उत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरें

धामी सरकार के 5 साल पूरे: हरिद्वार से ‘सेवा, सुशासन और समर्पण’ अभियान का भव्य आगाज,, 30 जुलाई तक चलेगा ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान, हर ब्लॉक में लगेंगे जनकल्याण शिविर,, 59 लाभार्थी हुए सम्मानित, 40 धात्री माताओं को मिली महालक्ष्मी किट, सरकार ने गिनाईं विकास और सुशासन की बड़ी उपलब्धियां

कार्यक्रम में मेयर किरण जैसल, रुड़की नगर निगम की मेयर अनीता अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल, ओमप्रकाश जमदग्नि, नितिन गौतम, आदेश सैनी तथा संजय अरोड़ा सहित मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) जितेंद्र कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट हरी गिरी, उप जिलाधिकारी योगेश मेहरा, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, विकास तिवारी, हीरा सिंह, लव शर्मा, आशु चौधरी, मनोज गौतम सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे

धामी सरकार के 5 साल पूरे: हरिद्वार से ‘सेवा, सुशासन और समर्पण’ अभियान का भव्य आगाज,,

30 जुलाई तक चलेगा ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान, हर ब्लॉक में लगेंगे जनकल्याण शिविर,,

59 लाभार्थी हुए सम्मानित, 40 धात्री माताओं को मिली महालक्ष्मी किट, सरकार ने गिनाईं विकास और सुशासन की बड़ी उपलब्धियां

हरिद्वार, 4 जुलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार के सफल पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शनिवार को हरिद्वार में ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ किया गया। ऋषिकुल आयुर्वेदिक महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यक्रम में सरकार की पांच वर्षों की उपलब्धियों को जनता के सामने रखा गया तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित कर विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संबोधन का सजीव प्रसारण देखा और सुना। पूरे सभागार में सरकार की उपलब्धियों, सुशासन और जनसेवा को लेकर उत्साह का माहौल दिखाई दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड ने पिछले पांच वर्षों में विकास, सुशासन और पारदर्शिता के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करना, नकल विरोधी कानून, सशक्त भू-कानून, राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन तथा जी-20 सम्मेलन जैसे बड़े आयोजनों ने उत्तराखंड की पहचान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत की है। उन्होंने कहा कि धामी सरकार सेवा, सुशासन और समर्पण की भावना के साथ प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से अब तक 33 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिल चुकी हैं, जो सरकार की पारदर्शिता और युवाओं के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में निवेश, उद्योग, पर्यटन और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंच रहा है। सरकार का लक्ष्य युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उत्तराखंड को रोजगार के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाना है।रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री के पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम सरकार की जनसेवा के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड की प्रति व्यक्ति वार्षिक आय बढ़कर 2.76 लाख रुपये से अधिक हो गई है, जो राज्य की आर्थिक प्रगति को दर्शाती है।

उन्होंने कहा कि हरिद्वार जनपद में सड़क, सीवरेज, पेयजल, जल जीवन मिशन, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। विशेष रूप से जगजीतपुर मेडिकल कॉलेज शुरू होने से हरिद्वार सहित आसपास के क्षेत्रों की स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी और लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

कार्यक्रम में मेयर किरण जैसल, रुड़की नगर निगम की मेयर अनीता अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल, ओमप्रकाश जमदग्नि, नितिन गौतम, आदेश सैनी तथा संजय अरोड़ा सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने भी सरकार के पांच वर्षों की उपलब्धियों और विकास कार्यों पर विस्तार से अपने विचार व्यक्त किए।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार 30 जुलाई तक ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान पूरे जनपद में चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत सभी विकासखंड मुख्यालयों पर विभिन्न विभागों के संयुक्त सहयोग से जनकल्याण शिविर आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि इन शिविरों में लोगों को सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ा जाएगा। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर सरकार की योजनाओं का लाभ उठाएं।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले 19 लाभार्थियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया, जबकि बाल विकास विभाग की ओर से मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना के तहत 40 धात्री महिलाओं को महालक्ष्मी किट वितरित की गई। इस प्रकार कुल 59 लाभार्थियों को कार्यक्रम में सम्मान एवं लाभ प्रदान किया गया।

सम्मानित होने वालों में मत्स्य विभाग के दो, पशुपालन विभाग के छह, कृषि विभाग के पांच तथा उद्यान विभाग के छह प्रगतिशील किसान शामिल रहे। इन किसानों और लाभार्थियों को सम्मानित कर सरकार ने कृषि, पशुपालन, मत्स्य पालन और उद्यानिकी के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित आकर्षक स्टॉल भी लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से लोगों को सरकार की योजनाओं, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई गई। बड़ी संख्या में लोगों ने इन स्टॉलों का अवलोकन कर विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों तथा आमजन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम का उद्देश्य सरकार और जनता के बीच संवाद को मजबूत करना तथा योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. नरेश चौधरी एवं विनोद प्रसाद मिश्रा ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर स्कूली छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में सांस्कृतिक गरिमा का वातावरण बनाया।

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) जितेंद्र कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट हरी गिरी, उप जिलाधिकारी योगेश मेहरा, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, विकास तिवारी, हीरा सिंह, लव शर्मा, आशु चौधरी, मनोज गौतम सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।

हरिद्वार में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से राज्य सरकार ने स्पष्ट संदेश दिया कि आने वाले दिनों में जनकल्याणकारी योजनाओं को और अधिक प्रभावी ढंग से आम जनता तक पहुंचाया जाएगा तथा ‘सेवा, सुशासन और समर्पण’ की भावना के साथ विकास की गति को और तेज किया जाएगा। 30 जुलाई तक चलने वाला सेवा पखवाड़ा अभियान जनभागीदारी बढ़ाने, पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने और सरकार की उपलब्धियों को गांव-गांव तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।

Related Articles

Back to top button