हरिद्वार पुलिस का नया एक्शन प्लान तैयार! गैंगबाजी, रीलबाजी और दबंगई पर चलेगा सख्त कानून का डंडा,, क्राइम मीटिंग में एसएसपी नवनीत सिंह का स्पष्ट संदेश— अपराध रोकना प्राथमिकता, कांवड़ यात्रा से पहले हर मोर्चे पर पुलिस को रहना होगा अलर्ट,,

हरिद्वार पुलिस का नया एक्शन प्लान तैयार! गैंगबाजी, रीलबाजी और दबंगई पर चलेगा सख्त कानून का डंडा,,
क्राइम मीटिंग में एसएसपी नवनीत सिंह का स्पष्ट संदेश— अपराध रोकना प्राथमिकता, कांवड़ यात्रा से पहले हर मोर्चे पर पुलिस को रहना होगा अलर्ट,,
हरिद्वार पुलिस की मासिक अपराध समीक्षा बैठक में इस बार अपराध नियंत्रण, गैंग संस्कृति, सोशल मीडिया पर बढ़ती रीलबाजी और आगामी कांवड़ यात्रा की तैयारियां प्रमुख मुद्दे रहे। पुलिस कार्यालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित क्राइम मीटिंग की अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने साफ शब्दों में कहा कि कानून को चुनौती देने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और अपराध होने से पहले उसे रोकना ही पुलिस की पहली जिम्मेदारी है।
माह मई के दौरान जनपद में घटित अपराधों, उनके खुलासों और लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों और क्षेत्राधिकारियों को अधिक सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए। बैठक में एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक निशा यादव, एसपी सिटी अभय सिंह, एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल सहित जिले के सभी पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में सबसे अधिक चिंता उन युवाओं को लेकर व्यक्त की गई जो कम उम्र में गैंग बनाकर क्षेत्र में दबंगई और उपद्रव की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। एसएसपी ने कहा कि 20 से 22 वर्ष की आयु में अपराध की राह पकड़ने वाले युवाओं को चिन्हित कर उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए। आवश्यकता पड़ने पर काउंसलिंग और अन्य उपायों के माध्यम से उन्हें सही दिशा में लाने का भी प्रयास किया जाए।
सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों के साथ वीडियो और रील बनाकर माहौल बिगाड़ने वालों पर भी पुलिस की पैनी नजर रहेगी। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि अवैध असलहों के प्रदर्शन और सोशल मीडिया पर अपराधी छवि बनाने की कोशिश करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के दौरान कनखल, कलियर और हरिद्वार नगर क्षेत्र के तीन चर्चित बच्चा चोरी मामलों के सफल खुलासे की विशेष सराहना की गई। बच्चों की सकुशल बरामदगी में शामिल पुलिस टीमों की मेहनत की प्रशंसा करते हुए एसएसपी ने इसे हरिद्वार पुलिस की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
हाल ही में सम्पन्न हुए सोमवती अमावस्या स्नान पर्व का भी बैठक में उल्लेख हुआ। लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच पुलिस द्वारा सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संभालने पर एसएसपी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की पीठ थपथपाई। उन्होंने कहा कि पुलिस मुख्यालय स्तर पर भी हरिद्वार पुलिस के कार्यों की सराहना की गई है।
आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर भी बैठक में विस्तृत चर्चा हुई। एसएसपी ने निर्देश दिए कि यात्रा से संबंधित सभी निर्माण, मरम्मत, उपकरणों और सुरक्षा व्यवस्थाओं को समय से पूरा किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक के अंत में लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, सत्यापन अभियान, महिला अपराधों में संवेदनशील कार्रवाई, डायल-112 शिकायतों के त्वरित समाधान तथा बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित चेकिंग को लेकर भी सख्त निर्देश जारी किए गए। एसएसपी का संदेश स्पष्ट था— हरिद्वार में कानून का राज कायम रहेगा और अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं होगी।



