ज्वालापुर में फायरिंग के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार, हथियार और फॉर्च्यूनर कार बरामद….. प्रॉपर्टी डीलर गुड्डू चौधरी समेत चार गिरफ्तार, एक आरोपी फरार; कर्मचारी पर जानलेवा हमला करने का आरोप

ज्वालापुर में फायरिंग के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार, हथियार और फॉर्च्यूनर कार बरामद…..
प्रॉपर्टी डीलर गुड्डू चौधरी समेत चार गिरफ्तार, एक आरोपी फरार; कर्मचारी पर जानलेवा हमला करने का आरोप
हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के सुभाष नगर में फायरिंग कर एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में प्रॉपर्टी डीलर गुड्डू चौधरी भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन हथियार, जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस और घटना में इस्तेमाल फॉर्च्यूनर कार बरामद की है। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, सुभाष नगर निवासी निशान्त यादव ने शिकायत देकर बताया था कि 12 और 13 नवंबर की रात कुछ लोगों ने उस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। आरोप है कि विवाद के बाद पांच लोग गाड़ियों में सवार होकर पहुंचे और वारदात को अंजाम दिया। शिकायत के आधार पर कोतवाली ज्वालापुर में मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार ने आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। एसपी सिटी और सीओ ज्वालापुर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक चन्द्रभान सिंह अधिकारी के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की।
13 नवंबर को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर थाना बुग्गावाला क्षेत्र से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुड्डू चौधरी निवासी शिवालिक नगर, मनोज कुमार निवासी बिटावड़ा थाना बुढ़ाना जिला मुजफ्फरनगर, अंकुर वर्मा उर्फ हन्नी और हरेंद्र चौधरी उर्फ सोनू निवासी टिहरी विस्थापित कॉलोनी रानीपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से .315 बोर की राइफल, 12 बोर की पंप एक्शन गन और .32 बोर की देशी पिस्टल बरामद की है। इसके अलावा 16 जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, दो मैगजीन और फॉर्च्यूनर कार संख्या UK08 BQ 9009 भी बरामद की गई है।
पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई हैं। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में बाजार चौकी प्रभारी उप निरीक्षक पुष्कर सिंह चौहान समेत हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र और कांस्टेबल उमेद सिंह, सत्येंद्र सिंह, नवीन छेत्री, हुकुम सिंह, रवि चौहान और संदीप कुमार शामिल रहे।



