विश्व रक्तदाता दिवस पर मानवता की मिसाल! हरिद्वार में विशाल रक्तदान शिविर में जुटे अधिवक्ता, अधिकार मित्र और युवा, 51 यूनिट रक्त हुआ संग्रहित,, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और स्वराज फाउंडेशन की संयुक्त पहल; निःशुल्क नेत्र एवं स्वास्थ्य जांच शिविर में सैकड़ों लोगों ने उठाया लाभ, विशेषज्ञ डॉक्टरों ने दिए स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण परामर्श,, सचिव सिमरनजीत कौर बोलीं— ‘रक्तदान महादान है, आपका एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद को दे सकता है नया जीवन’; स्वास्थ्य जागरूकता और सेवा भावना का दिया संदेश,,

विश्व रक्तदाता दिवस पर मानवता की मिसाल! हरिद्वार में विशाल रक्तदान शिविर में जुटे अधिवक्ता, अधिकार मित्र और युवा, 51 यूनिट रक्त हुआ संग्रहित,,
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और स्वराज फाउंडेशन की संयुक्त पहल; निःशुल्क नेत्र एवं स्वास्थ्य जांच शिविर में सैकड़ों लोगों ने उठाया लाभ, विशेषज्ञ डॉक्टरों ने दिए स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण परामर्श,,
सचिव सिमरनजीत कौर बोलीं— ‘रक्तदान महादान है, आपका एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद को दे सकता है नया जीवन’; स्वास्थ्य जागरूकता और सेवा भावना का दिया संदेश,,
हरिद्वार। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार एवं स्वराज फाउंडेशन के संयुक्त सहयोग से जिला बार एसोसिएशन हरिद्वार के सभागार में एक दिवसीय निःशुल्क नेत्र, स्वास्थ्य जांच एवं विशाल रक्तदान शिविर का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अधिवक्ताओं, अधिकार मित्रों, युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सामाजिक सेवा और मानवता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया।
यह आयोजन जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री नरेंद्र दत्त के निर्देशानुसार आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार की सचिव एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन) श्रीमती सिमरनजीत कौर रहीं, जबकि जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री जसमहेन्द्र सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर शिविर का विधिवत शुभारंभ किया।
अपने संबोधन में सचिव सिमरनजीत कौर ने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक कार्य नहीं बल्कि मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान किसी गंभीर रोगी, दुर्घटना पीड़ित अथवा आपातकालीन स्थिति में जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष कर रहे व्यक्ति के लिए संजीवनी साबित हो सकता है। उन्होंने लोगों से नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने और अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का भी आह्वान किया।शिविर में देहरादून के मैक्स अस्पताल से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों, अधिवक्ताओं, पीएलवी (अधिकार मित्रों) तथा अन्य प्रतिभागियों की स्वास्थ्य जांच की। चिकित्सकों ने ब्लड प्रेशर, शुगर, सामान्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच कर आवश्यक परामर्श भी प्रदान किए।
वहीं, नेत्र धाम अस्पताल हरिद्वार की टीम द्वारा निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित किया गया, जिसमें आंखों से संबंधित विभिन्न समस्याओं की जांच कर लोगों को उपचार और सावधानियों की जानकारी दी गई। शिविर में स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने वालों की संख्या काफी उत्साहजनक रही।
विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर आयोजित रक्तदान शिविर में युवाओं, अधिवक्ताओं, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकार मित्रों तथा स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। रक्तदान के प्रति जागरूकता और उत्साह का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शिविर के दौरान कुल 51 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया, जो भविष्य में जरूरतमंद मरीजों के उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का समस्त स्टाफ, डिप्टी एलएडीसी रमन कुमार सैनी, स्वराज फाउंडेशन के संयोजक अनिल पाराशर, जिला बार एसोसिएशन के पदाधिकारी, अधिवक्तागण, लॉ इंटर्न तथा बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। आयोजन ने समाज में सेवा, स्वास्थ्य जागरूकता और रक्तदान के महत्व को लेकर एक सकारात्मक संदेश देने का कार्य किया।



