हरिद्वार में पल्स पोलियो अभियान को लेकर प्रशासन अलर्ट! डीएम मयूर दीक्षित और सीएमओ डॉ. आर.के. सिंह की संयुक्त अपील— 0 से 5 वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की दो बूंद से न रहे वंचित,, 28 जून को बूथों पर पिलाई जाएगी पोलियो की दवा, 29 जून से 4 जुलाई तक घर-घर पहुंचेगी स्वास्थ्य विभाग की टीम; 3.36 लाख बच्चों को कवर करने का लक्ष्य
जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने जनपदवासियों से अपील की है कि "हर बच्चा, हर बार—पोलियो की दो बूंद" के संकल्प को साकार करने में सहभागी बनें, ताकि हरिद्वार सहित पूरा देश हमेशा के लिए पोलियो मुक्त बना रहे।

हरिद्वार में पल्स पोलियो अभियान को लेकर प्रशासन अलर्ट!
डीएम मयूर दीक्षित और सीएमओ डॉ. आर.के. सिंह की संयुक्त अपील— 0 से 5 वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की दो बूंद से न रहे वंचित,,
28 जून को बूथों पर पिलाई जाएगी पोलियो की दवा, 29 जून से 4 जुलाई तक घर-घर पहुंचेगी स्वास्थ्य विभाग की टीम; 3.36 लाख बच्चों को कवर करने का लक्ष्य
हरिद्वार, 25 जून। जनपद हरिद्वार में आगामी 28 जून को आयोजित होने वाले पल्स पोलियो अभियान को लेकर जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के निर्देश देते हुए कहा है कि जनपद का कोई भी बच्चा पोलियो की जीवनरक्षक खुराक से वंचित नहीं रहना चाहिए। वहीं मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.के. सिंह ने सभी अभिभावकों से अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो बूथ पर लाकर दवा पिलाने की अपील की है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.के. सिंह ने बताया कि इस बार जनपद में 3 लाख 36 हजार बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले के सभी पोलियो बूथों पर प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मी, आशा कार्यकर्ता और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तैनात रहेंगे।
डीएम मयूर दीक्षित ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, बाल विकास विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने आमजन से भी इस जनहित अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की।
सीएमओ ने बताया कि 28 जून को जिले के सभी पोलियो बूथों पर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। यदि किसी कारणवश कोई बच्चा उस दिन बूथ तक नहीं पहुंच पाता है, तो 29 जून से 4 जुलाई तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी, ताकि कोई भी बच्चा अभियान से बाहर न रह जाए।
उन्होंने अभियान में लगे सभी चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों, आशा, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा स्वयंसेवकों से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे तक पोलियो की दवा पहुंचाना सभी की साझा जिम्मेदारी है।
डीएम मयूर दीक्षित ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अफवाहों या किसी भी प्रकार की भ्रांतियों पर ध्यान न दें और अपने बच्चों को समय पर पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं। उन्होंने कहा कि भारत को पोलियो मुक्त बनाए रखने में जनसहभागिता सबसे बड़ी ताकत है और प्रत्येक परिवार का सहयोग इस अभियान की सफलता के लिए बेहद आवश्यक है।
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि पोलियो की दवा पूरी तरह सुरक्षित, प्रभावी और निःशुल्क है। इसलिए सभी अभिभावक अपने बच्चों को निर्धारित तिथि पर निकटतम पोलियो बूथ पर लेकर आएं और यदि कोई बच्चा छूट जाए तो घर-घर पहुंचने वाली टीम को अवश्य दवा पिलाने दें।
जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने जनपदवासियों से अपील की है कि “हर बच्चा, हर बार—पोलियो की दो बूंद” के संकल्प को साकार करने में सहभागी बनें, ताकि हरिद्वार सहित पूरा देश हमेशा के लिए पोलियो मुक्त बना रहे।



