उत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरें

हरिद्वार में परिवहन विभाग का बड़ा प्रहार! दो दिन में 67 से अधिक ई-रिक्शा और ऑटो-रिक्शा सीज, नियम तोड़ने वालों में मचा हड़कंप,, DM मयूर दीक्षित के निर्देश पर एआरटीओ निखिल शर्मा और नेहा झा की संयुक्त कार्रवाई; बिना सत्यापन, फिटनेस और वैध दस्तावेजों के सड़कों पर दौड़ रहे वाहनों पर चला सख्त शिकंजा,, चारधाम यात्रा और सोमवती अमावस्या से पहले सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, 30 वाहनों के चालान, अवैध संचालन करने वालों को दी कड़ी चेतावनी,,

हरिद्वार में परिवहन विभाग का बड़ा प्रहार! दो दिन में 67 से अधिक ई-रिक्शा और ऑटो-रिक्शा सीज, नियम तोड़ने वालों में मचा हड़कंप,,

DM मयूर दीक्षित के निर्देश पर एआरटीओ निखिल शर्मा और नेहा झा की संयुक्त कार्रवाई; बिना सत्यापन, फिटनेस और वैध दस्तावेजों के सड़कों पर दौड़ रहे वाहनों पर चला सख्त शिकंजा,,

चारधाम यात्रा और सोमवती अमावस्या से पहले सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, 30 वाहनों के चालान, अवैध संचालन करने वालों को दी कड़ी चेतावनी,,

इन्तजार रज़ा, हरिद्वार…चारधाम यात्रा, सोमवती अमावस्या स्नान पर्व और लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच हरिद्वार प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने के लिए बड़ा अभियान छेड़ दिया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर परिवहन विभाग ने दो दिनों तक चलाए गए विशेष प्रवर्तन अभियान में बिना सत्यापन, बिना फिटनेस, बिना परमिट और नियमों का उल्लंघन कर सड़कों पर दौड़ रहे वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए 67 से अधिक ई-रिक्शा, ऑटो और विक्रम वाहनों को सीज कर दिया।

परिवहन विभाग की इस कार्रवाई से अवैध रूप से वाहन संचालित करने वालों में हड़कंप मच गया। रेलवे स्टेशन, वाल्मीकि चौक, कर्नाटक भवन और आसपास के क्षेत्रों में दिनभर चली सघन जांच के दौरान अधिकारियों ने एक-एक वाहन के दस्तावेजों की बारीकी से जांच की।

11 जून को चलाए गए पहले बड़े अभियान में 50 से अधिक ई-रिक्शाओं को सीज किया गया। जांच में सामने आया कि बड़ी संख्या में ई-रिक्शा बिना निर्धारित सत्यापन के संचालित किए जा रहे थे। अधिकारियों ने ऐसे वाहनों को यात्रियों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा बताते हुए तत्काल कार्रवाई की।इसके बाद 12 जून को भी परिवहन विभाग ने अभियान जारी रखते हुए सार्वजनिक परिवहन वाहनों, ऑटो-रिक्शा, विक्रम और ई-रिक्शाओं की व्यापक जांच की। इस दौरान फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। अनियमितताएं मिलने पर 30 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 07 ऑटो और विक्रम वाहनों के साथ 10 ई-रिक्शाओं को सीज कर दिया गया।

अभियान का नेतृत्व कर रहे एआरटीओ (प्रशासन) निखिल शर्मा ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान हरिद्वार में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। ऐसे में यात्री सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना सत्यापन, बिना फिटनेस अथवा आवश्यक दस्तावेजों के वाहन संचालन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

वहीं एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा ने कहा कि परिवहन विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं और नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी वाहन को बख्शा नहीं जाएगा। सड़क सुरक्षा और जनहित सर्वोपरि है तथा अवैध संचालन पर भविष्य में और भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।परिवहन कर अधिकारी रविंद्र पाल सैनी सहित विभागीय प्रवर्तन टीम ने अभियान के दौरान वाहन चालकों को जागरूक भी किया। चालकों से कहा गया कि वे अपने सभी दस्तावेज अद्यतन रखें और मोटर वाहन अधिनियम का पूर्ण पालन करें।

चारधाम यात्रा, पर्यटन सीजन और आगामी स्नान पर्वों को देखते हुए प्रशासन यातायात व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सतर्क दिखाई दे रहा है। रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और प्रमुख धार्मिक स्थलों के आसपास बिना अनुमति अथवा नियमों के विपरीत संचालित वाहनों पर लगातार नजर रखी जा रही है।प्रशासन का मानना है कि बिना सत्यापन और दस्तावेजों के संचालित ई-रिक्शा न केवल यातायात व्यवस्था को प्रभावित करते हैं बल्कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए भी खतरा बन सकते हैं। इसी कारण परिवहन विभाग ने स्पष्ट संकेत दे दिया है कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी ऐसे औचक अभियान जारी रहेंगे।

हरिद्वार में चल रही इस कार्रवाई को परिवहन विभाग की अब तक की सबसे बड़ी प्रवर्तन कार्रवाइयों में से एक माना जा रहा है। चारधाम यात्रा और स्नान पर्वों के दौरान सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में दिखाई दे रहा है।

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button