ऊर्जा निगम और विजिलेंस का बड़ा ऑपरेशन! गढ़मीरपुर, राजपुर और अन्नेकी में 21 मकानों में पकड़ी गई बिजली चोरी, मचा हड़कंप,, मीटर से पहले कट लगाकर और कटिया डालकर की जा रही थी बिजली की चोरी; छापेमारी के दौरान कई लोगों ने जल्दबाजी में उतारे केबल, मुकदमे की तैयारी शुरू,, धनौरी एसडीओ अश्विनी कुमार और विजिलेंस टीम की संयुक्त कार्रवाई; ऊर्जा नुकसान रोकने के लिए आगे भी जारी रहेगा चेकिंग अभियान,,

ऊर्जा निगम और विजिलेंस का बड़ा ऑपरेशन! गढ़मीरपुर, राजपुर और अन्नेकी में 21 मकानों में पकड़ी गई बिजली चोरी, मचा हड़कंप,,
मीटर से पहले कट लगाकर और कटिया डालकर की जा रही थी बिजली की चोरी; छापेमारी के दौरान कई लोगों ने जल्दबाजी में उतारे केबल, मुकदमे की तैयारी शुरू,,
धनौरी एसडीओ अश्विनी कुमार और विजिलेंस टीम की संयुक्त कार्रवाई; ऊर्जा नुकसान रोकने के लिए आगे भी जारी रहेगा चेकिंग अभियान,,
हरिद्वार। ऊर्जा निगम और विजिलेंस विभाग की संयुक्त टीम ने धनौरी क्षेत्र के गढ़मीरपुर, राजपुर और पूरनपुर अनेकी गांवों में बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजली चोरी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। तड़के हुई इस कार्रवाई में 21 मकानों में बिजली चोरी पकड़ी गई। टीम की दबिश से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कई लोगों ने आनन-फानन में अपने घरों पर डाले गए अवैध केबल हटाने शुरू कर दिए।
बताया गया है कि ऊर्जा निगम को लंबे समय से क्षेत्र में बड़े पैमाने पर बिजली चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के सत्यापन के बाद धनौरी क्षेत्र के एसडीओ अश्विनी कुमार के नेतृत्व में ऊर्जा निगम और विजिलेंस विभाग की टीम ने संयुक्त अभियान चलाया। टीम ने गढ़मीरपुर, राजपुर और अनेकी में कई स्थानों पर एक साथ चेकिंग शुरू की।
कार्रवाई के दौरान टीम ने पाया कि अधिकांश उपभोक्ता विधिवत बिजली कनेक्शन होने के बावजूद मीटर से पहले कट लगाकर बिजली का इस्तेमाल कर रहे थे। इस तरीके से बिजली खपत मीटर में दर्ज नहीं हो रही थी और ऊर्जा निगम को लगातार राजस्व का नुकसान पहुंच रहा था। इसके अलावा कुछ स्थानों पर एलटी लाइन से सीधे कटिया डालकर भी बिजली का इस्तेमाल किया जा रहा था।जैसे ही विजिलेंस टीम के गांव में पहुंचने की खबर फैली, पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। कई लोगों ने अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर लगाए गए अवैध तार और केबल हटाने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने मौके पर पहुंचकर कई मामलों का खुलासा कर दिया। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से इस्तेमाल किए जा रहे केबल और अन्य सामग्री को भी जब्त कर लिया गया।
ऊर्जा निगम के अधिकारियों के अनुसार पकड़े गए सभी मामलों में विद्युत अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। संबंधित लोगों के खिलाफ बिजली चोरी के मुकदमे दर्ज किए जाएंगे और नियमानुसार जुर्माना भी लगाया जाएगा। विभाग का कहना है कि बिजली चोरी न केवल कानूनन अपराध है बल्कि इससे ईमानदारी से बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं पर भी अतिरिक्त भार पड़ता है।
अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान समय में बढ़ती बिजली मांग और कई स्थानों पर बिजली आपूर्ति के दबाव के बीच चोरी की घटनाएं व्यवस्था को प्रभावित करती हैं। ऐसे में ऊर्जा संरक्षण और राजस्व सुरक्षा के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इस संयुक्त कार्रवाई में विजिलेंस विभाग के इंस्पेक्टर मारूत शाह, इंस्पेक्टर सरिता भट्ट, एसआई संजीव त्यागी, एसडीओ अश्विनी कुमार, जेई योगेन्द्र रावत, ऊर्जा निगम और विजिलेंस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
ऊर्जा निगम ने आम उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे बिजली का उपयोग वैध कनेक्शन के माध्यम से करें और किसी भी प्रकार की बिजली चोरी की जानकारी विभाग को दें, ताकि ऊर्जा व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं पारदर्शी बनाया जा सके।



