हरिद्वार में ‘पिल्ला गैंग’ पर पुलिस का एक और बड़ा प्रहार! कांवड़िये पर गोली चलाने वाला गैंग का शूटर दबोचा गया,, ऑपरेशन प्रहार से कांप रहा ‘पिल्ला गैंग’; अब तक 7 आरोपी गिरफ्तार, गैंग को जड़ से खत्म करने के मिशन में जुटी कनखल पुलिस,, मामूली कहासुनी को खूनी वारदात में बदलने वाले गैंग पर शिकंजा कसता जा रहा; अवैध तमंचे सहित गिरफ्तार आरोपी से पुलिस कर रही गहन पूछताछ,,

हरिद्वार में ‘पिल्ला गैंग’ पर पुलिस का एक और बड़ा प्रहार! कांवड़िये पर गोली चलाने वाला गैंग का शूटर दबोचा गया,,
ऑपरेशन प्रहार से कांप रहा ‘पिल्ला गैंग’; अब तक 7 आरोपी गिरफ्तार, गैंग को जड़ से खत्म करने के मिशन में जुटी कनखल पुलिस,,
मामूली कहासुनी को खूनी वारदात में बदलने वाले गैंग पर शिकंजा कसता जा रहा; अवैध तमंचे सहित गिरफ्तार आरोपी से पुलिस कर रही गहन पूछताछ,,
हरिद्वार। हरिद्वार में लंबे समय से मारपीट, दबंगई और आपराधिक गतिविधियों को लेकर चर्चा में रहे ‘पिल्ला गैंग’ के खिलाफ हरिद्वार पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंग के सक्रिय सदस्य और कांवड़िये पर फायरिंग करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशन में चल रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कनखल पुलिस लगातार गैंग के सदस्यों को सलाखों के पीछे पहुंचाने में जुटी हुई है।
पुलिस के अनुसार 1 जून 2026 को गुरुकुल कांगड़ी क्षेत्र में कांवड़ यात्रा के दौरान कुछ युवकों और कांवड़ियों के बीच कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और आरोपियों ने फायरिंग, मारपीट और धमकी जैसी घटनाओं को अंजाम दे दिया। इस दौरान एक कांवड़िया घायल हो गया था। घटना के बाद पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए कनखल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी थी।
जांच के दौरान सामने आया कि वारदात में ‘पिल्ला गैंग’ के सदस्य शामिल थे। पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए पहले कई आरोपियों को गिरफ्तार किया और अब गैंग के एक और सदस्य सत्यम जाट को दबोच लिया है। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा भी बरामद किया गया है।
कनखल पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में बढ़ती गैंग गतिविधियों और लगातार मिल रही शिकायतों को देखते हुए विशेष रणनीति तैयार की गई थी। सादे वस्त्रों में पुलिसकर्मियों को जगजीतपुर, पीठ पुलिया, फुटबॉल ग्राउंड और गुरुकुल कांगड़ी जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात किया गया था। इसी सतर्क निगरानी और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ‘पिल्ला गैंग’ को पूरी तरह समाप्त करने का अभियान जारी रहेगा। गैंग से जुड़े अन्य संदिग्धों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। कानून हाथ में लेने वालों और आम लोगों में भय का माहौल पैदा करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर का कहना है कि जिले में अपराध और गुंडागर्दी को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऑपरेशन प्रहार के माध्यम से पुलिस न केवल अपराधियों को गिरफ्तार कर रही है, बल्कि ऐसे गैंगों की जड़ों तक पहुंचकर उनके नेटवर्क को भी ध्वस्त करने की दिशा में काम कर रही है।
पुलिस का स्पष्ट संदेश है— हरिद्वार में कानून का राज चलेगा, गैंगबाजी नहीं। ‘पिल्ला गैंग’ के खिलाफ लगातार हो रही कार्रवाई को इसी दिशा में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।



