उत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरें

हज से लौटे उत्तराखण्ड के 408 हुज्जाज का शानदार इस्तकबाल! मुकद्दस सफर से लौटे जायरीन ने बेहतर इंतजामात पर जताया इत्मीनान,, दिल्ली एयरपोर्ट पर उत्तराखण्ड स्टेट हज कमेटी ने फूल-मालाओं से किया खैरमकदम; हुज्जाज ने मक्का मुकर्रमा और मदीना मुनव्वरा की बेहतरीन सहूलियतों की सराहना की,, केंद्रीय वज़ीर किरण रिजिजू, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, वज़ीर खजान दास और हज कमेटी चेयरमैन खतीब अहमद का अदा किया शुक्रिया; परिजनों में दिखी खुशी की लहर,,

हज से लौटे उत्तराखण्ड के 408 हुज्जाज का शानदार इस्तकबाल! मुकद्दस सफर से लौटे जायरीन ने बेहतर इंतजामात पर जताया इत्मीनान,,

दिल्ली एयरपोर्ट पर उत्तराखण्ड स्टेट हज कमेटी ने फूल-मालाओं से किया खैरमकदम; हुज्जाज ने मक्का मुकर्रमा और मदीना मुनव्वरा की बेहतरीन सहूलियतों की सराहना की,,

केंद्रीय वज़ीर किरण रिजिजू, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, वज़ीर खजान दास और हज कमेटी चेयरमैन खतीब अहमद का अदा किया शुक्रिया; परिजनों में दिखी खुशी की लहर,,

नई दिल्ली/देहरादून। अल्लाह के घर की ज़ियारत और फरीज़ा-ए-हज अदा कर उत्तराखण्ड के 408 हुज्जाज सकुशल अपने वतन लौट आए। मंगलवार को दो अलग-अलग उड़ानों से नई दिल्ली पहुंचे जायरीन का इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (टर्मिनल-3) पर उत्तराखण्ड स्टेट हज कमेटी की ओर से गर्मजोशी के साथ इस्तकबाल किया गया। अपने अज़ीज़ों की वापसी पर परिजनों के चेहरों पर खुशी और मुसर्रत साफ दिखाई दी।

जानकारी के मुताबिक फ्लाइट संख्या SV5710 सुबह 5:25 बजे 305 हुज्जाज को लेकर नई दिल्ली पहुंची, जबकि दूसरी फ्लाइट संख्या SV5814 शाम 6:25 बजे 103 जायरीन को लेकर एयरपोर्ट पहुंची। इस मौके पर उत्तराखण्ड स्टेट हज कमेटी के चेयरमैन खतीब अहमद ने फूल-मालाएं पहनाकर सभी हुज्जाज का खैरमकदम किया और उनसे हज के तजुर्बात भी साझा किए।

हज से लौटे जायरीन ने बताया कि मक्का मुकर्रमा और मदीना मुनव्वरा में उन्हें रहने, आने-जाने, इलाज और दूसरी जरूरी सहूलियतों के बेहतरीन इंतजाम मिले। उन्होंने कहा कि इन बेहतर इंतजामात की वजह से उनका मुकद्दस सफर बेहद आरामदायक, यादगार और रूहानी तौर पर संतोषजनक रहा।

हुज्जाज ने कामयाब हज इंतजामात के लिए भारत सरकार के केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरण रिजिजू, उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री खजान दास का दिली शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा कि सरकार और संबंधित एजेंसियों द्वारा उपलब्ध कराई गई सहूलियतों ने हज यात्रा को आसान और आरामदेह बनाने में अहम भूमिका निभाई।

जायरीन ने खास तौर पर उत्तराखण्ड स्टेट हज कमेटी के चेयरमैन खतीब अहमद की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने हज यात्रा की शुरुआत से लेकर मुकम्मल होने और वतन वापसी तक हर स्तर पर रहनुमाई और सहयोग प्रदान किया। उनकी सक्रियता और लगातार संपर्क की वजह से जायरीन को किसी बड़ी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।

इस दौरान उत्तराखण्ड स्टेट हज कमेटी के हज अधिकारी मोहम्मद अहसान और कार्यालय स्टाफ अब्दुल कादिर भी मौजूद रहे। उन्होंने एयरपोर्ट पर पहुंचने वाले हुज्जाज की हर संभव मदद की और व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखा।

वतन वापसी पर परिजनों और रिश्तेदारों ने अपने अज़ीज़ों का गर्मजोशी से इस्तकबाल किया। कई जगहों पर फूल-मालाओं और मुबारकबादों का दौर चला। हज से लौटे जायरीन ने मुल्क और प्रदेश में अमन, भाईचारे, तरक्की और खुशहाली के लिए खास दुआएं भी कीं।उत्तराखण्ड स्टेट हज कमेटी ने सभी हुज्जाज को मुकम्मल हज की मुबारकबाद पेश करते हुए उनके लिए सेहत, सलामती और कामयाबी की दुआ की।

Related Articles

Back to top button