एक इंस्टाग्राम रील ने खोला लाखों की चोरी का राज! नौकरानी के शौक ने पहुंचाया सलाखों के पीछे,, देहरादून में 10 लाख के हीरे-सोने के गहने चोरी करने वाली पूर्व घरेलू सहायिका गिरफ्तार, सोशल मीडिया पोस्ट से हुआ खुलासा,, मालकिन ने इंस्टाग्राम पर पहचाना अपना हीरे का हार, राजपुर पुलिस ने एक साल पुरानी चोरी की गुत्थी सुलझाई

एक इंस्टाग्राम रील ने खोला लाखों की चोरी का राज! नौकरानी के शौक ने पहुंचाया सलाखों के पीछे,,
देहरादून में 10 लाख के हीरे-सोने के गहने चोरी करने वाली पूर्व घरेलू सहायिका गिरफ्तार, सोशल मीडिया पोस्ट से हुआ खुलासा,,
मालकिन ने इंस्टाग्राम पर पहचाना अपना हीरे का हार, राजपुर पुलिस ने एक साल पुरानी चोरी की गुत्थी सुलझाई
देहरादून। देहरादून में एक साल पहले हुई करीब 10 लाख रुपये के हीरे और सोने के गहनों की चोरी का हैरान कर देने वाला खुलासा हुआ है। चोरी की आरोपी पूर्व घरेलू सहायिका अपनी ही गलती से पुलिस के शिकंजे में आ गई। इंस्टाग्राम पर चोरी का हीरे का हार पहनकर रील और तस्वीरें साझा करना उसे भारी पड़ गया। मालकिन ने हार को पहचान लिया और पुलिस को सूचना दे दी।
राजपुर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विमला पत्नी रंजीत, मूल निवासी चकगामा, लखीमपुर खीरी (उत्तर प्रदेश) एवं वर्तमान निवासी बापू नगर, जाखन, देहरादून को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से करीब 10 लाख रुपये कीमत के हीरे और सोने के आभूषण भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, सिक्का किमाया ग्रीन आईटी पार्क निवासी नितिशा वत्स के घर में विमला घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थी। इसी दौरान उसने परिवार का भरोसा जीतकर लॉकर से हीरे का हार और अन्य सोने के आभूषण चोरी कर लिए थे। घटना के बाद वह काम छोड़कर चली गई और मामला लंबे समय तक अनसुलझा रहा।
करीब एक साल बाद आरोपी ने इंस्टाग्राम पर चोरी का हीरे का हार पहनकर रील और फोटो पोस्ट कर दी। संयोग से नितिशा वत्स की नजर उन तस्वीरों पर पड़ी और उन्होंने तुरंत अपने गहनों की पहचान कर ली। इसके बाद उन्होंने राजपुर पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली, जिसके बाद उसके कब्जे से चोरी किए गए हीरे और सोने के आभूषण बरामद कर लिए गए।
पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर दिखावा करने की चाह ने आरोपी की एक साल पुरानी चोरी का पर्दाफाश कर दिया। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।



