उत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरें

सड़क को रेसिंग ट्रैक और कानून को मजाक समझने वालों पर हरिद्वार पुलिस का बड़ा प्रहार! वायरल वीडियो के बाद 5 कारें सीज, स्टंटबाजों में मचा हड़कंप,, शादी समारोह में जाते वक्त हूटर बजाकर और कारों की खिड़कियों से बाहर निकलकर कर रहे थे खतरनाक प्रदर्शन; सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो बना पुलिस कार्रवाई का आधार,, ज्वालापुर पुलिस की सख्त कार्रवाई से गया कड़ा संदेश— सड़क पर हुड़दंग, स्टंटबाजी और नियमों की अनदेखी अब सीधे कानूनी शिकंजे तक पहुंचाएगी,,

सड़क को रेसिंग ट्रैक और कानून को मजाक समझने वालों पर हरिद्वार पुलिस का बड़ा प्रहार! वायरल वीडियो के बाद 5 कारें सीज, स्टंटबाजों में मचा हड़कंप,,

शादी समारोह में जाते वक्त हूटर बजाकर और कारों की खिड़कियों से बाहर निकलकर कर रहे थे खतरनाक प्रदर्शन; सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो बना पुलिस कार्रवाई का आधार,,

ज्वालापुर पुलिस की सख्त कार्रवाई से गया कड़ा संदेश— सड़क पर हुड़दंग, स्टंटबाजी और नियमों की अनदेखी अब सीधे कानूनी शिकंजे तक पहुंचाएगी,,

हरिद्वार। सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने और सड़क पर शक्ति प्रदर्शन करने के जुनून में कुछ युवकों की करतूत अब उनके लिए भारी पड़ गई। शादी समारोह में शामिल होने जा रहे युवकों ने सड़क को मानो अपनी निजी जागीर समझ लिया और हूटर बजाते हुए, कारों की खिड़कियों से बाहर निकलकर खतरनाक स्टंट करने लगे। राहगीरों और अन्य वाहन चालकों की जान जोखिम में डालने वाली यह पूरी घटना किसी स्थानीय व्यक्ति के कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

वीडियो सामने आते ही हरिद्वार पुलिस की मीडिया सेल ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया। प्राथमिक जांच में यह वीडियो ज्वालापुर क्षेत्र के सराय रोड का पाया गया, जिसके बाद कोतवाली ज्वालापुर पुलिस को कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए। पुलिस ने वीडियो की गहन पड़ताल कर संबंधित वाहनों और उनमें सवार युवकों की पहचान की और उन्हें कोतवाली बुलाया गया।

जांच में सामने आया कि यह वीडियो 18 जून 2026 का है। शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे युवकों ने वाहनों पर हूटर का इस्तेमाल किया और चलती कारों की खिड़कियों से बाहर निकलकर ऐसे करतब दिखाए, जो न केवल यातायात नियमों का खुला उल्लंघन थे बल्कि किसी बड़े हादसे का कारण भी बन सकते थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऐसी हरकतें केवल वाहन में बैठे लोगों के लिए ही नहीं बल्कि सड़क पर मौजूद अन्य लोगों के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करती हैं।

मामले को गंभीरता से लेते हुए ज्वालापुर पुलिस ने पांचों चारपहिया वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें सीज कर दिया। इसके साथ ही वाहन चालकों और अन्य संबंधित लोगों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाई गई। पुलिस ने युवकों और उनके अभिभावकों को स्पष्ट रूप से चेतावनी दी कि भविष्य में यदि इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति हुई तो और अधिक कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हरिद्वार पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर लाइक्स, व्यूज और दिखावे के लिए सड़क पर कानून तोड़ने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम ऐसे वीडियो पर पैनी नजर बनाए हुए है और नियमों को ताक पर रखकर स्टंटबाजी करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई ने एक बार फिर यह स्पष्ट कर दिया है कि सड़कें किसी की निजी संपत्ति नहीं हैं और न ही उन्हें स्टंट या शक्ति प्रदर्शन का मंच बनाया जा सकता है। हरिद्वार पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं इस प्रकार की खतरनाक हरकतें दिखाई दें तो उनकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर संभावित हादसों को रोका जा सके।

Related Articles

Back to top button