को नारसन, मंगलौर, नगला इमरती, लक्सर, बालावाली और बिजनौर होते हुए नजीबाबाद भेजा जाएगा। वहीं देहरादून और ऋषिकेश जाने वाली बसों को रामपुर तिराहा, देवबंद, नकुड़, छुटमलपुर और मोहंड मार्ग से संचालित किया जाएगा।
मुरादाबाद और नजीबाबाद से आने वाले वाहनों के लिए विशेष व्यवस्था
मुरादाबाद और नजीबाबाद से आने वाले छोटे वाहन चिड़ियापुर, श्यामपुर और चंडी चौक होते हुए शहर में प्रवेश करेंगे। इनके लिए दीनदयाल पार्किंग, पंतदीप पार्किंग और चमकादड़ टापू पार्किंग निर्धारित की गई है।
बड़े वाहनों को चिड़ियापुर और श्यामपुर क्षेत्र से डायवर्ट कर गोरीशंकर-नीलधारा पार्किंग में पार्क कराया जाएगा।
देहरादून और ऋषिकेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए रूट
देहरादून और ऋषिकेश से आने वाले वाहन नेपाली फार्म, रायवाला और हरिद्वार मार्ग से शहर में प्रवेश करेंगे। इनके लिए लालजीवाला, पंतदीप और चमकादड़ टापू पार्किंग निर्धारित की गई है।
वहीं चारधाम यात्रा से लौटकर मेरठ और दिल्ली जाने वाले वाहनों को चंडी चौक, एनएच-344 और मेरठ मार्ग से भेजा जाएगा। नजीबाबाद जाने वाले वाहनों को चंडी चौक, श्यामपुर और नजीबाबाद मार्ग से निकाला जाएगा।
ऑटो और विक्रम चालकों के लिए विशेष निर्देश
यातायात दबाव बढ़ने की स्थिति में देहरादून, ऋषिकेश और रायवाला की ओर से आने वाले विक्रम और ऑटो रिक्शा केवल जयराम मोड़ तक ही संचालित होंगे। वहां यात्रियों को उतारकर उन्हें वापस लौटना होगा।
ज्वालापुर और पुल जटवाड़ा क्षेत्र से आने वाले विक्रम एवं ऑटो रानीपुर मोड़, देवपुरा चौक और शिवमूर्ति तिराहा होते हुए तुलसी चौक और कनखल की ओर जाएंगे। वहीं ज्वालापुर जाने वाले वाहन मायापुर फायर स्टेशन, देवपुरा चौक और रानीपुर मोड़ होते हुए संचालित किए जाएंगे।
बीएचईएल क्षेत्र से आने वाले विक्रम और ऑटो भगत सिंह चौक, तिब्बड़ी फाटक और पुराने रानीपुर मोड़ से बस स्टेशन एवं रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ललतारौ पुल से शिवमूर्ति तिराहा तक सभी प्रकार के विक्रम, ऑटो रिक्शा और टैक्सियों का संचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
भारी वाहनों पर रहेगा विशेष प्रतिबंध
13 जून 2026 को प्रातः 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक जनपद में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। इसके बाद 14 जून की सुबह 6 बजे से लेकर 15 जून को सोमवती अमावस्या स्नान पर्व की समाप्ति तक हरिद्वार शहर क्षेत्र में सभी भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
14 जून की रात्रि 8 बजे से सभी बसों, ट्रैक्टरों एवं बड़े यात्री वाहनों को हनुमान वाटिका होते हुए चमकादड़ टापू पार्किंग में पार्क कराया जाएगा।
15 जून को प्रातः 3 बजे से दिल्ली-मेरठ-मुजफ्फरनगर मार्ग से आने वाले सभी बड़े वाहनों को नगला इमरती से डायवर्ट कर लक्सर, गाजीपुर, बुड़ाहाट मंदिर तिराहा और श्रीराम पुलिया मार्ग से बैरागी कैंप पार्किंग भेजा जाएगा।
वहीं 14 जून की मध्यरात्रि 12 बजे से स्नान पर्व की समाप्ति तक देहरादून से आने वाले बड़े वाहनों को लालजीवाला पार्किंग तथा नजीबाबाद से आने वाली बसों और ट्रैक्टरों को नीलधारा गोरीशंकर पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा।
हरिद्वार पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं एवं वाहन चालकों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले ट्रैफिक प्लान का अध्ययन करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें, पुलिस द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। पुलिस का कहना है कि वास्तविक यातायात दबाव को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार डायवर्जन एवं प्रतिबंध की समयावधि में आवश्यक परिवर्तन किया जा सकता है।



