लक्सर में जानलेवा फायरिंग कांड का एक और आरोपी गिरफ्तार, एक साल से फरार चल रहे जाहिद को पुलिस ने दबोचा,, रणसूरा गांव में ढोल बजाकर कराई गई थी मुनादी, ठिकाने बदलकर बचने की कोशिश भी हुई नाकाम,, मुख्य आरोपी पहले ही हो चुका है गिरफ्तार, अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की लगातार दबिश

लक्सर में जानलेवा फायरिंग कांड का एक और आरोपी गिरफ्तार, एक साल से फरार चल रहे जाहिद को पुलिस ने दबोचा,,
रणसूरा गांव में ढोल बजाकर कराई गई थी मुनादी, ठिकाने बदलकर बचने की कोशिश भी हुई नाकाम,,
मुख्य आरोपी पहले ही हो चुका है गिरफ्तार, अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की लगातार दबिश
हरिद्वार। जनपद हरिद्वार के लक्सर क्षेत्र के ग्राम रणसूरा में हुए जानलेवा फायरिंग कांड में हरिद्वार पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। करीब एक वर्ष से फरार चल रहे आरोपी जाहिद पुत्र यासीन निवासी ग्राम रणसूरा को कोतवाली लक्सर पुलिस ने सटीक मुखबिर सूचना के आधार पर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था, लेकिन पुलिस की सतर्कता और लगातार दबिश के चलते आखिरकार कानून के शिकंजे में आ गया।
पुलिस के अनुसार, 14 मई 2026 को ग्राम रणसूरा निवासी गुफरान पुत्र मुर्सलीन ने कोतवाली लक्सर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि विपक्षी पक्ष ने एक राय होकर उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। शिकायत के आधार पर कोतवाली लक्सर में मु.अ.सं. 450/2026 के तहत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी लक्सर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक लक्सर के नेतृत्व में लगातार दबिश दी जा रही थी।
पुलिस ने बताया कि इस मामले का मुख्य आरोपी और मास्टरमाइंड अनीश पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहे थे। फरार आरोपी जाहिद गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार स्थान बदल रहा था। पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की। न्यायालय के आदेश पर उसे उद्घोषित अपराधी (Proclaimed Offender) घोषित कराया गया और गांव में ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी भी कराई गई।
इसके बावजूद आरोपी कानून से बच नहीं सका। 29 जून 2026 को पुलिस ने सटीक गुप्त सूचना के आधार पर ग्राम रणसूरा क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी जाहिद को गिरफ्तार कर लिया।
हरिद्वार पुलिस का कहना है कि अपराध कर फरार होना किसी भी आरोपी को कानून से नहीं बचा सकता। पुलिस तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर लगातार कार्रवाई कर रही है। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी:
- जाहिद पुत्र यासीन, निवासी ग्राम रणसूरा, थाना कोतवाली लक्सर, जनपद हरिद्वार।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम:
- प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी
- वरिष्ठ उपनिरीक्षक नितिन चौहान
- उपनिरीक्षक दीपक चौधरी (चौकी प्रभारी भिक्कमपुर)
- हेड कांस्टेबल रियाज अली
- हेड कांस्टेबल विनोद कुमार



