डीएम मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर की कांवड़ यात्रियों व आमजन से जनहित अपील: नियमों का पालन करें, सुरक्षित और शांतिपूर्ण बनाएं कांवड़ यात्रा,, प्रशासन और पुलिस ने श्रद्धालुओं से संयम, सहयोग और यातायात व्यवस्था का पालन करने की अपील की; आमजन से भी सहयोग की अपेक्षा,,

डीएम मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर की कांवड़ यात्रियों व आमजन से जनहित अपील: नियमों का पालन करें, सुरक्षित और शांतिपूर्ण बनाएं कांवड़ यात्रा,,
प्रशासन और पुलिस ने श्रद्धालुओं से संयम, सहयोग और यातायात व्यवस्था का पालन करने की अपील की; आमजन से भी सहयोग की अपेक्षा,,
हरिद्वार।
कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने कांवड़ यात्रियों तथा आमजन से जनहित में महत्वपूर्ण अपील जारी की है। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था, अनुशासन और सेवा का पर्व है। सभी श्रद्धालु प्रशासन द्वारा निर्धारित व्यवस्थाओं का पालन करते हुए अपनी यात्रा पूरी करें और हरिद्वार की गरिमा बनाए रखें।
डीएम मयूर दीक्षित ने श्रद्धालुओं से अपील की कि केवल निर्धारित कांवड़ मार्गों का ही उपयोग करें, अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन और पुलिस की सहायता लें। उन्होंने कहा कि गंगा स्नान के दौरान विशेष सावधानी बरतें, प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश न करें तथा बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि हरिद्वार पुलिस आपकी सुरक्षा के लिए 24 घंटे मुस्तैद है। श्रद्धालु यातायात नियमों का पालन करें, वाहन निर्धारित पार्किंग में ही खड़े करें और किसी भी प्रकार की हुड़दंग, स्टंटबाजी, तेज रफ्तार या कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों से दूर रहें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि यात्रा अवधि के दौरान जारी ट्रैफिक प्लान का पालन करें, अनावश्यक यात्रा से बचें, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें तथा प्रशासन और पुलिस का सहयोग करें ताकि कांवड़ यात्रा सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
डीएम मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि सभी के सहयोग से ही हरिद्वार की पहचान सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित धार्मिक नगरी के रूप में बनी रहेगी। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से शिवभक्ति के साथ अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी निभाने की अपील करते हुए सभी को सुरक्षित एवं मंगलमय कांवड़ यात्रा की शुभकामनाएं दीं।



