उत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरें

कांवड़ यात्रा 2026 में DM-SSP की जोड़ी ने संभाला मोर्चा, व्यवस्थाओं को लेकर हरिद्वार में गूंजा ‘सलाम’ विशाल कांवड़ मेले के बीच सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर प्रशासन की पैनी नजर, ग्राउंड जीरो पर लगातार सक्रिय रहे डीएम मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर,, पुलिस-प्रशासन की टीम ने दिन-रात ड्यूटी निभाकर संभाली करोड़ों शिवभक्तों की भीड़, कांवड़ यात्रा के सफल संचालन पर मिल रही सराहना

कांवड़ यात्रा 2026 में DM-SSP की जोड़ी ने संभाला मोर्चा, व्यवस्थाओं को लेकर हरिद्वार में गूंजा ‘सलाम’

विशाल कांवड़ मेले के बीच सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर प्रशासन की पैनी नजर, ग्राउंड जीरो पर लगातार सक्रिय रहे डीएम मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर,,

पुलिस-प्रशासन की टीम ने दिन-रात ड्यूटी निभाकर संभाली करोड़ों शिवभक्तों की भीड़, कांवड़ यात्रा के सफल संचालन पर मिल रही सराहना

हरिद्वार। कांवड़ यात्रा 2026 अब अपने अंतिम चरण में है और धर्मनगरी हरिद्वार से करोड़ों की संख्या में शिवभक्त गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो चुके हैं। इतनी विशाल और चुनौतीपूर्ण यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को व्यवस्थित बनाए रखना पुलिस और प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती रही। हालांकि, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के नेतृत्व में पुलिस-प्रशासनिक टीम ने लगातार ग्राउंड जीरो पर सक्रिय रहकर व्यवस्थाओं को संभाला।कांवड़ मेले के दौरान हरिद्वार में लगातार बढ़ते श्रद्धालुओं के दबाव के बीच प्रशासन की ओर से प्रमुख मार्गों, घाटों, पार्किंग स्थलों और कांवड़ पटरी मार्गों पर विशेष निगरानी रखी गई। वहीं पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर भी व्यापक इंतजाम किए।

फोर व्हीलर से लेकर बाइक तक, ग्राउंड जीरो पर नजर

कांवड़ मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर कई मौकों पर खुद सड़कों पर नजर आए। भीड़ के बीच फोर व्हीलर से ग्राउंड जायजा लेना मुश्किल हुआ तो एसएसपी बाइक पर सवार होकर पुलिस टीम के साथ सड़कों पर उतर गए और यातायात तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं को करीब से परखा। एसएसपी का यह अंदाज पुलिसकर्मियों के साथ-साथ आम लोगों के बीच भी चर्चा का विषय बना। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेने के साथ ही उन्होंने ड्यूटी प्वाइंट पर मौजूद जवानों का हौसला भी बढ़ाया।

दिन-रात ड्यूटी में जुटी रही पुलिस टीम

कांवड़ मेले में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों और अधिकारियों की तैनाती की गई। भीड़ बढ़ने के साथ ही यातायात व्यवस्था, रूट डायवर्जन, पार्किंग और संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखी गई। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और जरूरत के अनुसार तत्काल दिशा-निर्देश दिए।

वहीं, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने भी प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विभिन्न व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा की। जिला प्रशासन की टीम ने स्वास्थ्य, पेयजल, सफाई, पार्किंग और अन्य आवश्यक सुविधाओं पर भी निगरानी बनाए रखी।

ड्यूटी के बीच कांस्टेबल देवेंद्र का मनाया जन्मदिन

कांवड़ मेले की ड्यूटी के बीच पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाने वाला एक भावुक पल भी देखने को मिला। हरिलोक तिराहे पर ड्यूटी में तैनात कांस्टेबल देवेंद्र का जन्मदिन अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने सड़क पर ही केक काटकर मनाया।

व्यस्त ड्यूटी के बीच पुलिस अधिकारियों द्वारा जवान का जन्मदिन मनाकर उसका हौसला बढ़ाना पुलिस परिवार के आपसी जुड़ाव और टीम भावना को दर्शाता है। इस दौरान मौजूद पुलिसकर्मियों ने देवेंद्र को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

हरिद्वार की ओर से पुलिस-प्रशासन को धन्यवाद

कांवड़ यात्रा के अंतिम चरण में पहुंचने के साथ ही स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं की ओर से भी पुलिस और प्रशासन की व्यवस्थाओं को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने के बावजूद व्यवस्था बनाए रखना आसान काम नहीं था।

डीएम मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के नेतृत्व में पुलिस एवं प्रशासनिक टीम की सक्रियता ने कांवड़ यात्रा को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। हरिद्वार की जनता और शिवभक्तों की ओर से पूरी पुलिस-प्रशासनिक टीम को धन्यवाद और आभार जताया जा रहा है।

हर-हर महादेव! 🔱🚩

Related Articles

Back to top button