बुग्गावाला फायरिंग कांड में हरिद्वार पुलिस का एक और बड़ा वार! 10-10 हजार के तीन इनामी आरोपी गिरफ्तार,, चौकीदार को गोली मारकर फैक्ट्री में बड़ी वारदात की फिराक में था गिरोह; कप्तान नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशन में पुलिस ने खोली अपराधियों की पूरी कुंडली,, मुठभेड़ में एक आरोपी पहले ही चढ़ चुका था पुलिस के हत्थे, अब तीन और गिरफ्तार; तमंचा, कारतूस और मोबाइल बरामद, फरार साथियों की तलाश जारी,,

बुग्गावाला फायरिंग कांड में हरिद्वार पुलिस का एक और बड़ा वार! 10-10 हजार के तीन इनामी आरोपी गिरफ्तार,,
चौकीदार को गोली मारकर फैक्ट्री में बड़ी वारदात की फिराक में था गिरोह; कप्तान नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशन में पुलिस ने खोली अपराधियों की पूरी कुंडली,,
मुठभेड़ में एक आरोपी पहले ही चढ़ चुका था पुलिस के हत्थे, अब तीन और गिरफ्तार; तमंचा, कारतूस और मोबाइल बरामद, फरार साथियों की तलाश जारी,,
हरिद्वार के बुग्गावाला थाना क्षेत्र में स्थित बंद पड़ी बायोडीजल फैक्ट्री में चौकीदार को गोली मारकर सनसनी फैलाने वाले गिरोह के खिलाफ हरिद्वार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन और इनामी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के तहत पुलिस ने उन अपराधियों को दबोचा है जो घटना के बाद से लगातार फरार चल रहे थे और जिन पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
9 जून को अमानतगढ़ क्षेत्र स्थित बंद पड़ी फैक्ट्री में हुई इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी थी। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने कई दिनों तक फैक्ट्री की रेकी की थी और बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई थी। लेकिन मौके पर मौजूद चौकीदार ने उनकी गतिविधियों को भांप लिया और विरोध किया। खुद को पकड़े जाने की आशंका में अपराधियों ने चौकीदार पर फायर झोंक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।


एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर बुग्गावाला पुलिस, सीआईयू रुड़की और सीआईयू हरिद्वार की संयुक्त टीमों ने तकनीकी और मैनुअल पुलिसिंग का सहारा लेते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार दबिश दी। घटनास्थल के आसपास के मार्गों, संदिग्ध ठिकानों और यूपी बॉर्डर पर विशेष निगरानी रखी गई। इसी दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली और तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त एक तमंचा, एक खोखा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह के सदस्य उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में चोरी, लूट, डकैती और अन्य संगीन अपराधों में शामिल रहे हैं। इनके खिलाफ कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। वारदात में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बुग्गावाला फायरिंग कांड के खुलासे और लगातार हो रही गिरफ्तारियों ने यह संदेश दिया है कि हरिद्वार पुलिस अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शने के मूड में नहीं है। अपराध की योजना चाहे कितनी भी सुनियोजित क्यों न हो, कानून के लंबे हाथ आखिरकार अपराधियों तक पहुंच ही जाते हैं।



